Sleep Disorder: भागदौड़ भरी जिंदगी में यदि चैन की नींद आ जाए तो व्यक्ति पूरे दिन तरोताजा और खुशनुमा महसूस करता है। लेकिन ऐसा तभी संभव है जब आप पूरी तरह से तनावमुक्त और शरीरिक रूप से स्वस्थ्य हों। स्टडी के अनुसार हर पांच में तीसरा व्यक्ति नींद न आने की समस्या से जूझ रहा है। वहीं कई लोग समय पर सोते तो हैं लेकिन रात के समय बार-बार नींद खुलने, बेचैनी या घबराहट की वजह से पर्याप्त नींद नहीं ले पाते। हर दिन एक विशेष समय पर जैसे 3 से 5 बजे के बीच में नींद खुलना किसी बीमारी या तनाव का संकेत हो सकता है। इस समस्या को नजरअंदाज करना किसी गंभीर समस्या को बढ़ावा देना होगा। आखिर 3 से 5 बजे के बीच में नींद क्यों खुलती है और इससे कैसे निजात पाया जा सकता है, चलिए जानते हैं इसके बारे में।
स्ट्रैस और एंग्जाइटी

आपको बता दें कि रात में सोते समय शरीर में तनाव हार्मोन जिसे कोर्टिसोल कहा जाता है, वह बढ़ जाता है। जिसकी वजह से नींद पैटर्न प्रभावित हो सकता है। विचारों और सक्रिय मन के कारण सोने में कठिनाई महसूस हो सकती है। इसके अलावा तनाव की वजह से हार्ट रेट में बढ़ोतरी और घबराहट हो सकती है। स्ट्रैस और एंग्जाइटी नींद न आने की सबसे बड़ी वजह में से एक है।
ब्लड शुगर लेवल बढ़ना
सोते समय यदि आपको भूख लगे या हाथ-पैरों में कंपन महसूस करते हैं तो ये हाई ब्लड शुगर लेवल का संकेत हो सकता है। इस स्थिति में बार-बार यूरिनेशन महसूस हो सकती है साथ ही व्यक्ति की नींद बार-बार टूटती है। ब्लड शुगर लेवल बढ़ने से हार्ट रेट बढ़ जाती है और व्यक्ति को अधिक पसीना आ सकता है।
हार्मोनल चेंजेज
रात के समय नींद खुलना बढ़ती उम्र और मेनोपॉज की ओर इशारा करता है। नींद न आने की समस्या से अधिकांश महिलाएं प्रभावित होती हैं। इसके अलावा थाईरॉइड की समस्या होने पर भी आपकी स्लीप साइकिल में बदलाव आ सकता है। थाईरॉइड होने की स्थिति में रात में सोते समय थकान, एंग्जाइटी और तनाव महसूस हो सकता है। इस समस्या को गंभीरता से लेना आवश्यक है।
अर्थराइटिस पेन

कुछ हेल्थ कंडीशन ऐसी होती है तो देखने में सामान्य लगती हैं लेकिन इसका प्रभाव आपकी नींद पर पड़ता है। यदि आपकी नींद लगातार रात के समय एक निश्चित समय पर खुलती है तो ये संकेत सीवियर अर्थराइटिस के हो सकते हैं। अर्थराइटिस की वजह से व्यक्ति के बदन में दर्द और जकड़न होती है जो रात के समय अधिक परेशान कर सकती है। अर्थराइटिस पेन होने पर नींद बार-बार खुल सकती है।
नींद खुलने की समस्या से कैसे पाएं निजात
– रात के समय नींद न खुले और पर्याप्त नींद ले पाएं इसके लिए जरूरी है कि आप तनावमुक्त रहें। तनाव को कम करने के लिए आप मेडिटेशन का सहारा ले सकते हैं।
– कई बार थकान की वजह से भी नींद खुल सकती है। थकान को दूर करने के लिए नियमित रूप से फिजिकल एक्टिविटी और योगाभ्यास करें।
– सोने से पहले हैवी डिनर करने से बचें। फाइबर, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स को डाइट में शामिल करें।
– रात के समय कैफीन और अल्कोहल का सेवन न करें।
– सोने से आधे घंटे पहले मोबाइल और स्क्रीन छोड़ दें ताकि शांत मन से आप बिस्तर पर जाएं।
