Summary: अरिजीत सिंह के गाने ‘ओ मेरे शिव’ को मिला जबरदस्त प्यार, कमेंट सेक्शन में उमड़ा फैंस का उत्साह
प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद अरिजीत सिंह ने चुपचाप अपना शिव भक्ति गीत ‘ओ मेरे शिव’ यूट्यूब पर रिलीज किया, जिसे अब तक 1,92,000 से अधिक लोग देख चुके हैं। बिना किसी प्रमोशन के जारी हुए इस भजन को फैंस का भरपूर प्यार मिल रहा है।
Arijit Singh New Shiva Song: बॉलीवुड की आवाज कहे जाने वाले अरिजीत सिंह ने हाल ही में में लेने का ऐलान कर अपने चाहने वालों को चौंका दिया था। 27 जनवरी को की गई इस घोषणा ने उनके फैंस के बीच हलचल मचा दी। लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर शिव भक्ति गीत रिलीज कर सबको एक अलग ही अनुभव से रूबरू करा दिया। गौरतलब है कि इस गाने को अब तक 201K views हो चुके हैं।
अरिजीत सिंह का नया गाना यूट्यूब पर
‘ओ मेरे शिव’ नामक इस शिव भजन को महाशिवरात्रि से पहले जारी किया गया है। खास बात यह रही कि करोड़ों फॉलोअर्स होने के बावजूद अरिजीत ने इसे सोशल मीडिया पर प्रमोट नहीं किया। न कोई शोर, न कोई बड़ा प्रचार, बस चुपचाप यूट्यूब पर इस गाने को विजुअल्स के साथ रिलीज कर दिया गया।
“ओ मेरे शिव” गाने की डीटेल
इस भजन के बोल जाने-माने गीतकार कुमार ने लिखे हैं, जिसमें भक्ति और भावनाओं का सुंदर संगम दिखाई देता है। संगीत संयोजन मंदीप पंघाल का है, जबकि गिटार और स्ट्रोक्स का काम शोमू सील और स्वस्तिक शुभं ने संभाला है। कोरस में पीयूष रंजन, साक्षी होल्कर, सोनम पाठक और स्वयं मंदीप पंघाल की आवाज शामिल है। वीडियो में आदि योगी शिवा नजर आ रहे हैं। विजुअल्स में अरिजीत नहीं हैं।
लोगों के प्यार से भरा है कमेंट सेक्शन
9 फरवरी को रिलीज हुए इस म्यूजिक वीडियो को कुछ ही दिनों में लगभग दो लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। इस गीत को सुनते ही सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई। एक फैन ने लिखा, “अरिजीत सिंह अपने असली संसार में लौट आए हैं।” वहीं दूसरे फैन ने कहा, “उनकी आवाज में जो आध्यात्मिकता है, वह सीधे दिल को छूती है।” कई फैंस ने यह भी कहा कि अरिजीत और शिव भजन का संगम बहुत दुर्लभ और खास है। एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैं अपने कमेंट्स यहां इसलिए दे रहा हूं ताकि कुछ साल बाद कोई इसे पसंद करे। मुझे नोटिफाई किया जाएगा और मैं इस मास्टरपीस गाने को बार-बार सुन सकूं।” एक अन्य ने लिखा, “सबको अरिजीत सिंह के गानों का बेसब्री से इंतजार था।”
“अरिजीत सिंह का इस स्पिरिचुअल स्पेस में आना लेजेंडरी है। यह सिर्फ एक गाना नहीं है; यह उनकी ‘ऑसम सोच’ और उनके म्यूजिकल सफर का एक खूबसूरत नया चैप्टर है। ओम नमः शिवाय!” जैसा कमेंट बताता है कि अरिजीत सिंह को लोग कितना पसंद करते हैं। एक ने तो अरिजीत की तुलना किसी भी अवॉर्ड से नहीं करते हुए लिखा, “फिल्मफेयर नहीं, ऑस्कर नहीं, ग्रैमी नहीं। दुनिया का कोई भी अवॉर्ड अरिजीत की आवाज के स्तर का नहीं है और जिस फ़ील के साथ वे गाते हैं, गजब है। अरिजीत सर एक आवाज नहीं हैं। वह एक फीलिंग हैं, एक इमोशन हैं। वह अमर हैं। हम बहुत लकी हैं कि वह हमारी जेनरेशन में हैं।”
जनवरी में घोषणा की थी संन्यास की
अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उनके फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन म्यूजिक इंडस्ट्री में चर्चा है कि वह अब पूरी तरह स्वतंत्र रूप से संगीत रचना और प्रस्तुति पर ध्यान देना चाहते हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि यह भजन उनके नए सफर की शुरुआत हो सकती है, जहां वे किसी फिल्मी बंधन में नहीं, बल्कि अपने मन के अनुसार संगीत रचेंगे।

