Summary: अरबी फिल्म में सलमान-संजय की वापसी से फैंस हुए बेकाबू
सऊदी एक्शन फिल्म "द सेवन डॉग्स" का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया, जिसकी सबसे बड़ी वजह सलमान खान और संजय दत्त के दमदार कैमियो रहे। दोनों स्टार्स की छोटी लेकिन प्रभावशाली झलक ने फैंस को उत्साहित कर दिया।
The Seven Dogs Trailer: सऊदी अरब की एक्शन फिल्म ‘द सेवन डॉग्स’ का ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही वायरल हो गया। इसकी वजह ट्रेलर में सलमान खान और संजय दत्त का होना है। गौरतलब है कि इस अरबी फिल्म में सलमान और संजय का कैमियो है। 1 मिनट 17 सेकंड के इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है और दोनों के फैंस बेहद खुश हैं।
“द सेवन डॉग्स” के ट्रेलर में सलमान खान और संजय दत्त
फिल्म “द सेवन डॉग्स” ट्रेलर की शुरुआत ही काफी दमदार है। सलमान खान सफेद रंग के सूट में नजर आते हैं। वह एक शांत लेकिन चालाक सी मुस्कान के साथ कहते हैं, “आपको पता है वह क्या करते हैं? वह अपनी पूरी जिंदगी को डॉक्यूमेंट करते हैं।” इसके बाद संजय दत्त की एंट्री होती है, उन्होंने हाथ में गैजेट पकड़ा हुआ है और कुछ लोगों ने उन्हें घेरा हुआ है। उनकी बॉडी लैंग्वेज से पता चलता है कि वह फिल्म में शायद नकारात्मक भूमिका में दिखाई देंगे। ट्रेलर के एक और हिस्से में सलमान फिर शांत बैठकर किसी से पूछते हैं, “तुम मुझे अपराधी क्यों लगते हो?”
क्या है “द सेवन डॉग्स” की कहानी?
1 मिनट 17 सेकंड के ट्रेलर से पता चलता है कि “द सेवन डॉग्स” एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें हाई एक्शन सीक्वेंस दिख रहे हैं। फिल्म की कहानी मध्य पूर्व में फैल रहे एक खतरनाक नये ड्रग के इर्द-गिर्द घूमती है और इसे रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों को दिखाती है। फिल्म को आदिल एल अरबी और बिलाल फल्लाह ने निर्देशित किया है। इसमें मिस्र के एक्टर करीम अब्देल-अजीज और अहमद एज नजर आ रहे हैं। फिल्म में इटालियन स्टार मोनिका बेलुच्ची भी हैं। कहानी तुर्की अल-शेख की है। कहा जा रहा है कि यह फिल्म इस साल के अंत तक थिएटर में रिलीज होगी।
फैंस ने किया “द सेवन डॉग्स” का स्वागत

ट्रेलर के यूट्यूब अपर इलीज होते ही फैंस के रिएक्शन आने लगे।। एक यूजर ने लिखा, “वाह! सलमान खान फिल्म में कैमियो कर रहे हैं।” एक अन्य यूजर ने कहा, “यहां सिर्फ सलमान खान के लिए, उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार है। यह सुपर है।” कमेंट्स में सलमान खान के लिए प्यार और उत्साह साफ देखा जा सकता है। कई लोगों ने उन्हें “बॉलीवुड का असली किंग”, “सल्लू हैंडसम और सवैगर” और “हम भाईजान से प्यार करते हैं” कहा।
“सलमान खान को ऐसे डायरेक्टर्स की जरूरत है”, “सलमान खान अपनी हाल की फिल्मों से बेहतर दिख रहे हैं”, “सबसे बड़े मेगास्टार सबसे हैंडसम सबसे ज्यादा क्राउड पुलर बॉक्स ऑफिस रूलर सलमान सर यहां हैं”, “मैं यह सलमान भाई की वजह से देख रहा हूं”। “दुनिया के सबसे बड़े सुपरस्टार सलमान खान” जैसे कमेंट्स से यूट्यूब का कमेंट सेक्शन भर गया है।
सलमान और संजय की जोड़ी
सलमान खान और संजय दत्त ने पहले भी कुछ फिल्मों में एक साथ काम किया है, जैसे “साजन” और “चल मेरे भाई”। उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को फैंस ने हमेशा पसंद किया है। एक रेडिट यूजर ने लिखा, “मुझे उनकी जोड़ी की याद आती है।” वहीं दूसरे यूजर ने एक क्लिप शेयर करते हुए कहा, “द सेवन डॉग्स ट्रेलर में भाई और बाबा की झलक।”

