Overview:
कई बार रिश्ते में अपना 100 प्रतिशत देने के बावजूद आपको कुछ नहीं मिल पाता है। ऐसे में रिश्ते आपको मानसिक और भावनात्मक रूप से थका देते हैं। अगर आप लंबे समय से ऐसी ही स्थिति का सामना कर रहे हैं तो आपको बॉयसोबर को अपनाना चाहिए।
Boysober Meaning in Relationship: जिंदगी में दूसरों को खुश करते-करते क्या आप अपनी खुशियों को भूल गए हैं। आपको भी यही लगता है कि अपना सब कुछ देकर भी आज की दुनिया में सच्चा प्यार मिलना मुश्किल है। हर बार आपकी उम्मीदों पर अपने ही पानी फेर देते हैं। अगर हां, तो फिर आपको रिश्तों से ब्रेक लेकर खुद के लिए जीने के बारे में सोचना चाहिए। यानी आपको ‘बॉयसोबर’ को अपनाना चाहिए।
जानिए क्या है बॉयसोबर

जब आप रिश्तों से थककर खुद के लिए सोचने लगते हैं तो आप ‘बॉयसोबर’ ट्रेंड अपना रहे हैं। इसे रिश्तों के डिटॉक्स के रूप में देखा जाता है, जिसे ‘डेटिंग डिटॉक्स’ नाम दिया गया है। इसमें लोग रोमांस, डेट, सेक्सुअल रिश्ते से ब्रेक ले लेते हैं। आज के युवा इस नई विचारधारा को काफी पसंद कर रहे हैं। खासतौर पर युवतियां इसे अपना रही हैं। युवा इसे अपनाकर खुद के लिए सोचने का वक्त लेते हैं। अपनी भावनाओं को समय देते हैं।
ऐसे हुई ट्रेंड की शुरुआत
इस शब्द को इजात किया है अमेरिकी कॉमेडियन होप वुडार्ड ने। जिंदगी में एक समय ऐसा आया था जब होप अपने रिश्ते को लेकर बेहद परेशान थीं। भरपूर प्यार देने के बावजूद वह इंसान उनकी कदर नहीं करता था। इससे परेशान होप को महसूस हुआ कि ऐसा करके वे अपनी ही भावनाओं को उलझा रही हैं। जिसके बाद उन्होंने उस रिश्ते को खत्म किया और इसे नाम दिया ‘बॉयसोबर’। इसका मतलब ये नहीं है कि आप हमेशा सिंगल रहेंगे, बस खुद के लिए कुछ वक्त निकाला है।
डेटिंग डिटॉक्स से मिलती है राहत
आप मानें या न मानें लेकिन लगातार प्यार पाने की कोशिश आपको अंदर से थका देती है। डेटिंग एप्स और सोशल मीडिया पर लोग सच्चा प्यार और परफेक्ट पार्टनर की तलाश में जुटे रहते हैं। जिससे वे दबाव महसूस करते हैं। बॉयसोबर आपको इस दबाव से कुछ राहत दिला सकता है।
खुद को समझने की कोशिश
सच्चा प्यार पाने की कोशिश में जुटे इंसान को जब प्यार मिलता है तो वह उसके लिए सब कुछ भूल बैठता है। वह अपनी पसंद नापसंद को भूलकर सामने वाले के बारे में सोचने लगता है। ऐसे में खुद को कहीं पीछे छोड़ देता है, जो एक बड़ी गलती है। लेकिन बॉयसोबर इस गलती को सुधारने का मौका देता। इससे आपमें सेल्फ अवेयरनेस आती है। आप पहले अपनी खुशियों को महत्व दे पाते हैं।
परिवार, करियर पर फोकस
जब खुद के लिए समय मिलता है तो आपको अपने करियर, परिवार और दोस्तों के बारे में सोचने का पूरा समय भी मिल पाता है। यह समय को आप अपने स्किल्स पर निवेश कर पाते हैं। अपने परिवार और दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिता पाते हैं। इससे आपके जरूरी रिश्ते भी मजबूत होते हैं।
इसलिए महसूस हुई जरूरत
बॉयसोबर ट्रेंड को दुनियाभर के युवा पसंद कर रहे हैं। इससे उनकी इमोशनल और मेंटल हेल्थ दोनों बेहतर हो पाती है। यह एक न्यूट्रल टेंड है। दरअसल, पिछले कुछ सालों में डेटिंग एप्स, चैटिंग, घोस्टिंग जैसी गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। ये सभी, लोगों को मानसिक रूप से थका देती हैं। जिससे वे कमजोर होने लगते हैं।
कुछ नुकसान भी हैं इस ट्रेंड के
‘बॉयसोबर’ ट्रेंड के ढेर सारे फायदों के बीच, कुछ नुकसान भी हैं। कई बार इसे अपनाने वाले लोग अकेलापन महसूस करने लगते हैं। खालीपन आपको परेशान करने लगता है। रिश्ते में न होने के कारण लोग सामाजिक दबाव भी महसूस करते हैं। क्योंकि आज भी समाज में लोग ‘सिंगल’ होने को सही नजरों से नहीं देखते हैं। इससे आत्मविश्वास कम हो सकता है। आप ओवरथिंकिंग का शिकार हो सकते हैं। जिससे तनाव बढ़ने लगता है।
