Summary: रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की 500 करोड़ क्लब में एंट्री, कई बॉलीवुड फिल्मों को छोड़ा पीछे
रणवीर सिंह की नई स्पाई-एक्शन फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। मात्र 15 दिन में ही इस फिल्म ने 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और यह न सिर्फ दर्शकों के बीच हिट हुई, बल्कि रणवीर सिंह के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है।
Dhurandhar Box Office Collection: रणवीर सिंह समेत कई बड़े स्टार्स की फिल्म ‘धुरंधर’ को सिनेमाघरों में 15 दिन पूरे हो चुके हैं, और बॉक्स ऑफिस पर इसका जलवा अब भी बरकरार है। फिल्म की जबरदस्त कमाई से मेकर्स लगातार खुश हैं। बीते शुक्रवार को रिलीज़ हुई हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ भी ‘धुरंधर’ की कमाई को रोक नहीं पाई। इतना ही नहीं, रणवीर सिंह की फिल्म ने 15वें दिन हॉलीवुड फिल्म की ओपनिंग डे कमाई से भी अधिक कमाई की। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, ‘धुरंधर’ ने 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। आइए जानते हैं कि फिल्म ने 15वें दिन कितनी कमाई की।
धुरंधर ने 500 करोड़ का रिकॉर्ड तोड़ा
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर अब तक पंद्रहवें दिन भी कमाल कर रही है, शुक्रवार को फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की और 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया। इस बीच, 19 दिसंबर को रिलीज़ हुई हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ ने ओपनिंग डे पर सिर्फ 20 करोड़ रुपये कमाए, जिससे साफ है कि ‘धुरंधर’ ने हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर को भी पीछे छोड़ दिया। यह फिल्म न सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर, बल्कि रणवीर सिंह के करियर की भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म ‘धुरंधर’ की वर्ल्डवाइड कमाई
रिलीज के बाद से ही ‘धुरंधर’ का क्रेज कम नहीं हुआ है और लोग इसे देखने के लिए सिनेमाघरों में उमड़ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने हर दिन 20 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है, जबकि दो बार इसका दैनिक कलेक्शन 50 करोड़ तक पहुंच गया। पहले सप्ताह में फिल्म ने 218 करोड़, और दूसरे सप्ताह में 261.50 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, वर्ल्डवाइड टोटल कलेक्शन 700 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।
500 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली सुपरहिट हिंदी फिल्में
एक बॉक्स ऑफ़िस रिपोर्ट के अनुसार, हिंदी फिल्मों के इतिहास में 500 करोड़ क्लब में सबसे तेज़ एंट्री ‘पुष्पा 2’ की है, जिसने यह कमाल 10 दिनों में किया। शाहरुख खान की ‘जवान’ को यह मुकाम हासिल करने में 13 दिन लगे। बाकी फिल्मों को 500 करोड़ तक पहुंचने में 15 दिन से ज्यादा समय लगा। ‘जवान’ के सबसे करीब रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ थी, जिसे यह रिकॉर्ड 16 दिन में मिला।अब 15 दिनों में 500 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘धुरंधर’ तीसरी सबसे तेज़ एंट्री वाली फिल्म बन गई है। इसके पीछे ‘एनिमल’, ‘स्त्री 2’, ‘पठान’, ‘छावा’, ‘गदर 2’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी बड़ी फिल्में भी पीछे छूट गई हैं।
फिल्म की स्टार कास्ट
फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी जैसे बड़े कलाकार नजर आए हैं। ये कहानी पाकिस्तान के कराची शहर के ल्यारी इलाके में गैंग वॉर पर आधारित है। डायरेक्टर आदित्य धर ने कहानी को पूरी तरह से काल्पनिक बताया है। जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि धुरंधर का दूसरा पार्ट भी मार्च 2026 में रिलीज़ होगा। अब फैंस बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं।

