Summary: ‘अस्सी’ का ट्रेलर हमारी सोच को ही खड़ा करता है कटघरे में
‘अस्सी’ का ट्रेलर एक सशक्त और असहज कर देने वाली कोर्टरूम ड्रामा की झलक देता है, जिसमें तापसी पन्नू एक ऐसे किरदार में नजर आती हैं जो अन्याय के खिलाफ खड़ी है। फिल्म सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं दिखाती, बल्कि समाज की चुप्पी, उदासीनता और सिस्टम की खामियों पर भी सवाल उठाती है।
Assi Movie Trailer: तापसी पन्नू अभिनीत अनुभव सिन्हा की आने वाली फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जो 2 मिनट 52 सेकंड का है। यह कोई हल्की-फुल्की फिल्म नहीं है जो दिल बहलाए। ट्रेलर ही बताता है कि इसकी कहानी दर्शकों को सोचने पर मजबूर करने वाली है। फिल्म 20 फरवरी को थिएटर में रिलीज होने वाली है।
“अस्सी” का ट्रेलर हुआ रिलीज
ट्रेलर की शुरुआत ही बेचैनी से होती है। एक लड़की रेलवे ट्रैक पर भाग रही है, उसके चेहरे पर घबराहट साफ दिख रही है। पीछे कौन है, यह दिखाया नहीं जाता, लेकिन हर फ्रेम में डर मौजूद है। ये दृश्य अचानक एक सन्नाटे भरे कोर्टरूम में बदल जाते हैं। एक स्लाइड उभरती है, “An Urgent Watch” और यह सिर्फ प्रमोशन लाइन नहीं लगती है, बल्कि एक चेतावनी जैसी महसूस होती है कि आगे जो देखने वाले हैं, वह आसान नहीं होगा।
तापसी पन्नू की शानदार एक्टिंग
तापसी पन्नू इस कहानी के केंद्र में हैं और 2 मिनट 52 सेकंड के ट्रेलर में उनकी मौजूदगी दर्शकों को तुरंत बांध लेती है। उनका चेहरा दर्द को बयान कर रहा है, लेकिन साथ ही हिम्मत भी मौजूद है। ट्रेलर के आखिरी दृश्य में उनके चेहरे पर स्याही लगी हुई दिखाई दे रही है, जो सिर्फ एक दृश्य नहीं, बल्कि प्रतीक है। मानो सच को दबाने की कोशिश की जा रही हो। तापसी ने ट्रेलर शेयर करते उदय प्रकाश की पंक्तियां उद्धृत की हैं, “आदमी मरने के बाद कुछ नहीं सोचता… आदमी मरने के बाद कुछ नहीं बोलता… कुछ नहीं सोचने और कुछ नहीं बोलने पर आदमी मर जाता है…” यह लाइन फिल्म के मूड को पूरी तरह बयान करती है।
क्या कहता है ट्रेलर?
इस फिल्म को कोर्टरूम ड्रामा के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन ट्रेलर से साफ है कि इसकी कहानी सिर्फ कानूनी लड़ाई तक सीमित नहीं है। यहां सवाल सिर्फ न्याय का नहीं, बल्कि समाज की चुप्पी, उदासीनता और सिस्टम की खामियों का भी है। ऐसा लगता है कि फिल्म किसी एक खलनायक को नहीं, बल्कि उस सोच को कटघरे में खड़ा करती है जो गलत देखकर भी नजरें फेर लेती है।
अनुभव सिन्हा का निर्देशन
“मुल्क” और “थप्पड़” जैसी फिल्मों के बाद निर्देशक अनुभव सिन्हा के लिए ‘अस्सी’ उनके सिनेमाई सफर का अगला कदम लगती है, जहां फिल्में बहस छेड़ने के लिए बनाई जाती हैं। अच्छी बात तो यह है कि शुरुआती प्रमोशन में ही लेखक को प्रमुख जगह दी गई है, जो इस बात का संकेत है कि फिल्म में कहानी और विचार सबसे ऊपर हैं।
“अस्सी” की स्टार कास्ट
फिल्म की स्टार कास्ट भी इसकी गंभीरता को और मजबूत बनाती है। तापसी पन्नू के अलावा, रेवती, मनोज पाहवा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, कनी कुसरुति, नसीरुद्दीन शाह, सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक जैसे शानदार एक्टर्स इस कोर्टरूम ड्रामा में नजर आने वाले हैं। टी सीरीज के बैनर तले बनी यह फिल्म 20 फरवरी को थिएटर में रिलीज होने वाली है।

