Overview: फिक्स्ड सैलरी में भी बचत, निवेश और फाइनेंशियल ग्रोथ के आसान तरीके
अगर आपकी इनकम फिक्स्ड है और महीने के आखिर में पैसे खत्म हो जाते हैं, तो यह लेख आपके लिए है।
Financial Growth in Fixed Income: अधिकतर लोग जॉब करते हैं और इसलिए उनकी एक फिक्स्ड इनकम होती है। हर महीने एक तय समय पर उनकी सैलरी आती है और फिर उसी से वे अपनी इच्छाएं व जरूरतें पूरी करते हैं। इतना ही नहीं, उसी फिक्स्ड इनकम में उन्हें बचत भी करनी होती है, जो करना वास्तव में काफी मुश्किल लगता है। महीना खत्म होने से पहले ही उनके पैसे खत्म हो जाते हैं और उन्हें समझ में ही नहीं आता है कि वे अपने फाइनेंस को किस तरह मैनेज करें कि समय के साथ उनकी ग्रोथ हो।
हो सकता है कि आप भी ऐसी ही कशमकश में हों, लेकिन ऐसे में आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। अगर आपकी फिक्स्ड इनकम है, तब भी आप सही प्लानिंग और सही आदतों के साथ बेहद आसानी से फाइनेंशियल ग्रोथ कर सकते हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
इनकम और खर्च का करें रियलिटी चेक

अगर आप अपनी फिक्स्ड इनकम में बचत के साथ-साथ फाइनेंशियल ग्रोथ भी चाहती हैं तो पहले आपको खुद को एक रियलिटी चेक देना होगा। इसके लिए आप एक डायरी में सबसे पहले महीने की कुल सैलरी लिखिए, फिर जरूरी खर्च जैसे घर का किराया, राशन, बिजली, पानी अलग करें और फिर उसके बाद गैर-जरूरी खर्च जैसे ऑनलाइन शॉपिंग व बाहर का खाना पहचानें। इससे आपको यह समझ में आएगा कि पैसा कहां जा रहा है, तब तक बचत करना मुश्किल है।
सेविंग की भी खर्च में करें गिनती
अमूमन लोग फाइनेंशियल ग्रोथ इसलिए नहीं कर पाते हैं, क्योंकि वे सेविंग को सबसे बाद में रखते हैं। जबकि आपको ऐसा नहीं करना चाहिए। आप अगर बचे हुए पैसों से सेविंग करेंगे, तो कभी भी सेव नहीं कर पाएंगे। सच ये है कि पहले सेविंग करनी चाहिए, फिर खर्च। इसलिए, यह नियम बनाएं कि सैलरी आते ही एक हिस्सा सबसे पहले सेविंग में अलग डाल दें और यह सोचें कि यह खर्च हो चुका है। फिर आप बचे हुए पैसों में अपनी चीजों को मैनेज करें।
सही तरह से करें निवेश

कुछ लोग पैसों को सिर्फ बैंक अकाउंट में रखना या फिर एफडी करवाना ही पर्याप्त समझते हैं। लेकिन अगर आपकी फिक्स्ड इनकम है तो ऐसे में आपको समझदारी से निवेश करना चाहिए। सेविंग अकाउंट में रखा हुआ पैसा धीरे-धीरे अपनी वैल्यू खो देता है। निवेश करने के लिए आप एसआईपी, पब्लिक सेविंग स्कीम्स या फिर लॉन्ग टर्म निवेश की योजना बना सकते हैं।
कर्ज से बचने की कोशिश करें
अधिकतर लोग अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए कर्ज ले लेते हैं, लेकिन छोटी-छोटी ईएमआई आपको कहीं ना कहीं फाइनेंशियल ग्रो होने से रोकती हैं। इसलिए जितना हो सके, इनसे बचने की कोशिश करें। याद रखें कि हर कर्ज बुरा नहीं होता, लेकिन बिना सोचे लिया गया कर्ज नुकसान करता है। इसलिए, एक साथ कई चीजें ईएमआई पर ना लें। पहले पुराने कर्ज खत्म करें, फिर नए प्लान बनाएं। अगर आप पर कर्ज कम होगा तो सेविंग और निवेश आसान होगा।
