निवेश करने से पहले खुद से करें ये सवाल
अगर आप अपने पैसों को निवेश करने का मन बना रही हैं तो पहले खुद से कुछ सवाल जरूर पूछें।
Question Before Investment: आज के समय में जिस तरह से महंगाई बढ़ रही है, उसे देखते हुए फाइनेंशियली सही फैसले लेने की जरूरत होती है। पैसे बढ़ाने के लिए यह बेहद जरूरी है कि उसे सही जगह निवेश किया जाए। ऑनलाइन से लेकर ऑफलाइन तक हर कोई यही सलाह देता है कि अगर निवेश नहीं किया तो जिन्दगी की दौड़ में पीछे रह जाओगे। चाहे कम पैसों का ही सही, लेकिन निवेश करना बेहद जरूरी है।
हालांकि, बहुत से लोगों को इसकी समझ नहीं होती है और इसलिए वे बिना सोचे-समझे कभी शेयर में, कभी म्यूचुअल फंड में, तो कभी किसी भी स्कीम में पैसा लगा देते हैं। और ऐसे में जब मार्केट गिरती है तो उन्हें लगता है कि निवेश करना बेकार है। हो सकता है कि आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ हो। इसलिए, यह बेहद जरूरी है कि निवेश सोच-समझकर किया जाए और इसके लिए निवेश शुरू करने से पहले थोड़ा रुकना, सोचना और खुद से कुछ ईमानदार सवाल पूछना बहुत जरूरी है। ये सवाल ही आपको बताएंगे कि आप सही दिशा में जा रहे हैं या बस भीड़ का हिस्सा बनकर चल रहे हो-
आप निवेश क्यों करना चाहते हैं
जब आप निवेश करने का मन बना रहे हैं तो ऐसे में सबसे पहले अपना लक्ष्य साफ़ करें और खुद से पूछें कि आप निवेश क्यों करना चाहते हैं? क्या आपको घर खरीदना है या फिर आप बच्चों की पढ़ाई, रिटायरमेंट या बस भविष्य की बचत के लिए आप ऐसा कर रहे हैं। आपका लक्ष्य ही यह तय करेगा कि आपके लिए कहां और कितना निवेश करना सही रहेगा।
क्या आप जोखिम झेल सकते हैं

जब आप निवेश करते हैं तो उसमें कुछ जोखिम भी रहता है। इसलिए, पहले खुद से पूछें कि क्या आप जोखिम झेल सकते हैं। अगर बाजार गिर जाएगा तो क्या आप घबरा जाएंगे या आप नुकसान सहन कर पाएंगे। अगर जवाब हां है तो आप ज्यादा रिस्क वाले निवेश कर सकते हैं, क्योंकि इनमें फायदा भी ज्यादा होता है। वहीं, अगर आप नुकसान नहीं झेल सकते हैं तो ऐसे में कम जोखिम वाले निवेश बेहतर रहेंगे।
आप कितने समय के लिए निवेश कर सकते हैं
निवेश करते समय आपको खुद से यह भी जरूर पूछना चाहिए कि आप कितने समय के लिए निवेश कर सकते हैं। अगर आप कम समय के लिए निवेश करते हैं तो ऐसे में आपको कम रिस्क वाली जगह निवेश करना चाहिए। वहीं, अधिक समय के लिए निवेश करने से बढ़त की संभावना अधिक रहती है। याद रखें कि मार्केट शॉर्ट टर्म में ज्यादा रिस्की होता है।
क्या आपको निवेश की समझ है?

निवेश करने से पहले खुद से यह सवाल करना बेहद जरूरी है। खुद से पूछें कि क्या आपको निवेश की बेसिक समझ है। क्या आपको पता है कि म्यूचल फंड क्या होता है? एसआईपी कैसे काम करती है? शेयर मार्केट क्या है और एफडी व म्यूचल फंड में क्या अंतर है। अगर आपको जवाब पता नहीं है तो पहले इसके बारे में जानकारी हासिल करें और फिर पैसा लगाओ।
