Summary: धुरंधर की हिट सफलता के बाद रणवीर सिंह ने डॉन 3 छोड़ा, मेकर्स की नई योजना
फरहान अख़्तर की डायरेक्शन में बनने वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डॉन 3’ को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि बॉक्स ऑफिस हिट फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह ने इसे छोड़ने का फैसला किया है। रणवीर अब संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसी फिल्मों पर फोकस करना चाहते हैं और गैंगस्टर रोल में लगातार काम नहीं करना चाहते।
Ranveer Singh Don 3 Exit: एक्टर और फिल्ममेकर फरहान अख़्तर की डायरेक्शन में वापसी वाली फिल्म ‘डॉन 3’ को एक और बड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड में जब भी किसी आइकॉनिक फ्रेंचाइज़ी का ज़िक्र होता है, तो ‘डॉन’ का नाम सबसे ऊपर आता है। फिल्म ‘डॉन 3’ के लिए लंबे समय से दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन अब यह फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में है और इस बार वजह बेहद चौंकाने वाली है। फिल्म से जुड़ी ताज़ा रिपोर्ट्स ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है और फैंस को हैरानी में डाल दिया है। हाल ही में रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ से अलग होने का फैसला कर लिया है।
डॉन 3 में नजर नहीं आएंगे रणवीर सिंह

दरअसल, रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर की अपार सफलता के बाद रणवीर सिंह को यह बिल्कुल स्पष्ट है कि वह आगे किस तरह की फिल्में करना चाहते हैं। वह संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे फिल्म निर्माताओं के साथ काम करने के इच्छुक हैं। वो लगातार गैंगस्टर फिल्मों में नजर नहीं आना चाहते। खासकर तब जब ‘धुरंधर’ पहले ही इस स्टाइल अपनी पहचान बना चुकी है। यही एक कारण है कि उन्होंने जय मेहता से ‘प्रलय’ की शूटिंग पहले शुरू करने के लिए कहा है। रणवीर इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द पूरा करने और योजना से पहले ही इसकी शूटिंग शुरू करने के लिए एक्साइटेड हैं।’ सोर्स ने कहा, “अब जब उन्होंने डॉन 3 छोड़ दी है, तो रणवीर अब जय मेहता की फिल्म के लिए डेट्स और शेड्यूल तय करने में पर्सनली शामिल हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि फिल्म जल्दी आगे बढ़े।”
नए डॉन की तलाश में जुटे मेकर्स
‘डॉन 3′ के ऐलान के बाद से ही फिल्म लगातार चर्चाओं में बनी रही है। रणवीर सिंह के इस फैसले के बाद फिल्म की तैयारियों पर एक बार फिर विराम लग गया है और मेकर्स को नए सिरे से सोचने पर मजबूर होना पड़ा है। इसके बाद नए ‘डॉन’ को लेकर कई नाम सामने आए। रणवीर सिंह के नाम पर सहमति बनने के बाद ऐसा लगा था कि फिल्म को एक नई दिशा मिल गई है। अब रणवीर सिंह के हटने के बाद ‘डॉन 3′ का भविष्य एक बार फिर अधर में लटका हुआ नज़र आ रहा है। हालांकि, मेकर्स अभी भी जनवरी 2026 के आखिर तक डॉन 3 की शूटिंग शुरू करने के लिए तैयार हैं, और उन्होंने पहले ही एक नए लीड एक्टर की तलाश शुरू कर दी है।
‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
‘धुरंधर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है। सोशल मीडिया से लेकर एंटरटेनमेंट मीडिया तक हर जगह फिल्म की चर्चा है, जहां एक ओर रणवीर सिंह की लीड परफॉर्मेंस को सराहा जा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पाकिस्तान सहित कई अन्य देशों में भी इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
छुट्टियों की शुरुआत स्टाइलिश अंदाज में
इस बीच, सोमवार देर रात रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण को मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। दोनों ब्लैक कलर के मैचिंग आउटफिट में नजर आए और हाथ पकड़कर छुट्टियों पर निकलते दिखे। कपल का यह सादा लेकिन स्टाइलिश लुक फैंस को खूब पसंद आया। एयरपोर्ट पर मौजूद फोटोग्राफर्स को देखकर दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाया और कैमरों को पोज़ देने के बाद अंदर की ओर रवाना हो गए।
