Mango Falooda: गर्मी का मौसम हो और हम आम ना खाएं, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है। इस मौसम में हम सभी फलों के राजा आम को अपनी डाइट का हिस्सा बनाते हैं। आम को कई अलग-अलग तरीकों से खाया जाता है। जब आम से बनने वाली डिशेज की बात हो तो ऐसे में मैंगो फालूदा काफी पसंद किया जाता है। क्रीमी, ठंडा-ठंडा और टेस्ट में लाजवाब, जिसका नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि, यह देखने में आता है कि लोग मैंगो फालूदा कभी स्ट्रीट पर या कैफ़े में खाना पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि मैंगो फालूदा घर पर बनाना काफी मुश्किल है और उसका वह टेस्ट भी नहीं आएगा। जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है।
मैंगो फालूदा बनाने के लिए आपको आम के साथ-साथ बस कुछ सिंपल चीज़ें चाहिए और बस थोड़ी सी लेयरिंग के साथ बेहद ही टेस्टी -टेस्टी फालूदा बनाकर तैयार कर सकते हैं। घर पर मैंगो फलूदा बनाने का सबसे बढ़िया फायदा ये है कि आप अपनी पसंद से सब कुछ एडजस्ट कर सकते हो, आम की क्वांटिटी से लेकर मिठास व एक्स्ट्रा आइसक्रीम तक, आप जैसा चाहे, वैसा फालूदा बनाकर तैयार कर सकते हैं। लेकिन वो मार्केट वाला परफेक्ट टेक्सचर और स्वाद पाने के लिए कुछ छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखना ज़रूरी है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही छोटे-छोटे टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको मैंगो फालूदा बनाते समय ध्यान रखना चाहिए-
सिर्फ पके और रस भरे आम का करें इस्तेमाल

आम की कई अलग-अलग वैरायटी होती हैं और इसलिए मैंगो फालूदा बनाते समय आपको सही आम को चुनना चाहिए। हमेशा ध्यान रखें कि आप अल्फांसो, केसर या कोई भी मीठा और गूदा भरा आम लें, जो पका हुआ हो। पके आम में नैचरल मिठास होती है और इससे, क्रीमी टेक्सचर और ज़बरदस्त फ्लेवर आता है। साथ ही, बाद में ज़्यादा चीनी डालने की ज़रूरत नहीं पड़ती। इस तरह के आम से फालूदा एकदम फ्रूटी और फ्रेश बनता है। फालूदा के लिए रेशेदार या खट्टे आम से दूर रहें क्योंकि इससे स्वाद का सारा मज़ा खराब हो जाएगा। फालूदा बनाने के लिए आम का गूदा अच्छे से ब्लेंड करें और फिर छान लें, ताकि मलाईदार और कैफे जैसा स्मूद टेक्सचर मिले।
फालूदा सेव को ठीक से उबालें
फालूदा बनाने के लिए फालूदा सेव को ठीक तरह से उबालना बेहद जरूरी होता है। आप इसे ना ज़्यादा पकाएं और ना ही कच्चा छोड़ें। बस 5-7 मिनट तक उबालें जब तक ये नरम ना हो जाएं। फिर ठंडे पानी से अच्छे से धो लें। ठीक से पका हुआ सेव सॉफ्ट होता है और बाकी चीजों के साथ अच्छे से मिक्स होता है। अगर कच्चा रह गया तो चबाने में अजीब लगता है, और ज़्यादा पक गया तो गूंद जैसा हो जाता है। ठंडे पानी से धोने से पकना रुक जाता है और सेव अलग-अलग रहते हैं। अगर आप चाहें तो उबालने के बाद 10-15 मिनट तक इन्हें गुलाब जल या ठंडे पानी में भिगोकर भी रख सकते हैं। इससे ये चिपकते नहीं हैं और ठंडे भी हो जाते हैं।
करें लेयरिंग

फालूदा का असली मज़ा उसकी लेयर्स में है, इसलिए इसे एक-एक करके सही तरह से जमाएं। सबसे पहले सब्जा के बीज 15-20 मिनट पानी में भिगोएं जब तक फूल ना जाएं। अब फालूदा सेव, फिर ठंडा मीठा दूध डालें। आप इसमें थोड़ा कंडेन्स्ड मिल्क या शक्कर मिला सकते हैं। अब आम का गूदा या टुकड़े, वनीला या मैंगो आइसक्रीम और ऊपर से कटे हुए मेवे, आम के टुकड़े और थोड़ी सी आम की प्यूरी डालें। लेयरिंग से मैंगो फालूदा देखने में शानदार लगता है और खाने में हर चम्मच में नया स्वाद जैसे मीठा, ठंडा, क्रीमी, क्रंची मिलता है।
ठंडे हों सभी इंग्रीडिएंट्स
फालूदा बनाते समय सभी इंग्रीडिएंट्स ठंडे होने चाहिए। ठंडा दूध से लेकर फ्रिज में रखा आम का पल्प और पहले से भिगोए हुए सब्जा बीज भी ठंडे हों। दरअसल, फालूदा एक ठंडी डिश है। अगर इसमें कुछ भी गरम हुआ, तो मज़ा खराब हो जाता है। साथ ही, ठंडे इंग्रीडिएंट्स से आइसक्रीम पिघलती नहीं है और फालूदा एकदम फ्रेश और कूल लगता है।
चेक करें मिठास

फालूदा में सही मिठास होना बेहद जरूरी है। इसलिए, आम और दूध मिक्स करके ज़रूर टेस्ट करें। कुछ आम बहुत मीठे होते हैं, कुछ में थोड़ा शक्कर या शहद डालना पड़ता है। ध्यान रखें कि आप फालूदा को डेज़र्ट की तरह ट्रीट करें, हेल्दी स्मूदी की तरह नहीं है। टेस्ट चेक करने से आपको एकदम परफेक्ट टेस्ट मिलेगा, जो ना ज़्यादा मीठा और ना ही फीका होगा।
आखिर में डालें आइसक्रीम
आइसक्रीम को आपको हमेशा आखिर में डालना चाहिए। वरना वह पिघल जाएगी और सब कुछ मिक्स हो जाएगा। वहीं, ऊपर से रखा ताज़ा स्कूप देखने में भी अच्छा लगता है और हर चम्मच में क्रीमी स्वाद देता है। साथ ही, आइसक्रीम का चयन भी सोच-समझकर करें। वनीला आइसक्रीम हर तरह के आम के साथ बढ़िया लगती है। लेकिन आम या केसर आइसक्रीम से देसी टच और भी बढ़ जाता है।
गुलाब सिरप का करें सही इस्तेमाल

मैंगो फालूदा में गुलाब का फ्लेवर काफी अच्छा लगता है। आप थोड़ा सा गुलाब सिरप नीचे या लेयर के बीच में डालें। इससे फ्लेवर और रंग दोनों बढ़ेंगे। हालांकि, ध्यान रखें कि आप इसे ज़्यादा मत डालिए, वरना आम का स्वाद दब जाएगा। जिससे आपको मैंगो फालूदा का वह परफेक्ट टेस्ट नहीं मिल पाएगा।
