Overview:
माना जाता है कि बाबा नीम करोली को मात्र 17 साल की उम्र में ज्ञान की प्राप्ति हो गई थी। उन्हें साक्षात भगवान हनुमान का अवतार माना जाता है। देश ही नहीं विदेशों में भी बाबा की ख्याति है। कई मशहूर हस्तियां नीम करोली बाबा के प्रभाव और आभा को महसूस कर चुकी हैं।
Neem Karoli Baba: 20वीं सदी के महान सिद्ध एवं रहस्यमयी संतों में से एक नीम करोली बाबा को आखिर कौन नहीं जानता। उनके संदेश, उपदेश और शिक्षाएं आज भी लोगों को राह दिखा रही हैं। उनकी हर एक बात आज भी प्रासंगिक है और सभी को जीवन को सही तरीके से जीने का संदेश देती हैं। माना जाता है कि बाबा नीम करोली को मात्र 17 साल की उम्र में ज्ञान की प्राप्ति हो गई थी। उन्हें साक्षात भगवान हनुमान का अवतार माना जाता है। देश ही नहीं विदेशों में भी बाबा की ख्याति है। कई मशहूर हस्तियां नीम करोली बाबा के प्रभाव और आभा को महसूस कर चुकी हैं। बाबा के कैंची धाम पर हर साल लाखों भक्त बाबा के इसी प्रभाव को महसूस करने पहुंचते हैं। नीम करोली बाबा के अनमोल वचनों को जानकर और उन्हें अपने जीवन में उतारकर आप भी अपनी जिंदगी को आसान बना सकते हैं। ये वचन आपके अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगे।
जीवन संवार देंगे ये वचन

नीम करोली बाबा के ये 10 वचन हर युग में प्रासंगिक हैं। इन्हें अपनाकर आप अपने जीवन में सकारात्मकता ला सकते हैं। जानिए ये असरदार वचन।
1. हमेशा ऐसे लोगों के बीच में रहना चाहिए, जो आपका भला चाहते हैं। सकारात्मक सोच वाले लोगों के साथ रहना ही अच्छा है।
2. हमेशा सबकी सेवा करो, सभी से प्रेम करो। भगवान को हमेशा याद करते रहो और हमेशा सच बोलो।
3. जब आप दर्द में होते हैं या बीमार होते हैं या फिर किसी के अंतिम संस्कार को देखते हैं। तब ही आप वास्तव में जिंदगी की कई सच्चाइयों से बहुत कुछ सीख पाते हैं।
4. लोग 100 साल आगे की योजनाएं बना लेते हैं। लेकिन सच्चाई तो यह है कि आप अगले पल के बारे में भी नहीं जानते। इसलिए आज को जीना सीखें।
5. सबसे बड़ी ताकत होती है दूसरों को माफ कर देना। क्योंकि इससे आपका क्रोध तुरंत शांत हो जाता है और आपका मन भी शांत होता है।
6. कभी भी किसी दूसरे व्यक्ति के सामने अपनी ताकत और कमजोरी उजागर नहीं करें। ऐसा करने से शत्रु आपकी रणनीति पहले ही भांप जाएगा और सतर्क हो जाएगा। यह एक बड़ी चूक है, जिसके कारण लड़ाई से पहले ही आपकी हार निश्चित हो जाती है।
7. यह संपूर्ण ब्रह्मांड हमारा घर है। इसमें रहने वाले सभी हमारा परिवार हैं। इसलिए भगवान को किसी एक विशेष रूप में देखने की कोशिश न करें, उन्हें हर चीज में देखने का प्रयास करें। यानी हर प्राणी में ईश्वर का अंश होता है।
8. सभी सांसारिक वस्तुओं से अपना मन हटा लें। अगर आप अपने मन को नियंत्रित नहीं कर सकते हैं, तो फिर आप भगवान को कैसे महसूस करेंगे। इसलिए अगर आप सच में भगवान को देखना चाहते हैं तो पहले अपनी इच्छाओं को मार डालो।
9. कभी भी दूसरों के सामने अपने किए गए दान-पुण्य का बखान नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से उसका पूरा महत्व खत्म हो जाता है। वहीं समाज में आपकी छवि दानी की नहीं, बल्कि दिखावटी और अहंकारी व्यक्ति की बनेगी।
10. बुद्धिमान व्यक्ति वही है जो दूसरों के सामने अपनी आमदनी की चर्चा नहीं करता। ऐसा करने से आपकी आय को दूसरों की नजर लग सकती है। इतना ही नहीं सभी आपकी आमदनी के अनुसार आपके जीवन स्तर का आकलन करने लगते हैं।
कैंची धाम है अलौकिक
नीम करोली बाबा के अनुयायी दुनियाभर में हैं। लेकिन उत्तराखंड के नैनीताल के पास स्थित उसके कैंची धाम पर भक्तों को अलग ही सुकून मिलता है। इस पावन और अलौकिक धाम की स्थापना साल 1964 में की गई थी। माना जाता है कि बाबा साल 1961 में पहली बार इस धाम पर आए थे। 10 सितंबर, 1973 में बाबा ने महासमाधि लेकर शरीर छोड़ा था। उनका अस्थी कलश भी कैंची धाम में ही स्थापित किया गया है। 1974 में यहां बाबा के मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ। इस मंदिर में बाबा की मूर्ति विराजित है, जो असली सी प्रतीत होती है।
