Overview: महीने की शुरुआत में ये फाइनेंशियल काम रखेंगे आपको टेंशन-फ्री
महीने की शुरुआत में बस ये 3 छोटे फाइनेंशियल काम कर लें, फिर पूरे महीने पैसे खुद कंट्रोल में रहेंगे।
Financial Tips For Woman: बहुत से लोग ऐसे होते हैं, जो हमेशा ही पैसों की तंगी का रोना रोते रहते हैं। दरअसल, समस्या पैसों की नहीं होती है, बल्कि उसे मैनेज करने के तरीकों में होती है। ऐसे बहुत से लोग हैं, जिनकी सैलरी काफी अच्छी है, लेकिन फिर भी वे अक्सर पैसों की कमी से जूझते हैं। वहीं कुछ लोग कम आमदनी में भी काफी अच्छी तरह फाइनेंस मैनेज कर लेते हैं। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि वे अपने पैसों को सही ढंग से संभालना जानते हैं।
दरअसल, हमें कभी भी यह सिखाया ही नहीं गया कि पैसों को किस तरह मैनेज करना होता है। महीने की शुरुआत में आमदनी को किस तरह बांटें और खर्च पर कंट्रोल कैसे रखें। हो सकता है कि आपके साथ भी यह समस्या होती हो। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको महीने की शुरुआत में कर लेना चाहिए, ताकि पूरे महीने आपको पैसों की टेंशन ना हो-
शुरुआत में बना लें महीने का बजट

यह बेहद जरूरी है कि आप महीने की शुरुआत में भी अपनी आमदनी और खर्च की एक लिस्ट बना लें। इसमें आप सभी जरूरी खर्च जैसे घर का खर्च, किराया, ईएमआई, बच्चों की फीसए ग्रॉसरी, बिजली, पानी, मोबाइल बिल आदि को शामिल करें। इसके बाद देखें कि आपके पास कितना पैसा बच रहा है। फिर आप तय करें कि कितना पैसा सेविंग और इन्वेस्टमेंट में जाएगा। इससे पैसों का मैनेजममेंट करना काफी आसान हो जाता है।
सेविंग को रखें अलग
अक्सर यह देखने में आता है कि महीना खत्म होते-होते जब लोगों के पास पैसे की कमी होने लगती है तो वे अपनी सेविंग के पैसों को खर्च करना शुरू कर देते हैं। आपसे यह गलती ना हो, इसलिए आप सैलरी आते ही कम से कम 10-20 प्रतिशत सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर करें। आप चाहें तो ऑटो-ट्रांसफर ऑप्शन भी सेट कर सकते हैं। इससे जब आपके हाथ में पैसे कम होंगे तो आप समझदारी से खर्च करें। इस तरह खर्च अपने आप कंट्रोल में आता है और आपकी सेविंग्स भी धीरे-धीरे बढ़ने लगती हैं।
जरूरी बिल पहले ही कर दें क्लीयर

अक्सर हम सभी जरूरी बिल्स को लास्ट डेट में भरते हैं और फिर हमें अपनी जेब खाली लगने लगती है। यह गलती ना करें। कोशिश करें कि आप बिजली, गैस, इंटरनेट, क्रेडिट कार्ड या ईएमआई आदि को महीने की शुरुआत में ही चुका दें। इससे सबसे पहले तो आप लेट फीस के झंझट से बच जाएंगे और आपको बेवजह की टेंशन नहीं होगी। साथ ही साथ, आपका क्रेडिट स्कोर भी खराब नहीं होगा। इतना ही नहीं, इससे आपको पता होगा कि अब आपके पास कितना पैसा बचा है और फिर आप महीनेभर समझदारी से पैसा खर्च करेंगे।
