Calcium Deficiency Symptoms: कैल्शियम हमारे शरीर के लिए बेहद आवश्यक तत्वों में से माना जाता है। यह हमारे शरीर की हड्डियों और दातों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। कैल्शियम का सही मात्रा में सेवन शारीरिक प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक होता है। यह खून में थक्के बनने की समस्या से राहत पाने में भी मदद करता है और मांसपेशियों के सही निर्माण व कार्य के लिए भी कैल्शियम महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि शरीर में कैल्शियम की कमी हो तो कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं। कैल्शियम की कमी को हाइपोकैल्सीमिया कहा जाता है। कैल्शियम की कमी से बच्चे- बुढ़ों के साथ-साथ बड़े भी प्रभावित होते हैं। कैल्शियम की कमी के कई कारण हो सकते हैं। पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम युक्त आहार का सेवन ना करना, विटामिन डी की कमी व बढ़ती उम्र इसके मुख्य कारणों में से एक हैं। कैल्शियम की कमी से शरीर में कुछ विशेष लक्षण देखने को मिल सकते हैं।
दांतों में दर्द

शरीर में ज्यादा कैल्शियम दांतों और हड्डियों में जमा होता है। जब हमारी बॉडी में कैल्शियम की कमी होती है तो यह दातों पर बहुत बुरा प्रभाव डालता है। इससे दांत कमजोर होने लगते हैं साथ ही सड़न और गलन के कारण दांतों में दर्द की समस्या होने लगती हैं। कई लोगों के तो दांत पाउडर बनकर झड़ने लगते हैं।
रूखी त्वचा व कमजोर नाखून
यदि शरीर में कुछ कारणों से लंबे समय तक कैल्शियम की कमी रहती है तो यह त्वचा को रूखी व बेजान बना सकती है। नाखून भी ड्राई, कमजोर व भुरभुरे होने लगते हैं। बाल झड़ने की समस्या भी कैल्शियम की कमी के आम लक्षणों में शामिल है। वहीं इसकी कमी के चलते रूखी त्वचा, खुजली या सूजन की समस्या भी नजर आ सकती है।
हड्डियों में दर्द
जब शरीर में कैल्शियम का स्तर कम होता है तो हमारे शरीर की हड्डियां बहुत कमजोर हो जाती हैं। बढ़ती उम्र के साथ भी हड्डियां पतली होने लगती हैं और कमजोर हड्डियों के कारण मामूली चोट भी हड्डियों के फ्रैक्चर का कारण बन सकती है।कैल्शियम की कमी से ऑस्टियोपेनिया व ऑस्टियोपोरोसिस हो सकता है।
हमेशा कमजोरी महसूस करना

अगर आप बेवजह हमेशा कमजोरी महसूस करते हैं तो यह कैल्शियम की कमी से होने वाली समस्याओं में से एक हो सकता है।चक्कर आना, कमजोरी महसूस करना, ध्यान केंद्रित करने में समस्या, याददाश्त का कमजोर होना, इत्यादि लक्षण भी कैल्शियम की कमी के कारण हो सकते हैं।
मांसपेशियों में ऐंठन
मांसपेशियों को प्रभावी रूप से कार्य करने के लिए कैल्शियम की आवश्यकता होती है। कैल्शियम की कमी के कारण मसल्स में दर्द, शरीर में ऐंठन, पैरों का सुन्न पड़ना इत्यादि समस्याएं हो सकती हैं। दैनिक कार्य करते समय शरीर में दर्द का रहना कैल्शियम की कमी के लक्षण हो सकते हैं।
कैल्शियम की कमी को ऐसे दूर करें
कैल्शियम की कमी को पूरा करने के लिए प्रतिदिन डेरी प्रोडक्ट का सेवन बेहद फायदेमंद होता है। सुबह की धूप विटामिन डी का सबसे महत्वपूर्ण स्रोत है। वहीं कैल्शियम की पूर्ति करने के लिए संतुलित आहार, बेहतर लाइफस्टाइल का पालन के साथ ही प्रतिदिन एक्सरसाइज भी जरूरी है।