Why women's financial well-being is the key to a secure future
Why women's financial well-being is the key to a secure future

Financial Independence for Women: हमारी सेहत केवल शरीर और मन तक सीमित नहीं होती। शारीरिक, मानसिक और फाइनेंशियल वेलनेस, ये तीनों मिलकर आपको समृद्ध बनाते हैं। खासतौर पर महिलाओं के लिए आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर होना जरूरी है।

फाइनेंशियल वेलनेस का अर्थ है- पैसे को समझदारी से संभालना, सही तरीके से खर्च करना, भविष्य के लिए बचत और निवेश करना और ऐसी आर्थिक स्थिति बनाना जिसमें तनाव कम हो और निर्णय लेने का आत्मविश्वास बढ़े। आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भता और समृद्धि महिलाओं के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जैसे वे जीवन के बाकी क्षेत्रों में सक्षम हैं, वैसे ही आर्थिक मामलों में भी उन्हें आत्मनिर्भर होना चाहिए। यह केवल पैसे कमाने का नहीं, बल्कि पैसे को संभालने का कौशल है।

1. कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा देता है।

2.जिंदगी के बड़े फैसले आत्मविश्वास से लेने में मदद करता है।
3. तनाव और चिंता कम होती है।
4. परिवार और भविष्य सुरक्षित रहते हैं।

आज की तेज रफ्तार जिंदगी में महिलाएं घर के साथ-साथ ऑफिस, व्यवसाय और उद्यमिता में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे न केवल खर्च प्रबंधन करती हैं, बल्कि कई बार घर की मुख्य कमाने वाली भी बन रही हैं। इसलिए वित्तीय रूप से स्वस्थ होना न केवल उपयोगी, बल्कि अत्यंत आवश्यक
हो गया है।

पैसे की स्वतंत्रता भावनात्मक और सामाजिक दोनों स्तरों पर आत्मविश्वास का स्रोत है। जब महिला आर्थिक रूप से सक्षम होती है, तो वह बिना झिझक अपने फैसले ले पाती है। संकट के समय दूसरों पर निर्भर नहीं रहती और अपने करियर और सपनों को आगे बढ़ा पाती है।

आज की महिलाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक आर्थिक रूप से सक्रिय हैं। शहरों में कामकाजी महिलाएं अच्छा-खासा कमा रही हैं। जो महिलाएं होममेकर हैं वो भी घर के बजट, बचत और दैनिक खर्चों को बड़े ही व्यवस्थित तरीके से संभालती हैं। फिर भी एक आम बात यह देखी जाती है कि अधिकांश महिलाएं अपनी कमाई का पूरा नियंत्रण खुद नहीं रखतीं। निवेश के फैसले पति या किसी और के हाथों में छोड़ देती हैं। यहां तक की बड़े वित्तीय निर्णयों में शामिल नहीं की जातीं। गृहिणियां कमाई नहीं करने के कारण खुद को आर्थिक रूप से निर्भर महसूस करती हैं।

अकसर महिलायें अनजाने में कुछ ऐसी वित्तीय गलतियां कर देती हैं, जिनका असर लंबे समय तक दिखाई देता है। कई बार वो परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए अपनी वित्तीय जरूरत भूल जाती हैं। अधिकतर महिलाएं निवेश से डरती हैं और पैसे को सिर्फ बचत तक सीमित रखना
चाहती हैं।

आर्थिक सुरक्षा केवल कमाई से नहीं आती बल्कि उसके लिए सही वित्तीय योजना भी जरूरी है। इसके लिए हर महिला को तीन चीजों की बेसिक समझ अवश्य होनी चाहिए-
बचत: नियमित बचत छोटी हो या बड़ी,यह सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। हर महीने अपनी आमदनी का एक तय हिस्सा जरूर बचायें।
निवेश: आज जितना जरूरी पैसा बचाना है उतना ही जरूरी उसको सही जगह निवेश करना भी है। निवेश के ऐसे विकल्प तलाशें जहां रिटर्न अच्छा मिल सके जैसे- एसआईपी, म्यूचुअल फंड, गोल्ड बॉन्ड, पब्लिक प्रॉविडेंट फंड और एफडी।
इंश्योरेंस: एक मेडिकल इमरजेंसी कई सालों की बचत खत्म कर सकती है, इसलिए इंश्योरेंस सुरक्षा कवच है। स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा दोनों आवश्यक हैं।

अक्सर माना जाता है कि वित्तीय योजना सिर्फ कामकाजी महिलाओं के लिए जरूरी
है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं।

कामकाजी महिलाएं ऐसे करें प्लानिंग

1. अपनी कमाई का एक प्रतिशत बचत में रखें
2. रिटायरमेंट प्लानिंग शुरू करें
3. निवेश पोर्टफोलियो बनाएं
4. टैक्स प्लानिंग सीखें

Planning for housewives
Planning for housewives

1. घर के खर्च का बजट बनाना
2. बचत की आदत
3. अपने नाम पर बैंक खाता रखना
4. छोटी-छोटी रकम का निवेश
5. कर्ज और बिल समय पर चुकाना

हर महिला को अपने नाम से एक इमरजेंसी फंड रखना चाहिए। इसमें कम-से-कम 3-6 महीनों के खर्च होने चाहिए। यह फंड महिलाओं को नौकरी खोने, बीमारी, पारिवारिक संकट और अचानक आर्थिक परेशानी के समय सुरक्षित रखता है।

डिजिटल भुगतान बढ़ने के साथ फ्रॉड भी बढ़े हैं। कई बार वित्तीय जानकारी के अभाव में महिलाएं ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो जाती हैं। इससे बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है

1.ओटीपी किसी के साथ साझा न करें
2. यूपीआई लिंक पर क्लिक न करें
3. संदिग्ध कॉल या मैसेज को नजरअंदाज करें
4. सिर्फ भरोसेमंद ऐह्रश्वस का उपयोग करें

जब भी सैलरी आए, अपनी कमाई का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा तुरंत अलग रखें। इसे अलग खाते में जमा करें या निवेश करें। यह आदत न केवल आर्थिक सुरक्षा देती है बल्कि मानसिक रूप से भी आपको राहत और स्थिरता महसूस कराती है।

हर महीने किसी न किसी छोटे वित्तीय लक्ष्य को जरूर तय करें। जैसे इस महीने 2000 रुपये अतिरिक्त बचाना है, अनावश्यक खर्चों पर रोक लगानी है या अपना क्रेडिट कार्ड बिल जीरो रखना है। ऐसे छोटे-छोटे लक्ष्य लंबे समय में बड़ी बचत और बेहतर वित्तीय आदतें विकसित करने में मदद करते हैं। साथ ही, इन लक्ष्यों को पूरा करने से आपको लगातार मोटिवेशन मिलता है और
आप अपने आर्थिक भविष्य को लेकर ज्यादा आत्मविश्वास महसूस करती हैं।

छोटे- छोटे कदम जो महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाते हैं-

1. नियमित बचत की आदत
2. हर महीने खर्च का ट्रैक रखना
3. सैलरी या पॉकेट मनी का कुछ हिस्सा निवेश करना
4. अपने नाम पर संपत्ति या निवेश रखना
5. माइक्रो मनी की आदतें अपनाएं। दिन के अंत में एक बार जरूर चेक करें कि आपने पूरा दिन पैसे कहां खर्च किए यह जरूरी था।

महिलाओं को मनी वेलनेस के लिए समय के साथ खुद को अपडेटेड रखना भी जरूरी है। इसके लिए टीवी, न्यूजपेपर, मैगजीन के माध्यम से नई वित्तीय जानकारी लेते रहे। समय-समय पर होने वाली फाइनेंशियल वर्कशॉप में भी भाग ले सकते हैं।
महिलाओं के लिए फाइनेंशियल वेलनेस सिर्फ एक आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और आत्मविश्वास का आधार है। आज की महिला अपनी जिम्मेदारियों, सपनों और भविष्य को
संतुलित रखकर तभी आगे बढ़ सकती है, जब वह आर्थिक रूप से मजबूत और जागरूक हों।

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...