Overview:
वैसे तो अब भुट्टे पूरे साल आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन बारिश के मौसम इसे खाने का मजा ही कुछ और है। भुट्टे को सेहत के लिए 'गोल्ड' बोल सकते हैं। इसे खाने के ढेरों फायदे हैं।
Corn Benefits for Weight Loss: मानसून के मौसम में गर्मागर्म भुट्टे खाने का मजा ही कुछ और है। वैसे तो अब भुट्टे पूरे साल आसानी से मिल जाते हैं। लेकिन बारिश के मौसम इसे खाने का मजा ही कुछ और है। भुट्टे को सेहत के लिए ‘गोल्ड’ बोल सकते हैं। इसे खाने के ढेरों फायदे हैं। भुट्टे के सुनहरे दाने विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह वजन कम करने में भी मददगार है।
जानिए क्यों फायदेमंद है भुट्टा

जर्नल ऑफ द एकेडमी ऑफ न्यूट्रिशन एंड डाइटेटिक्स में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार भुट्टे फाइबर से भरपूर होते हैं। यही कारण है कि जो लोग भुट्टे से बनने वाले पॉपकॉर्न खाते हैं, उन्हें दूसरों की तुलना में करीब 22% ज्यादा फाइबर मिलता है। जिससे पाचन तंत्र मजबूत होता है। भुट्टे के नियमित सेवन से कैंसर, टाइप 2 डायबिटीज, हार्ट डिजीज, पाचन संबंधी समस्याओं के साथ ही मोटापे से लड़ा जा सकता है।
हर दाने में है सेहत
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर के अनुसार भुट्टा फाइबर, कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, मैग्नीशियम और पोटेशियम से भरपूर होता है। इसमें थियामिन सहित विटामिन ए, सी और ई होता है। इसमें नेचुरल शुगर भी होती है, जिसके कारण आपको तुरंत एनर्जी मिलती है। यही कारण है कि भुट्टा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और पाचन तंत्र को स्वस्थ रखता है। यह ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल करता है।
खत्म करता है मीठे की क्रेविंग
भुट्टा डायबिटीज के मरीजों के लिए एक अच्छा विकल्प है। इससे ब्लड शुगर का लेवल स्थिर रहने में मदद मिलती है। यह मीठे की क्रेविंग खत्म करता है, क्योंकि इसमें नेचुरल शुगर होती है। भुट्टा एक लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स फल है। इसी के साथ यह ग्लूटेन फ्री भी होता है। ऐसे में यह डायबिटीज और ग्लूटेन संवेदनशील लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है। फिर भी इसे सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।
कम करता है कैंसर का खतरा
भुट्टा कैंसर के खतरे को भी काफी हद तक कम कर सकता है। भुट्टे में एंटीऑक्सीडेंट और फेरुलिक एसिड होता है। यह कैंसर कोशिकाओं से लड़ने में मददगार होता है। खासतौर पर लीवर और ब्रेस्ट कैंसर की रोकथाम में भुट्टा मददगार होता है। वहीं हाई फाइबर के कारण यह कोलोरेक्टल कैंसर के खतरे को भी कम करता है। यह स्वादिष्ट फल आपके दिल को सेहतमंद रखता है।
आंखों के लिए अच्छा
बहुत कम लोग जानते हैं कि भुट्टा आंखों की सेहत के लिए अच्छा होता है। इसमें ल्यूटिन और जेक्सैंथिन एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। ये दोनों ही आंखों की रोशनी बढ़ाने में मददगार होते हैं।
कब खाना चाहिए भुट्टा
भुट्टा एक प्रोटीन रिच फल है। ऐसे में आप दिन के किसी भी समय इसे खा सकते हैं। भुट्टे को आप कम कैलोरी स्नैक के रूप में भी खा सकते हैं। हाई फाइबर के कारण इससे आपका पेट जल्दी भरेगा और काफी देर तक आपको भूख नहीं लगेगी। भुट्टे को आप अपने वर्कआउट स्नैक के रूप में भी खा सकते हैं। क्योंकि इसमें कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और स्टार्च की मात्रा ज्यादा होती है।
ओवरईटिंग से ऐसे बचें
अगर आप ओवरईटिंग से बचना चाहते हैं तो खाने से पहले स्वीट कॉर्न सूप लें। इससे आपको फायदा मिलेगा। फाइबर से भरपूर होने के कारण इससे आपका पेट जल्दी भर जाता है और आपको तृप्ति का एहसास होता है। अगर आप लगातार पाचन संबंधी परेशानी जैसे ब्लोटिंग, गैस या कब्ज से जूझ रहे हैं तो भी आप भुट्टे का सेवन जरूर करें। यह इन समस्याओं में मददगार है।
