Overview: कम सैलरी में यूं बनें फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट
अगर आपकी सैलरी कम है तो ऐसे में आप फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बनने के लिए कुछ आसान तरीकों का सहारा ले सकती हैं।
Financial Independence In Low Income: आज के समय में हम सभी फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बनना चाहती हैं, लेकिन अगर सैलरी ही कम हो तो। अक्सर इस स्थिति में हम अपना मन मसोसकर रह जाते हैं। जबकि आपको उदास या परेशान होने की जरूरत नहीं है। सच तो ये है कि फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस सिर्फ सैलरी पर नहीं, बल्कि आपकी आदतों पर निर्भर करता है। अगर आप स्मार्ट तरीके से पैसे को मैनेज करें तो कम कमाई में भी अच्छा पैसा बचाया जा सकता है और एक सुरक्षित भविष्य बनाया जा सकता है।
कई बार लोग बहुत अधिक आमदनी करते हैं, लेकिन फिर भी उन्हें अक्सर पैसों को लेकर हाथ तंग ही महसूस होता है। वहीं, कुछ लोग कम कमाई में भी अपना भविष्य सुरक्षित कर लेते हैं। ऐसा उनकी पैसों की समझ व उसे संभालने के तरीकों पर निर्भर करता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप कम सैलरी में फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बन सकती हैं-
अतिरिक्त खर्चों पर लगाएं लगाम

अक्सर हमें पता नहीं चलता, लेकिन हम महीनेभर में बेकार के खर्चे करते हैं, जिसके बारे में हमें अहसास तक नहीं होता है। यही वजह होती है कि कमाई हमेशा कम ही लगती है। अगर कम सैलरी में पैसे बचाने हैं तो ऐसे में सबसे पहले आपको अपने खर्च को समझना और उन्हें संभालना आना चाहिए। इसे करना बेहद आसान है। सबसे पहले पूरे महीने के खर्च लिखना शुरू करें। इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि आप अपना पैसा कहां खर्च कर रहे हैं। जहां बेवजह पैसा जा रहा है, वहां कटौती करें। ऐसा नहीं है कि आपको अपना मन मारने की जरूरत है। बस हर चीज़ की एक लिमिट तय करें, जैसे खाने का, घूमने का, खरीदारी का। अगर आपको पैसे मैनेज करने में मुश्किल मिलती है तो ऐसे में आप “कैश एन्वेलप“ तरीका अपनाएं, जिस काम का पैसा खत्म, उसका खर्च बंद। सिर्फ इतना करने से ही 15-25 प्रतिशत तक खर्च कम करने में मदद मिलती है।
बनाएं छोटा-सा इमरजेंसी फंड
अगर आप फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बनना चाहती हैं तो ऐसे में इमरजेंसी फंड जरूर बनाएं। इसके लिए आप बस ₹500-₹1000 महीने से शुरुआत कर सकती हैं। इस तरह आप धीरे-धीरे करके एक छोटा सा इमरजेंसी फंड तैयार कर पाएंगी। जब एक बार आपको सेविंग करने की आदत हो जाए तो लक्ष्य रखें कि कम से कम 3-6 महीने के पूरे खर्च जमा हों। इससे आपको बीमारी, नौकरी का तनाव या अचानक खर्चों में कभी दूसरों पर निर्भर नहीं होना पड़ेगा।
साइड इनकम पर भी करें फोकस

भले ही आप जॉब कर रही हैं और आपकी सैलरी कम है, तो ऐसे में आप साइड इनकम पर भी फोकस करें। इससे आपको फाइनेंशियली काफी राहत महसूस होती है। चूंकि, आज के समय में एक आय काफी नहीं होती, इसलिए साइड इनकम फाइनेंशियल आजादी पाने का एक बेहतरीन तरीका है। साइ इनकम के लिए आप घर से ट्यूशन दे सकती हैं या फिर फेसलेस कंटेंट बनाना शुरू करें या फिर सोशल मीडिया मैनेजमेंट का रास्ता चुन सकती हैं। अगर आपके पास समय है तो आप दिन में 1-2 घंटे फ्रीलांस काम कर सकती हैं।
इनवेस्टमेंट को ना करें नजरअंदाज
भले ही आपकी इनकम कम है, लेकिन फिर भी इनवेस्टमेंट के जरिए आप फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट बन सकती हैं। जरूरी नहीं है कि इनवेस्ट करने के लिए आपको बहुत बड़ी रकम की जरूरत हो। इसमें छोटी रकम भी बहुत बड़ा काम करती है। आप अपनी सुविधानुसार बस ₹100-₹500 महीने से भी शुरुआत कर सकती हैं। आप एसआईपी कर सकती हैं या फिर म्यूचुअल फंड में भी इनवेस्ट किया जा सकता है।
नई स्किल सीखने पर करें फोकस

कम सैलरी में भी अगर आप फाइनेंशियली खुद को मजबूत करना चाहती हैं तो ऐसे में आप नई स्किल को सीखने पर फोकस करें। दरअसल, जब आप नई चीजें सीखती हैं तो ऐसे में आपकी कमाई के अवसर खुल जाते हैं और आप बेहद आसानी से अपनी कमाई दोगुनी भी कर सकती हैं। आप वीडियो या फोटो एडिटिंग से लेकर सोशल मीडिया मैनेजमेंट, ऑनलाइन डेटा एंट्री, एआई टूल्स का इस्तेमाल करना जैसे स्किल्स सीखें। जब आप इनमें माहिर हो जाती हैं तो आपको चीजें काफी आसान लगने लगती हैं। एक नई स्किल सीखने का मतलब है, एक नया अवसर और ज्यादा कमाई।
कर्ज से दूर रहने की कोशिश करें
आज के समय में हम क्रेडिट कार्ड या लोन आदि लेने में हिचकिचाते नहीं है। लेकिन अगर आपकी आमदनी कम है तो ऐसे में कर्ज लेना आपके लिए बाद में काफी दुखदायी हो सकता है। आपको अंदाजा नहीं होता, लेकिन इस तरह आपकी कमाई से ज्यादा का खर्च हो जाता है। ऐसे में आप धीरे-धीरे एक जाल में फंसती चली जाती हैं और बाद में आपको फाइनेंशियली बहुत अधिक परेशानी महसूस होती है। इसलिए, क्रेडिट कार्ड का कम से कम इस्तेमाल करने की कोशिश करें, क्योंकि आपको अहसास नहीं होता, पर आप पूरे महीने बहुत अधिक खर्च कर देती हैं। साथ ही, “अभी लो, बाद में दो“ जैसी स्कीमों से दूर रहें। याद रखें कि आज का छोटा कर्ज कल आपकी नींद उड़ा सकता है।
सब्सक्रिप्शन और छोटे खर्च पर दें ध्यान

इस पर अक्सर हमारा ध्यान नहीं जाता है, लेकिन छोटे-छोटे खर्च ही महीने का बजट बिगाड़ते हैं। फ़ूड ऐप्स से लेकर ओटीटी, बार-बार होने वाली ऑनलाइन खरीदारी आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालती है। अगर आप इन खर्चों पर रोक लगाती हैं तो इनसे महीने में 1-2 हजार रुपये आसानी से बचाए जा सकते हैं।
