Breastfeeding Tips: एक स्त्री को मां बनने की संपूर्णता का अहसास तब होता है, जब वह अपने बेबी को दूध पिलाती है। दूध पिलाना किसी भी स्त्री के लिए एक बेहद ही सुखद अहसास होता है। यह ना केवल बच्चे बल्कि मां को भी स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है। जहां यह महिला को अवसाद से लेकर वजन कम करने में मददगार है, वहीं स्तनपान से बच्चे का इम्युन सिस्टम भी मजबूत होता है।
इतना ही नहीं, जब मां अपने बच्चे को दूध पिलाती है तो वह उसके साथ एक बॉन्ड भी शेयर करती है। जिसके कारण मां और बच्चे का आपसी रिश्ता मजबूत होता है। लेकिन कभी-कभी समस्या तब होती है, जब बच्चा दूध पीते-पीते निप्पल को काट लेता है। इससे महिला को एकदम से बहुत तेज दर्द होता है। कभी-कभी तो उसमें से खून भी निकलने लगता है। यह दर्द आपको कई दिनों तक परेशान कर सकता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप इस दर्द से राहत पा सकती हैं-
दूध पीते हुए बच्चे निप्पल क्यों काटते हैं?

इस दर्द से राहत पाने से पहले आपको यह अवश्य जानना चाहिए कि आपका नन्हा-मुन्ना दूध पीते हुए अक्सर निप्पल क्यों काटता है। इसके पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। मसलन-
- नर्सिंग करते समय जब वे ऊब जाते हैं या विचलित होते हैं।
- कभी-कभी सर्दी या कान के संक्रमण के कारण वे अस्वस्थ महसूस करते हैं, जिससे उनके लिए ब्रेस्टफीड करना मुश्किल होता है। ऐसे में जोर से चूसने की कोशिश में काट लेते हैं।
- दूध बहुत कम आने पर भी बच्चा निप्पल काट लेता है।
- अगर उनका पेट भर चुका है और आप उन्हें जबरदस्ती फीड करवा रही हैं तो इस स्थिति में बच्चा निप्पल काट सकता है।
- यदि उनके दांत निकल रहे हैं तो ऐसे में उन्हें मसूड़ों में खुजली हो सकती है। इस स्थिति में बच्चे हर चीज को काटते हैं, फिर चाहे बात निप्पल की ही क्यों ना हो।
निप्पल काटने पर शांत रहने का प्रयास करें

यह स्वाभाविक है कि जब बच्चा आपके निप्पल को अचानक से काटता है तो ऐसे में आपको एकदम से दर्द होता है और आप जोर से चीखते या चिल्लाते हैं। हालांकि, ऐसा करने से बचे। दरअसल, जब आप ऐसा करती हैं तो बच्चा आपकी प्रतिक्रिया से डर सकता है और परेशान होकर वह आपको अधिक काट सकता है। वहीं, आप इस स्थिति में हंसने या मुस्कुराने की गलती ना करे। हो सकता है कि आपका शिशु इसे एक आनंद के रूप में ले। इस तरह वह दूध पीते हुए आपको बार-बार काट लें।
निप्पल को धीरे से हटाएं

जैसे ही बच्चा निप्पल को काटता है तो यकीनन आप बच्चे को अपने स्तन से हटाना चाहेंगी। लेकिन इस दौरान उसे जोर से हटाने की गलती ना करें, क्योंकि इससे बेबी और निप्पल दोनों को नुकसान हो सकता है। इसके बजाय, अपने बच्चे के मुंह के कोने में एक उंगली रखें और निप्पल को हल्के से बाहर निकाल लें।
निप्पल काटने पर नमक के पानी का करें इस्तेमाल

नमक का पानी वास्तव में एक जादुई पानी है। यह कई तरह की समस्याओं को ठीक करने में मददगार है। अगर बच्चे ने गलती से आपके निप्पल को काट लिया है तो ऐसे में नमक के पानी से निप्पल को रिंस करने से यकीनन आपको लाभ होगा। इससे आपको सुखद अनुभूति होगी। साथ ही, यह आपकी स्किन को हील करने में मददगार है।
निप्पल क्रीम का करें इस्तेमाल

अगर बच्चे ने गलती से आपके निप्पल को काट लिया है और आपको काफी दर्द हो रहा है तो इस स्थिति में आप निप्पल क्रीम का इस्तेमाल भी कर सकती है। दरअसल, आजकल बाजार में कई तरह की निप्पल क्रीम मौजूद हैं, जो आपके निप्पल पर खरोंच या कट लगने पर हील करने में मददगार साबित हो सकती हैं।
निप्पल काटने पर पेन किलर का इस्तेमाल

यह तरीका आपके लिए तब कारगर है, जब आपको बच्चे के निप्पल काटने के बाद लगातार दर्द का अहसास हो रहा हो। ऐसे में आप दर्द दूर करने के लिए एक ओवर-द-काउंटर पेनकिलर की मदद ले सकती हैं। हालांकि, यहां आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आप किसी भी दवा का सेवन खुद से करने की कोशिश ना करें। बल्कि आप पहले डॉक्टर से सलाह लें और उनकी द्वारा बताई गई दवा ही लें।
निप्पल काटने पर कोल्ड पैक का इस्तेमाल

कोल्ड पैक आपको एक सूदिंग इफेक्ट प्रदान करता है। इसलिए अगर आप बच्चे के निप्पल काटने के बाद दर्द को कम करने और खुद को अधिक शांत करना चाहती हैं तो ऐसे में कोल्ड पैक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए आप कुछ बर्फ को कपड़े में लपेटकर उससे अपने निप्पल पर हल्की मसाज करें। इससे आपको तुरंत राहत का अहसास होगा।
बच्चे को दूसरे निप्पल से पिलाएं दूध

अकसर यह देखा जाता है कि जब बच्चा निप्पल काटता है तो इससे महिला को बहुत अधिक दर्द होता है। लेकिन बच्चे की जरूरतों को पूरा करने के लिए महिला बच्चे को नर्सिंग करवाती है। हालांकि, अगर आप डैमेज्ड निप्पल से ही स्तनपान करवाती हैं तो इससे निप्पल ठीक नहीं हो पाता। समय के साथ आपकी स्थिति बद से बदतर होती चली जाती है। इसलिए, आप बच्चे को दूध पिलाएं, लेकिन दूसरे स्तन से।
