Mooli Recipes: जब सर्दियों का मौसम आता है तो मार्केट में कई तरह की सब्जियां मिलती हैं। इन्हीं में से एक है मूली। आमतौर पर ठंड के मौसम में मूली को लोग पराठा या फिर सलाद के रूप में खाते हैं। लेकिन इसके अलावा भी मूली को कई अन्य तरीकों से सर्व किया जा सकता है।
मूली का सेवन सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। यह एंटी-ऑक्सीडेंट और कैल्शियम और पोटेशियम जैसे खनिजों से भरपूर होती है। ये पोषक तत्व उच्च रक्तचाप को कम करने और हृदय रोग के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं। मूली प्राकृतिक नाइट्रेट्स का भी एक अच्छा स्रोत है जो रक्त प्रवाह में सुधार करता है। ऐसे में आपको मूली का सेवन अवश्य करना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको मूली से बनने वाली कुछ अमेजिंग रेसिपीज के बारे में बता रहे हैं-
बनाएं मूली की सब्जी

मूली की यह करी सब्जी बनाने में जितनी आसान है, खाने में उतनी ही टेस्टी लगती है।
आवश्यक सामग्री
- 300 ग्राम मूली
- 1 टमाटर, कटा हुआ
- 3 बड़े चम्मच पिसा हुआ नारियल
- 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1/2 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- नमक स्वाद अनुसार
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 2 बड़े चम्मच तेल
- 1 प्याज, कटा हुआ
- ताजा धनिया कटा हुआ
मूली की सब्जी बनाने का तरीका-
- एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें प्याज डालकर कुछ देर भूनें।
- अब इसमें टमाटर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर और नमक डालें और कुछ मिनट तक टमाटर के नरम होने तक भूनें।
- फिर मूली और नारियल डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- अब आप इसमें 2 कप पानी डालें और धीमी आंच पर तब तक उबालें जब तक कि मूली पक न जाए और ग्रेवी गाढ़ी न हो जाए।
- अब इसे कटे हुए ताजे धनिया के साथ गार्निश करें।
- अंत में, आप इस सब्जी को चावल या चपाती के साथ परोसें।
मूली से बनाएं मुलंगी सांभर

मुलंगी सांभर एक टेस्टी साउथ इंडियन सांभर रेसिपी है जिसे मूली, दाल और कुछ मसालों की मदद से तैयार किया जाता है। इसे उबले हुए चावल, इडली, डोसा या वड़ा के साथ सर्व किया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
दाल पकाने के लिए
- आधा कप अरहर की दाल
- 2 से 2.5 कप पानी
- 1 से 2 चुटकी हल्दी पाउडर
अन्य सामग्री
- 2 कप कटी हुई मूली
- 1-2 बड़ा चम्मच इमली का रस
- 2 से 3 छोटे चम्मच सांभर पाउडर
- 1 छोटा चम्मच सरसों
- आधा छोटा चम्मच मेथी दाना
- 5 से 6 छोटे प्याज
- 1 से 2 सूखी लाल मिर्च
- एक चौथाई छोटा चम्मच हींग
- आध चम्मच उड़द की दाल
- करी पत्ता
- 1 मीडियम साइज टमाटर
- 2 बड़े चम्मच तेल
- नमक आवश्यकता अनुसार
- आधा छोटा चम्मच चीनी या गुड़ (वैकल्पिक)
- एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी
- 1 से 1.5 कप पानी
मुलंगी सांभर बनाने का तरीका-
- सबसे पहले दाल को अच्छी तरह से छान कर धो लीजिए।
- अब आप कुकर में दाल, पानी व हल्दी डालकर मध्यम आंच पर 6 से 7 सीटी आने तक पकाएं।
- जब कुकर का प्रेशर अपने आप खत्म हो जाए तब ही ढक्कन खोलें। पकी हुई दाल को चमचे या व्हिस्क की मदद से हल्का मैश कर लें।
- अब एक पैन में तेल गरम करें। आंच धीमी करके राई डालें और उन्हें फूटने दें।
- अब इसमें मेथी दाना और उड़द दाल डालें। उड़द दाल को धीमी आंच पर अक्सर चलाते हुए सुनहरा होने तक भूनें।
- अब आप इसमें प्याज डालकर उसे हिलाते हुए भूनें।
- फिर सूखी लाल मिर्च और हींग डालें। कुछ सेकंड के लिए हिलाएं और भूनें।
- टमाटर और करी पत्ते डालें। टमाटर के नरम होने तक भूनें।
- फिर मूली और हल्दी पाउडर डालें। एक मिनट के लिए हिलाएं और भूनें।
- आवश्यकतानुसार पानी और नमक डालें। पैन को ढक्कन से ढक दें और मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि मूली के टुकड़े नरम न हो जाएं।
- अब ढक्कन हटाकर उसमें मैश की हुई दाल डालें।
- इमली का गूदा और सांभर पाउडर डालें।
- आप चाहें तो इसमें गुड़ भी डाल सकती हैं।
- आप 5 से 7 मिनट के लिए तक इसे उबालें।
- अंत में, धनिया पत्ती से गार्निश करें।
- मुलंगी सांभर को गरमागरम चावल या इडली या डोसा या उत्तपम के साथ परोसें।
मूली से बनाएं चटनी

यह एक साउथ इंडियन वेजिटेरियन चटनी है, जिसे बनाना आसान है और इसे चावल, डोसा, चपाती, इडली या रोटी के साथ परोसा जा सकता है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 कप कटी हुई मूली
- कद्दूकस किया हुआ 1/2 कप नारियल
- 2 बड़े चम्मच भुनी हुई चना दाल
- 1 से 2 टीस्पून इमली का गूदा
- सूखी लाल मिर्च
- स्वादानुसार नमक
तड़के के लिए
- 1 बड़ा चम्मच तेल
- 1/2 छोटा चम्मच सरसों के बीज
- कुछ करी पत्ते
- एक छोटी चुटकी हींग
मूली की चटनी बनाने का तरीका-
- सबसे पहले मूली को धोइए। इसे छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए।
- कटी हुई मूली को मिक्सर जार में डालें। साथ ही मिक्सर जार में, कद्दूकस किया हुआ नारियल, भुनी हुई चना दाल, इमली का गूदा, सूखी लाल मिर्च को डालें। हालांकि, सूखी लाल मिर्च को भी गर्म पानी में पहले से भिगोकर ही डालें।
- अब इसमें नमक डालें और जार का ढक्कन बंद कर दें। आप इन सभी को थोड़ा दरदरा मिश्रण बना लें। मिश्रण में पानी न डालें, क्योंकि मूली में पानी पर्याप्त है।
- अब बारी बाती है तड़के की।
- तड़के के लिए एक छोटे पैन में 1 टेबल स्पून तेल या घी गरम करें।
- जब यह गर्म हो जाए तो इसमें 1/2 छोटा चम्मच राई डालें और उन्हें फूटने दें।
- इसमें करी पत्ता डालें और फिर एक चुटकी हींग पाउडर डालें।
- अब पिसी हुई चटनी को कढ़ाई में डालिए और मूली की कच्ची महक थोड़ी कम होने और चटनी गाढ़ी होने तक भून लीजिए।
- बेहतरीन स्वाद के लिए इसे गरमा गरम चावल और घी के साथ या डोसा, इडली, चपाती, रोटी के साथ परोसिए।