अलविदा शकुनि मामा: Gufi Paintal News
Gufi Paintal News

Gufi Paintal News: मशहूर धारावाहिक महाभारत के शकुनि मामा यानी गूफी पेंटल का 78 साल की उम्र में 5 जून की सुबह निधन हो गया। छोटे पर्दे के साथ ही बड़े पर्दे पर भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले इस बेहतरीन एक्टर के बारे में कई ऐसी बातें हैं, जिन्हें लोग नहीं जानते हैं। चलिए जानते हैं शकुनि मामा के किरदार से सभी के दिलों दिमाग में छा जाने वाले इस एक्टर की कुछ अनकही अनसुनी बातें।

लाहौर में हुआ था जन्म

भारत की आजादी और विभाजन से पहले 4 अक्टूबर 1944 को लाहौर में रहने वाले एक सिख परिवार में गूफी पेंटल का जन्म हुआ। देश के विभाजन के बाद उनका परिवार दिल्ली आकर बस गया। गूफी के बड़े भाई कंवरजीत पेंटल भी जाने-माने एक्टर थे और वे कई बिग बजट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अमिताभ बच्चन की फिल्म सत्ते पे सत्ता में भी कंवरजीत पेंटल अहम भूमिका में थे। ऐसे में गूफी उनसे काफी प्रभावित थे। गूफी हमेशा से ही दो करियर के बीच कंफ्यूज रहे, लेकिन वे उन भाग्यशाली लोगों में से थे, जिन्होंने अपने दोनों ही सपने पूरे किए।

ऐसे शुरू हुआ अभिनय का सफर

60 के दशक में गूफी ने एक इंजीनियर के रूप में भारतीय सेना ज्वॉइन की। उन्होंने करीब सात साल सेना में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने 1962 का भारत-चीन युद्ध और 1965 का भारत-पाकिस्तान युद्ध को करीब से देखा। एक इंटरव्यू में गूफी ने बताया था कि उनकी पोस्टिंग चीन बॉर्डर पर थी। इस दौरान वहां रामलीला का आयोजन किया जाता था। जिसमें गूफी सीता का रोल निभाते थे।

फिर हुई नई शुरुआत

इस बीच उनका ट्रांसफर मुंबई हो गया। मानों एक्टर बनने के सपनों को फिर से पंख लगने लगे। साल 1968 में उन्होंने सेना छोड़ी और फिर बड़े भाई कंवरजीत पेंटल की मदद से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। गूफी को एक्टिंग से भी ज्यादा निर्देशन का शौक था। इसलिए उन्होंने बतौर सहायक निदेशक अपने नए करियर की शुरुआत की। अपने लंबे अभिनय करियर में गूफी ने कई फिल्में और टीवी सीरियल्स में भूमिकाएं निभाईं, लेकिन उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई महाभारत ने।

ऐसे मिला शकुनि मामा का रोल

साल 1988 में बीआर चोपड़ा के धारावाहिक महाभारत में शकुनि मामा के रूप में गूफी ने ऐसा अभिनय किया जिसे आज भी लोग भूल नहीं पाए हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि महाभारत में गूफी पहले कास्टिंग डायरेक्टर थे। इस दौरान महाभारत की स्क्रिप्ट लिखने वाले राही मासूम रजा ने गूफी से शकुनि का रोल निभाने का आग्रह किया। जिसके बाद गूफी ने यह रोल निभाया और उन्हें नई पहचान मिली।