Relationship Tips: हर व्यक्ति का अपना एक अलग स्वभाव होता है। जहां कुछ लोग बेहद ही संकोची या शर्मीले स्वभाव के होते हैं तो वहीं कुछ लोगों का स्वभाव दोस्ताना होता है। ऐसे लोग बिना किसी संकोच के किसी से भी आसानी से बात कर लेते हैं या फिर दोस्त बना लेते हैं। जिन लोगों का स्वभाव दोस्ताना होता है, उनके मन में किसी तरह की गलत भावना नहीं होती है, बस वह आदतन ऐसा करते हैं। लेकिन अगर किसी लड़की का स्वभाव ऐसा होता है तो उसके परिवार के सदस्य या फिर पार्टनर को थोड़ा परेशानी हो सकती है। यह देखने में आता है कि ओवरफ्रेंडली स्वभाव की लड़कियों की दूसरों से दोस्ती को आसानी से हो जाती है, लेकिन उनकी लव लाइफ अकसर तनावपूर्ण ही रहती है, क्योंकि उसके पार्टनर के मन में इनसिक्योरिटी रहती है। अगर आपकी गर्लफ्रेंड भी ऐसी ही है तो आप उसे कुछ इस तरह से समझा सकते हैं-
ओवरफ्रेंडली स्वभाव के नुकसान

यूं तो फ्रेंडली होना काफी अच्छा माना जाता है, लेकिन अगर आप ओवरफ्रेंडली है तो इससे आपको कई नुकसान उठाने पड़ सकते हैं। जैसे-
- ऐसे लोग किसी से भी बिना सोचे-समझे दोस्ती कर लेते हैं। कभी-कभी गलत लोगों से दोस्ती करने का उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
- ओवरफ्रेंडली लोग किसी की भी बातों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं और अक्सर बातों-बातों में अपनी कुछ सीक्रेट या पर्सनल बातें भी शेयर कर देते हैं, जो बाद में उन्हें नुकसान पहुंचा सकती हैं।
- ऐसे लोगों की पर्सनल लाइफ हमेशा डिस्टर्ब रहती है, क्योंकि उनका पार्टनर उन पर शक करता है और कभी-कभी पार्टनर को जलन भी होती है, जिससे घर में कलह हो सकता है।
- अगर कोई लड़की ओवरफ्रेंडली होती है तो अक्सर उस पर कई तरह की बंदिशे भी लग जाती हैं, क्योंकि परिवार के सदस्य आसानी से उसके इस व्यवहार को स्वीकार नहीं करते।
ओवरफ्रेंडली स्वभाव को करें स्वीकार

कहते हैं कि दूसरों को बदलने से पहले हमें खुद को बदलने की जरूरत होती है। हर किसी में कुछ खूबियां व खामियां होती हैं। इसलिए, अगर आपकी गर्लफ्रेंड का स्वभाव ऐसा है तो उस पर शक करने या बंदिशे लगाने के स्थान पर उसके स्वभाव को स्वीकारें। शक करने या झगड़ा करने से रिश्ते में केवल खटास ही पैदा होगी। आपको यह समझने की जरूरत है कि जब आप उससे मिले थे या आपको उससे प्यार हुआ था, वह तब भी ऐसी ही थी। उस समय शायद आपको उसके इस स्वभाव से दिक्कत नहीं थी। लेकिन रिलेशन में आने के बाद आप खुद ही अपनी इनसिक्योरिटीज को बढ़ा रहे हैं। इसलिए, अपने पार्टनर को उसी तरह स्वीकारने की कोशिश करें, जैसा कि वह हैं। जब आप ऐसा करने में सक्षम हो जाते हैं, तो इससे आपके रिलेशन की काफी सारी दिक्कतें खुद ब खुद खत्म हो जाती हैं।
फ्रेंडली और ओवरफ्रेंडली में समझाएं अंतर

कहते हैं कि किसी भी चीज की अति क्षति करती है। ऐसा ही कुछ आपके स्वभाव के साथ भी है। फ्रेंडली होना अच्छी बात है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति या महिला ओवरफ्रेंडली होता है, तो इससे उसके लिए समस्या बढ़ सकती है। चूंकि, आपकी गर्लफ्रेंड का नेचर ऐसा है और आप कभी उसका अहित होते हुए नहीं देखना चाहेंगे। इसलिए, आप उन्हें ओवरफ्रेंडली होने के नुकसानों से आगाह करें। उन्हें समझाएं कि अपने घर-परिवार या फ्रेंड सर्कल में खुशमिजाज होना या ओपन नेचर का होना अच्छी बात है। लेेकिन वह किसी भी अनजान व्यक्ति से बात करने या दोस्ती करने से बचें। इससे उन्हें समस्या हो सकती है। ध्यान रखें कि आपकी बातों से उन्हें ऐसा लगना चाहिए कि आपको उनकी फ्रिक है, ना कि आप उन पर शक कर रहे हैं या फिर कोई बंदिशें लगा रहे हैं।
कहें मन की बात

जब गर्लफ्रेंड का स्वभाव ओवरफ्रेंडली होता है, तो पुरूष के मन में जलन व असुरक्षा की भावना आना लाजमी है। कई बार व्यक्ति अपने प्यार को खोने के डर से अपने पार्टनर से कुछ नहीं कहता है और मन ही मन घुटता रहता है। वहीं पार्टनर को इस बात की भनक तक नहीं होती है। इसलिए, अगर आपके मन में भी नकारात्मक विचार आने लगे हैं तो उन्हें खुद पर या फिर अपने रिश्ते पर हावी ना होने दें। बेहतर होगा कि आप अपने मन की बात अपनी गर्लफ्रेंड से करें। उन्हें यह समझाने का प्रयास करें कि जब वह अनजान लोगों से दोस्ती करती हैं तो आपको उनकी बेहद चिंता होती है और साथ ही साथ दुख भी होता है। जब आप उनसे अपने मन की बात खुलकर कहेंगे, तो यकीनन वह आपकी बात को समझेंगी और अपनी आदतों में कुछ हद तक सुधार करने का भी प्रयास करेंगी।
भूलकर भी ना करें यह मिसटेक्स

अगर आपकी गर्लफ्रेंड का स्वभाव ओवरफ्रेंडली है तो उसके साथ अपने रिश्ते को हैंडल करते समय आपको कुछ छोटी-छोटी गलतियों को अवॉयड करना चाहिए। मसलन-
- कभी भी अपने पार्टनर पर शक ना करें। जिन लोगों का स्वभाव ओवरफ्रेंडली होता है, उनके मन में अपने पार्टनर को धोखा देने की भावना नहीं होती है। लेकिन वह आदतन दूसरों से बात करते हैं या हंसी-मजाक करते हैं।
- कभी भी अपने पार्टनर की तुलना अपने किसी दोस्त के पार्टनर से ना करें। जब आप ऐसा करते हैं तो इससे आपके रिश्ते में नकारात्मकता आती है। आपकी गर्लफ्रेंड को ऐसा लगेगा कि आपको उसमें बस खामियां ही नजर आती हैं।
- बेवजह झगड़ा ना करें। हो सकता है कि पार्टनर के ओवरफ्रेंडली स्वभाव के कारण आपको चिड़चिड़ाहट होती हो और इसलिए आप अधिक गुस्सा करने लगे हों। लेकिन गुस्सा करने से समस्या का हल नहीं निकलेगा, बल्कि इससे सिचुएशन और भी ज्यादा खराब हो जाएगी।
