Editorial Review: हम भारतीयों को नवंबर का महीना अच्छा लगता है क्योंकि इस समय मौसम बहुत सुंदर होता है। इस दिनों न तो अधिक गर्मी होती है और न ही अधिक ठंड, जिससे घूमने-फिरने के लिए यह आदर्श माना जाता है और संयोग देखिये इसका शुभारंभ देवउठनी एकादशी से हुआ है, भगवान विष्णु योगनिद्रा से जाग गए हैं।
अब सभी मांगलिक कार्यों की पुन: शुरुआत हो गयी है, कार्तिक पूर्णिमा से लेकर विवाह पंचमी तक का यह काल धार्मिकता और शुभ कार्यों से भरा रहेगा। कुलमिलाकर यह धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण अवधि रहेगी। इस पूरे माह व्रत, पूजन और यज्ञ जैसे अनुष्ठान करने से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होगा, जिसे ध्यान में रखते हुए इस बार पत्रिका में ऐसे विषयों का चयन किया गया है जो आपको पूरे माह सकारात्मक रखेंगे। 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है- यह दिन हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को समर्पित है, जिनका बच्चों के प्रति स्नेह और प्रेम अद्वितीय था। इस अवसर पर प्रस्तुत लेख में आप जानेंगे कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन और संवेदनशीलता कैसे विकसित की जा सकती है। इसी महीने गुरु नानक देव जी की जयंती भी मनाई जाती है। उनका जीवन प्रेम, सत्य और सेवा का संदेश देता है। उनके उपदेश आज भी मानवता को प्रकाश की ओर ले जाते हैं। इनके जीवन दर्शन पर आधारित लेख अवश्य पढ़ें। नवंबर से सर्दियों की शुरुआत हो जाती है, और यही समय है अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का। बदलते मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल जरूरी हो जाती है। इस अंक में स्वास्थ्य संबंधी लेख आपको सर्दियों में संतुलित आहार, गर्माहट और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताएंगे। हमारा उद्देश्य है कि आप इस मौसम में स्वस्थ रहें, मन प्रसन्न रहे और जीवन में अध्यात्म की ऊष्मा बनी रहे।
धन्यवाद।
आपका…
नरेन्द्र कुमार वर्मा
nk@dpb.in
