Overview: OMAD नहीं 2MAD डाइट से कम होगा वजन, क्रेविंग पर भी लगेगी लगाम
2MAD डाइट एक इंटरमिटेंट फास्टिंग विधि है, जिसमें दिन में दो मुख्य मील किए जाते हैं। ये वजन कम करने में सहायक भूमिका निभा सकती है।
2MAD Diet Plan: आजकल वजन कम करना और स्वस्थ रहना हर किसी की प्राथमिकता है। इसके लिए कई तरह की डाइट अपनाई जा रही हैं। इनदिनों एक ऐसी डाइट लोकप्रिय हो रही है जो वजन कम करने के साथ ओवरऑल हेल्थ को टारगेट करती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं 2MAD (Two Meals a Day) की। OMAD में दिन में केवल एक बार भोजन किया जाता है, जबकि 2MAD डाइट में दिन में दो मील ली जाती हैं। यह एक प्रकार की इंटरमिटेंट फास्टिंग है, जो न केवल वजन कम करने में मदद करता है, बल्कि भूख और क्रेविंग को नियंत्रित करने में भी प्रभावी है। 2MAD डाइट क्या है और क्या फायदे व नुकसान है चलिए जानते हैं इसके बारे में।
क्या है 2MAD डाइट

2MAD डाइट एक इंटरमिटेंट फास्टिंग पैटर्न है, जिसमें दिन में दो मुख्य मील लिया जाता है। इस दौरान आप नाश्ता और दोपहर का भोजन या दोपहर और रात का मील चुन सकते हैं।
2MAD डाइट के फायदे
आसान और लचीलापन: दिन में केवल दो मील की योजना बनाना आसान है। यह भोजन और उपवास के समय में लचीलापन प्रदान करता है, जिससे इसे अपनी रुटीन में शामिल करना सरल हो जाता है।
भूख नियंत्रण और सेटिस्फेक्शन: दो बड़े मील करने से आप लंबे समय तक सेटिस्फाइड महसूस करते हैं। इससे अनावश्यक स्नैकिंग और क्रेविंग कम होती है।
बेहतर पाचन: भोजन के बीच लंबा अंतर पाचन तंत्र को आराम देता है, जिससे पोषक तत्वों का एबजॉब्शन बेहतर होता है।
वजन कम करना: कम कैलोरी का सेवन और भोजन की संख्या कम होने से वजन घटाने में मदद मिलती है। यह शरीर की चर्बी को जलाने में सहायक है।
2MAD डाइट के नुकसान
अधिक खाने का जोखिम: दो बड़े भोजन करने की अनुमति होने से कुछ लोग अधिक खा सकते हैं, जिससे कैलोरी इंटेक बढ़ जाता है और वजन बढ़ सकता है।
भूख की समस्या: शुरुआती दिनों में भोजन के बीच लंबे अंतराल के कारण भूख बढ़ सकती है। हालांकि, यह आमतौर पर कुछ समय बाद कम हो जाती है।
एनर्जी लेवल में उतार-चढ़ाव: कुछ लोग दो भोजन में पर्याप्त कैलोरी या पोषक तत्व न ले पाने के कारण लो एनर्जी फील कर सकते हैं।
2MAD डाइट को ऐसे बनाएं इफेक्टिव
हेल्दी चीजें चुनें: अपने खाने की अवधि में पौष्टिक और संतुलित भोजन लें। ताजे फल, फाइबर युक्त सब्जियां, स्वस्थ वसा (जैसे नट्स और एवोकाडो) और लीन प्रोटीन (जैसे चिकन, मछली या दाल) को शामिल करें।
हाइड्रेट रहें: उपवास के दौरान पानी, बिना चीनी की चाय या ब्लैक कॉफी पिएं। यह भूख को नियंत्रित करने और एनर्जी बनाए रखने में मदद करती हैं।
नियमित व्यायाम करें: रोजाना हल्की गतिविधि, जैसे टहलना या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, मेटाबॉलिज्म को बढ़ाती है और मूड को बेहतर करती है। फास्टिंग के दौरान व्यायाम करने से और बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
धैर्य और निरंतरता: इस डाइट को अपनाने में शरीर को समय लग सकता है। नियमितता बनाए रखें और प्रेरित रहें।
ये सेलिब्रिटी भी फॉलो करते हैं 2MAD डाइट

बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी 2MAD डाइट का पालन करती हैं। वह अपने घर के बने पौष्टिक भोजन पर ध्यान देती हैं। इसके अलावा राम कपूर, मोना सिंह और रोहित रॉय भी इस डाइट को फॉलो कर फैट टू फिट हुए हैं।
2MAD डाइट प्लान
16:8 विधि: सुबह 10 बजे नाश्ता (ओट्स, फल और नट्स) और शाम 6 बजे रात का भोजन ( ग्रिल्ड चिकन, सब्जियां और क्विनोआ)। बाकी समय पानी, चाय या कॉफी।
18:6 विधि: दोपहर 2 बजे पहला मील ( सलाद, दाल और ब्राउन राइस) और रात 8 बजे दूसरा मील ( मछली, पनीर, चीला और भुनी हुई सब्जियां)।
बरतें ये सावधानियां
– 2MAD डाइट शुरू करने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह लें, खासकर यदि आपको डायबिटीज या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हैं।
– अधिक भोजन करने से बचें, क्योंकि यह डाइट का उद्देश्य खराब कर सकता है।
– सुनिश्चित करें कि आपके भोजन में सभी आवश्यक पोषक तत्व शामिल हों।
