बच्चों की ब्रेस्टफीडिंग की आदत कैसे छुड़वाएं
अगर आपके साथ भी यह समस्या आ रही है तो हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप आसानी से अपने बच्चे की ब्रेस्टफीडिंग की आदत छुड़वा सकती हैं।
How To Stop Breastfeeding: शिशु के जीवन के पहले 2 साल बहुत महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इन दो सालों में वो स्तनपान करता है। पहले 6 महीने तक तो माँ का दूध ही उसका सम्पूर्ण आहार होता है और उसके बाद दो साल तक आहार और माँ का दूध दोनों ही लेता है। इसके साथ ही धीरे-धीरे दूध की आवश्यकता कम और आहार की बढ़ती जाती है। लेकिन, इतने समय तक दूध पीते-पीते बच्चे की आदत बन जाती है और फिर दूध छुड़वाना मुश्किल हो जाता है।
कई बच्चे तमाम कोशिशों के बाबजूद दूध पीना नहीं छोड़ते हैं। अगर आपके साथ भी यह समस्या आ रही है तो हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताते हैं, जिन्हें अपनाकर आप आसानी से अपने बच्चे की ब्रेस्टफीडिंग की आदत छुड़वा सकती हैं।

पेट भरा रखें
शिशु का दूध छुड़ाने के लिए उसको पर्याप्त ठोस आहार देना चाहिए ताकि शिशु का पेट खाली न रहे और उसका ध्यान दूध की तरह न जाए। शिशु को अलग-अलग उसकी पसंद की चीज़ें खाने के लिए दें। शिशु को जो भी खिलाएं उस चीज़ का स्वाद ऐसा होना चाहिए कि वह दोबारा उसे खाने में दिलचस्पी दिखाये। खासतौर पर रात में अच्छे से खाना खिलाएं जिससे उसको रात में भूख नहीं लगे।

6 महीने से ही गिलास में दूध दें
6 महीने का होने पर ही कम से कम 2 बार बच्चे को गिलास से दूध पिलाने की आदत डालें। पहले शुरुआत कम मात्रा से करें और धीरे धीरे बढ़ाएं। हो सकता है कि शुरुआत में शिशु थोड़ी आनाकानी करे या इसे पसंद न करें। अगर आप बच्चे को कप या बोतल में दूध पिलाना शुरू कर देंगी, तो जब आपको दूध छुड़वाना होगा उस समय अधिक समस्या नहीं होगी।

नमक या हल्दी
अगर नमक, हल्दी या अन्य कोई खाने की चीज़ जिसका स्वाद बच्चे को पसंद न हो उसका प्रयोग कर सकती हैं। जैसे ही बच्चा दूध पिएगा, इन चीज़ों के ख़राब स्वाद के कारण दूध नहीं पी पायेगा और हो सकता है कि इसी स्वाद के कारण वो दूध छोड़ दें।

फीडिंग समय कम करें
हर दिन आप जितनी बार उन्हें दूध पिलाती हैं उसका एक बार कम कर दें। अर्थात् अगर आपने कल 4 बार दूध पिलाया था, तो आज 3 बार ही पिलाएं और ऐसा ही हर हफ्ते या हर दिन करती रहें। धीरे-धीरे आपके बच्चे को भी इस चीज की आदत पड़ जाएगी। और वह इस बदलाव को अधिक नोटिस भी नहीं कर पाएगा।

पैसिफायर
आप रात के समय कुछ देर के लिए बच्चे को पैसिफायर यानी कृत्रिम निप्पल चूसने के लिए दे सकते हैं। इससे स्तनपान की आदत धीरे-धीरे कम होने लगती है। ध्यान रहे कि पैसिफायर का इस्तेमाल लगातार नहीं करना चाहिए।

आप भी अपने बढ़ते बच्चे के स्तनपान की आदत से इन तरीकों को अपनाकर निज़ात पा सकती हैं।
