Pregnancy Bloating: गर्भावस्था किसी भी महिला के लिए एक कठिन दौर होता है। इस दौरान महिलाओं में बहुत तेजी से हार्मोनल परिवर्तन होते हैं, जिसके कारण उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, जब मौसम बदलता है तो उसका असर भी उनकी सेहत पर पड़ता है। मसलन, अब जब सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है तो ऐसे में गर्भवती महिलाओं को ब्लोटिंग, कब्ज और गैस की समस्या की शिकायत होना बेहद आम बात है। यूं तो गर्भावस्था में पेट व पाचन से जुड़ी समस्याएं होती ही हैं। लेकिन ठंड के दिनों में यह परेशानी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। आप इस समस्या को मैनेज करने के लिए कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपना सकती हैं। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
Also read : प्रेग्नेंसी में मोटापा बढ़ने के पीछे हो सकती हैं ये वजहें: Weight Gain in Pregnancy
सर्दियों में ब्लोटिंग की समस्या के कारण

सर्दियों में गर्भावती महिला को कई वजहों से ब्लोटिंग, कब्ज या गैस की समस्या होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। मसलन-
- गर्भावस्था के दौरान ब्लोटिंग का एक आम कारण हार्मोनल उतार-चढ़ाव है। गर्भावस्था के शरीर प्रोजेस्टेरोन के उच्च स्तर का उत्पादन करता है, जिससे डाइजेस्टिव मसल्स रिलैक्स करती हैं और पाचन धीमा हो जाता है। इससे कब्ज, गैस व पेट फूलने की समस्या हो सकती है।
- जैसे-जैसे गर्भ में बच्चे का आकार बढ़ने लगता है तो गर्भाशय उसे समायोजित करने के लिए फैलता है, उससे पाचन अंगों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। ऐसे में ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।
- ठंड के दिनों में एक गर्भवती महिला प्यास ना लगने के कारण पर्याप्त पानी नहीं पीती है। जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। जब गर्भवती महिला का शरीर डिहाइड्रेटेड हो जाता है तो इससे ब्लोटिंग व गैस हो सकती है।
- ठंड के दिनों में खान-पान की आदतों में भी काफी बदलाव आता है। त्योहार व वेडिंग फंक्शन में हैवी फूड खाने से गर्भवती महिला के लिए उसे पचाना काफी मुश्किल हो जाता है। जिससे सूजन और गैस की समस्या हो सकती है।
- सर्दियों में ठंडे मौसम के कारण गर्भवती महिला घर से बाहर कम ही निकलती है। आउटडोर एक्टिविटीज ना करने के कारण भी डाइजेस्टिव सिस्टम पर नेगेटिव असर पड़ता है और ब्लोटिंग होती है।
- अगर गर्भवती महिला अपने आहार में बीन्स, पत्तागोभी, ब्रोकोली और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स आदि को शामिल करती है तो इससे भी पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
- गर्भावस्था के दौरान हार्मोनल परिवर्तन पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकते हैं, जिससे पाचन तंत्र में गैस बनने के लिए अधिक समय मिलता है।
- ठंड के दिनों में अगर पर्याप्त सूरज की रोशनी के संपर्क में ना रहा हाए तो इससे शरीर में विटामिन डी का स्तर कम हो जाता है। विटामिन डी की कमी को पाचन समस्याओं से जोड़ा गया है। ऐसे में गर्भवती महिला को ब्लोटिंग हो सकती है।
सर्दियों में ब्लोटिंग की समस्या को दूर करने के घरेलू उपाय

अगर आपको ठंड के दिनों में ब्लोटिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो कुछ छोटे-छोटे उपाय इसे दूर करने में आपकी काफी मदद करेंगे-
- ठंड के दिनों में भी खुद को हाइड्रेटेड रखें। पर्याप्त पानी पीने से कब्ज, सूजन और गैस को रोकने में मदद मिलती है। कोशिश करें कि आप एक दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी अवश्य पीएं।
- अपनी डाइट का खास ख्याल रखें। सर्दियों में भी फल, सब्जियां व होल ग्रेन पर विशेष रूप से ध्यान दें। फाइबर रिच फूड्स पाचन को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करेंगे।
- सर्दी में एकदम से बहुत अधिक खाने से बचें। दिनभर में छोटे-छोटे कई मील्स लें। इसे पचाना आपके पाचन तंत्र के लिए आसान होगा।
- पाचन तंत्र को आराम देने के लिए हर्बल टी या नींबू के साथ गर्म पानी पीने की आदत डालें।
- गर्भावस्था में आप भले ही बहुत अधिक वर्कआउट नहीं कर सकती हैं, लेकिन फिर भी खुद को एक्टिव रखने की कोशिश करें। हल्का व्यायाम जैसे नियमित चलने की आदत डालें। इससे पाचन में मदद मिलती है।
- सर्दियों में जहां तक संभव हो, अतिरिक्त गैस बनाने वाले फूड्स जैसे सेम, पत्तागोभी, ब्रोकोली और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से दूरी बनाएं। अपनी डाइट का अतिरिक्त ख्याल रखें और संभावित ट्रिगर्स की पहचान करें।
- वार्म कंप्रेस से भी आपको काफी आराम मिल सकता है। आप इससे पेट के आसपास हल्का सेक सकते हैं। इससे आपको यकीनन कुछ हद तक फायदा होगा।
- अपने बॉडी पोश्चर पर भी ध्यान दें। बैठते समय सही पोश्चर बनाए रखने से आपके पाचन अंगों को सिकुड़ने से रोका जा सकता है, जिससे सूजन की संभावना कम हो सकती है।
- खाना सही ढंग से खाएं। मील के दौरान पर्याप्त समय लें और उसे अच्छी तरह चबाएं। साथ ही साथ, जब आप खाना खा रही हों तो बात न करें। इससे भी ब्लोटिंग की समस्या से बचा जा सकता है।
- आप पाचन से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए योग का सहारा भी ले सकती हैं। हालांकि, इसे कभी भी खुद से ना करें। हमेशा योग विशेषज्ञ की देख-रेख में करें और एक बार अपने डॉक्टर से इस विषय में सलाह ले लें।
सर्दियों में ब्लोटिंग की समस्या से बचने के उपाय

अगर आप चाहती हैं कि सर्दियों में आपको ब्लोटिंग की समस्या ही ना हो तो कुछ आसान उपाय अपनाएं। मसलन-
- हाई फैट फूड से बचें। ये आपको अनकंफर्टेबल फील करवा सकते हैं।
- भोजन के साथ पानी या कोई अन्य लिक्विड ना लें। इसके बजाय दो मील्स के बीच में पानी लें और खुद को हाइड्रेट रखें।
- कैफीन, अल्कोहल व सिगरेट से बचें। इससे आपको सिर्फ ब्लोटिंग ही नहीं, बल्कि अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
- सोने से ठीक पहले खाने से बचें।
