Editorial Review: सावन-भादो का महीना अपनी पूरी हरीतिमा और सौंदर्य के साथ हमारे बीच उपस्थित है। वर्षा की फुहारें जहां धरती की प्यास बुझा रही हैं, वहीं मन-मस्तिष्क को भी एक नई ताजगी और ऊर्जा से भर रही हैं। इस मौसम में प्रकृति हमें सिखाती है कि परिवर्तन आवश्यक है- सूखी टहनियों पर भी नये अंकुर फूट सकते हैं, बशर्ते समय और परिस्थिति अनुकूल हो। इसी भावभूमि पर रचा गया है साधना पथ का यह विशेष अंक। इस अंक में हमने उन विषयों को स्थान दिया है जो मानसून के समय न केवल हमारे शरीर, बल्कि मन और आत्मा के लिए भी मार्गदर्शक हैं। चाहे बात हो बच्चों के स्वास्थ्य की, या गर्भावस्था में जरूरी देखभाल की, चाहे चर्चा हो डिजिटल डिटॉक्स की आवश्यकता की, या मोबाइल के बढ़ते प्रयोग से होने वाले मांसपेशियों में अकड़न की- हमारे लेख जीवन को संतुलन देने वाले हैं।
वहीं दूसरी ओर, सावन-भादो का महीना त्यौहारों की सौगात भी लाता है। हरियाली तीज, रक्षाबंधन, और जन्माष्टमी जैसे पर्व न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं, बल्कि ये हमें रिश्तों, भक्ति और अध्यात्म का महत्व भी सिखाते हैं। इस अंक में ‘राखी है रक्षा कवच’, ‘कैसे करें सूर्यदेव की पूजा’ और ‘कृष्ण दर्शन’ जैसे लेख, आत्मा को पोषण देने वाले विषयों को उजागर करते हैं। साधना पथ का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि आत्मा के भीतर छुपे उस उजाले को प्रज्ज्वलित करना है जो जीवन की जटिलताओं में भी साधना का मार्ग दिखा सके। आइए, इस वर्षा ऋतु में केवल तन ही नहीं, मन और आत्मा को भी शुद्ध करें। साधना के पथ पर चलें, और इस जीवन यात्रा को सार्थक बनाएं।
आप सभी पाठकों को तीज, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वस्थ रहें और आशावादी बने रहें। धन्यवाद।
आपका…
नरेन्द्र कुमार वर्मा
nk@dpb.in
