Overview: न्यू मॉम के लिए फाइनेंशियल प्लानिंग टिप्स
एक न्यू मॉम को अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए सही तरह से फाइनेंशियल प्लानिंग जरूर करनी चाहिए।
Financial Planning for New Mom: मां बनते ही एक स्त्री के जीवन में सब कुछ बदल जाता है। मां बनने के बाद हम सबसे पहली प्राथमिकता अपने बच्चे को ही देते हैं। अब हमें सिर्फ अपनी चीजों को ही मैनेज नहीं करना होता है, बल्कि हमारा रूटीन बच्चे के हिसाब से बदल जाता है। इतना ही नहीं, खर्चे भी पहले से बढ़ जाते हैं। एक पल जहां पर हम फीडिंग और सोने के समय की प्लानिंग कर रही होती हैं, वहीं दूसरे ही पल मेडिकल बिल से लेकर बच्चे के भविष्य और उसकी जरूरतों का ख्याल आ जाता है। इसीलिए यह बेहद जरूरी है कि एक मां बच्चे का बेहतर ख्याल रखने के साथ-साथ फाइनेंशियल प्लानिंग भी जरूर करे।
अगर एक न्यू मॉम स्मार्टली फाइनेंशियल प्लानिंग करती है तो ऐसे में उसे बाद में अपने फाइनेंस को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं होती है और ना ही बहुत ज्यादा कमाने की जद्दोजहद करनी पड़ती है। बस सही गाइडेंस और कुछ आसान स्टेप्स इसमें आपकी काफी मदद कर सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम ऐसी ही फाइनेंशियल प्लानिंग के बारे में बात कर रहे हैं-
जरूर बनाएं इमरजेंसी फंड

जीवन में इमरजेंसी कभी भी आ सकती है और ऐसे में अपने व बच्चे के खर्चों को मैनेज करना हमारे लिए काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इमरजेंसी फंड बनाना एक अच्छा विचार है। आप इस फंड में रखे गए पैसे को मेडिकल इमरजेंसी, नौकरी छूटने, या अचानक होने वाले खर्चों के लिए रख सकती है। याद रखें कि बच्चे अचानक बीमार पड़ सकते हैं, अस्पताल के बिल कभी भी आ सकते हैं, और मैटरनिटी लीव के दौरान इनकम रुक सकती है। इसलि आप कम से कम 6 महीने के घर के खर्च के बराबर पैसे इस फंड में जरूर रखें।
सही हेल्थ इंश्योरेंस लें
आप अपने और बच्चे के लिए सही हेल्थ इंश्योरेंस जरूर लें। यह सुनिश्चित करें कि आपका हेल्थ इंश्योरेंस एक्टिव है और अगर संभव हो तो अपने बच्चे को भी पॉलिसी में जरूर एड करें। आज के समय में हॉस्पिटल के बिल आपकी जेब पर बहुत गहरा असर डाल सकते हैं। ऐसे में इंश्योरेंस आपकी बचत की रक्षा करता है।
बच्चे के लिए बचत जल्दी शुरू करें

अक्सर हम इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। लेकिन बच्चे के पैदा होने के बाद से ही उसके लिए बचत करनी शुरू कर दें, फिर भले रकम छोटी सी हो। आप उसके लिए एसआईपी कर सकती हैं, रिकरिंग डिपॉजिट या फिर चाइल्ड इन्वेस्टमेंट प्लान भी एक अच्छा ऑप्शन है। दरअसल, जल्दी बचत शुरू करने से कंपाउंडिंग की वजह से बाद में छोटी सी रकम भी काफी बड़ी बन जाती है।
जरूर बनाएं एजुकेशन फंड

बच्चे की पढ़ाई के लिए पहले दिन से ही प्लान करें। पढ़ाई महंगी होती है और हर साल और महंगी होती जाती है। इसलिए एजुकेशन फंड बनाने से बाद में बच्चे के सपने लोन पर निर्भर नहीं रहते हैं। याद रखें कि इस फंड के पैसों को रोज की बचत के साथ न मिलाएं।
