Sampadak ki Kalam se
Sampadak ki Kalam se

Editorial Review: फरवरी का महीना अपने साथ भावनाओं की एक नरम-सी चादर ओढ़े आता है। यह एकमात्र प्रेम का उत्सव नहीं, बल्कि रिश्तों को समझने, उन्हें महसूस करने और जीवन में उनकी अहमियत को दोबारा पहचानने का समय भी है। प्यार केवल गुलाब या उपहारों तक सीमित नहीं होता, यह साथ चलने, समझने और एक-दूसरे को स्वीकार करने की यात्रा है। इसी भाव के साथ गृहलक्ष्मी का यह अंक प्रेम और रोमांस के साथ-साथ जीवन के उन पहलुओं को भी छूता है, जहां जिम्मेदारी, समझदारी और संवेदनशीलता सबसे ज्यादा मायने रखती है। इस अंक में हमने वैलेंटाइन को एक आधुनिक, परिपक्व नजरिये से देखने की कोशिश की है, जहां प्रेम आत्म-सम्मान, भरोसे और भावनात्मक जुड़ाव से पनपता है। यही प्रेम जब दायित्व का रूप लेता है, तो वह माता-पिता और बच्चों के रिश्ते में सबसे गहराई से महसूस होता है। आज के समय में प्यार के साथ-साथ माता-पिता की भूमिका भी नये मायने ले रही है। बदलते बोर्ड परीक्षा पैटर्न और शिक्षा व्यवस्था के बीच बच्चों को केवल नंबरों की दौड़ में नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने
की जरूरत है। ‘सरोकार’ में हमने इसी बदलाव और माता-पिता की सकारात्मक भूमिका पर रोशनी डाली है।

वैलेंटाइन स्पेशल ब्यूटी और मेकअप लेखों में हमने ऐसे लुक्स और टिप्स शामिल किए हैं, जो दिखावे से अधिक आत्मविश्वास पर जोर देते हैं। और, जब बात प्रेम की हो, तो रसोई पीछे कैसे रह सकती है? वैलेंटाइन स्पेशल रेसिपीज उन आपके लिए साझा की है जिसे पढ़कर आप अपने वैलेंटाइन के लिए कुछ खास बना सकते हैं। साथ ही, इस समय परीक्षाओं की तैयारी में
जुटे सभी विद्यार्थी को हमारी ओर से ढेरों शुभकामनाएं- आत्मविश्वास रखें, आप जरूर
सफल होंगे।

आपकी….
वंदना वर्मा