Summary: रूबी भाटिया के वायरल वीडियो के पीछे छुपी है एक संघर्ष की कहानी
90 के दशक की मशहूर वीजे रूबी भाटिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार उनकी वापसी ग्लैमर स्क्रीन पर नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए हुई है। कभी बड़े इवेंट्स होस्ट करने वाली रूबी अब लोगों से सीधे जुड़कर पर्सनल गाइडेंस और डिजिटल कोलैबोरेशन का काम कर रही हैं।
Ruby Bhatia: 90 के दशक के भारतीय टेलीविजन का एक फ़ेमस चेहरा हैं रूबी भाटिया। वह सिर्फ एंकर नहीं थीं, वह उस पीढ़ी की पॉप कल्चर गाइड थीं, जब न इंस्टाग्राम था, न यूट्यूब और न ही रील्स का दौर। वह मिस इंडिया कनाडा रह चुकी हैं। इन्हें भारत की पहली वीडियो जॉकी के रूप में भी याद किया जाता है। म्यूजिक शोज हो, बॉलीवुड स्टार्स के इंटरव्यू या बड़े इवेंट्स की एंकरिंग, रूबी हर जगह पूरे आत्मविश्वास और स्टाइल के साथ मौजूद रहती थीं।
रूबी भाटिया का वायरल वीडियो
अपने करियर के टॉप पर वह प्रति शो लगभग एक लाख रुपये तक चार्ज करती थीं। उस समय के हिसाब से यह बहुत बड़ी रकम मानी जाती थी। लेकिन पिछले करीब बीस सालों से रूबी ने लाइमलाइट से दूरी बनाकर परिवार को प्राथमिकता दी है। हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो ने उन्हें फिर से सुर्खियों में ला दिया। उन्होंने बताया कि व्हाट्सप्प स्टेटस के लिए वह 250 रुपये, स्टोरीज के लिए 500 रुपये और रील्स के लिए सिर्फ 1000 रुपये लेंगी। सिर्फ यही नहीं, वह लोगों को लाइफ कोचिंग देने के लिए भी तैयार हैं। इसके लिए रूबी ने अपना व्हाट्सप्प नंबर भी शेयर किया है।
फैंस हुए इमोशनल
कई लोगों ने 90 के दशक की यादें ताजा करते हुए लिखा कि कभी टीवी की सबसे कॉन्फिडेंट पर्सनालिटी रही रूबी को आज इस रूप में देखना समय की सच्चाई याद दिलाता है कि शोहरत कभी स्थायी नहीं होती। वहीं कई फैंस ने उनके इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अपनी क्षमताओं का इस्तेमाल ईमानदारी से नई शुरुआत के लिए करना साहस की बात है।
एक ने लिखा, “हे भगवान, मेरे टीनएज के दिनों की याद आ गई। रूबी सबसे अच्छी थी। आपको देखकर बहुत अच्छा लगा!” एक अन्य फैन ने कमेंट किया, “बेस्ट VJ!! आपको फिर से शो या लाइव इवेंट होस्ट करने चाहिए। आपको देखना बहुत अच्छा लगता था!” तीसरे ने लिखा, “रूबी जी… आप सबसे अच्छी हैं। आप शादी के इवेंट होस्ट क्यों नहीं करतीं? आजकल यह ट्रेंड में है।”
रूबी की कहानी
दरअसल, इस बदलाव के पीछे एक निजी कहानी भी है। रूबी ने बॉलीवुड ठिकाना को दिए गए एक इंटरव्यू में बताया कि घर की मरम्मत और रेनोवेशन का छोटा सा प्लान धीरे-धीरे बड़े खर्च में बदल गया। रोजाना होने वाले काम और बढ़ते खर्चों के बीच कोरोना आ गया, जिससे काम रुक गया और बजट बिगड़ गया। बाद में दोबारा काम शुरू हुआ तो खर्च और बढ़ गया। इस दौरान उनकी बचत का बड़ा हिस्सा लग गया।
लंबे शूटिंग शेड्यूल और घर से दूर रहने वाले प्रोजेक्ट्स उनके लिए संभव नहीं थे, क्योंकि उनकी प्राथमिकता उनके बच्चे, घर और खुद की जिम्मेदारियां थीं। ऐसे में उन्होंने सोचा कि क्या कोई ऐसा काम हो सकता है जो फोन के जरिए किया जा सके और जिसमें उनका अनुभव काम आए? यहीं से उन्होंने लाइफ कोचिंग शुरू की।
