Summary: बच्चे को करा रही हैं मॉडलिंग, रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप भी अपने बच्चे को मॉडलिंग कराने का सोच रही हैं तो आप पहले इन जरूरी बातों को जान लें, ताकि शूट के दौरान आप बच्चे का सही से ध्यान रख पाएं।
Baby Modeling Tips: आज सोशल मीडिया के जमाने में हर पेरेंट्स चाहते हैं कि उनका बच्चा फेमस हो जाए, सब लोग उनके बच्चे की टैलेंट की तारीफ करें। इसी वजह से वे सोशल मीडिया पर अपने बच्चों की फोटोज व रील्स भी पोस्ट करते रहते हैं। कुछ पेरेंट्स ऐसे भी होते हैं जो अपने बच्चों को मॉडलिंग भी करवाते हैं। आज कल कई ऐसी एजेंसियां आ गई हैं, जो बच्चों का मॉडलिंग करवाती हैं व फोटो शूट करती हैं। ये शूट विज्ञापन व कपड़ों के कैटलॉग के लिए किया जाता है। अगर आप भी अपने बच्चे को मॉडलिंग कराने का सोच रही हैं तो आप पहले इन जरूरी बातों को जान लें, ताकि शूट के दौरान आप बच्चे का सही से ध्यान रख पाएं।
बच्चे की जरुरत की चीजें साथ रखें

जब आप अपने बच्चे को मॉडलिंग कराने के लिए शूट वाले लोकेशन पर लेकर जाती हैं तो आप इसकी कुछ खास तैयारियां भी जरूर करें और अपने बच्चे की जरुरत की चीजें साथ लेकर जाएँ। साथ ही बच्चे का मनपसंदीदा खिलौना भी रखें ताकि अगर किसी वजह से बच्चा रोने लगे तो आपको उसे शांत कराने में आसानी हो।
समय का रखें ध्यान
जब आप अपने बच्चे को मॉडलिंग करा रही हैं तो आपको यह बात अच्छे से पता होना चाहिए कि शूट कब और कितने बजे होना है। कभी भी रात का समय मॉडलिंग के लिए ना चुनें, क्योंकि इस समय बच्चे नींद में होते हैं और वे शूट के समय सो जाते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि बच्चे का मूड किसी चीज़ के कारण अच्छा नहीं होता है, जिसकी वजह से वे शूट के दौरान काफी चिड़चिड़े से रहते हैं, जिसकी वजह से शूट नहीं हो पाता है और बच्चे भी परेशान हो जाते हैं।
बच्चे के साथ जबरदस्ती ना करें

छोटे बच्चों का मूड हमेशा एक जैसा नहीं रहता है। उनका मूड बदलता रहता है, इसलिए आप शूटिंग के दौरान उनके साथ जबरदस्ती बिलकुल भी ना करें, वे खुशी-खुशी जो भी चीजें करें उन्हें करने दें। अगर आप उनके साथ बहुत ज्यादा जबरदस्ती करेंगी तो वे रोना शुरू कर देंगे और आपको वहां बच्चे को चुप कराने में भी परेशानी होगी।
बच्चे की सेहत को अनदेखा ना करें

बेबी मॉडलिंग के दौरान आपके बच्चे का शूट हो रहा है, इसका यह बिलकुल भी मतलब नहीं है कि इस दौरान आप उसकी सेहत को अनदेखा कर दें और उसके खान-पान पर बिलकुल ध्यान ही ना दें। अगर आप ऐसा करती हैं तो आपका बच्चा बीमार पड़ जाएगा। इसलिए आपकी जिम्मेदारी है कि आप शूट के दौरान भी उसे हेल्दी चीजें खिलाते रहें ताकि उसका पेट भरा रहे और सेहत भी अच्छी बनी रहे।
बच्चे को अकेला ना छोड़ें

जब आप अपने बच्चे का मॉडलिंग करा रही हैं तो कभी भी इस दौरान अपने बच्चे को अकेला ना छोड़ें, क्योंकि शूटिंग के दौरान आस-पास कई ऐसी चीजें रखी होती हैं, जिसकी वजह से बच्चे को चोट लग सकती है, इसलिए आप उसका ध्यान रखें।
