Spark in a Relationship: जब दो लोगों के बीच ‘रोमांस’ का संगीत बजता है तो दिल की तरंगें खुद-ब-खुद नाचने लगती हैं। प्यार और अपनापन आपके जीवन को खुशियों से और आपकी आत्मा को उल्लास से भर देता है। अक्सर किसी भी रिलेशनशिप की शुरुआत में युवती हो या युवक, ये फीलिंग्स एक सी ही होती हैं। लेकिन समय के साथ-साथ रोमांस के सुर धीमे और फिर नीरस होने लगते हैं। अगर आपके रिलेशनशिप में भी ऐसा ही हो रहा है तो चलिए हम आपको बताते हैं कि कैसे आप अपने संबंध को हमेशा के लिए उर्जावान बनाए रख सकते हैं।
Also read : जीवनसाथी की कुछ आदतें, जो इशारा करती हैं कि उनको अवसाद ने घेरा है: Partner Depression
सबसे जरूरी ढेर सारी बातें करें

किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए दो लोगों की एक ही मुद्दे पर बातचीत जरूरी है। यह बात सच है कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कपल्स को आपस में बात करने का समय नहीं मिलता, लेकिन यकीन मानिए आप ये समय अपनी मोबाइल सर्फिंग या टीवी टाइम कम करके आसानी से निकाल सकते हैं। दिन में कम से कम 30 मिनट अपनी बातों के लिए निकालें। इस दौरान एक दूसरे का हाथ थाम कर अपनी दिल की बातें एक दूसरे से कहें। यह बातचीत आपके रिश्ते की कड़ी को मजबूती से जोड़े रखेगी। कोशिश करें कि आप एक कॉमन टॉपिक पर बात करें। फिर चाहे वो घर खर्च को लेकर हो, बच्चों को लेकर या फिर हॉलिडे प्लान को लेकर।
जीवन में समान लक्ष्य बनाएं
एक रिश्ते में जब दो लोग होते हैं तो उनकी सोच और लक्ष्य भी अलग-अलग होते हैं। लेकिन कुछ लक्ष्य ऐसे भी खोजें जो आप दोनों के लिए बराबर महत्वपूर्ण हों। इन लक्ष्यों की लय पर आपका रिश्ता मजबूती के साथ उमंग से झूम सकता है। इन लक्ष्यों को पाने के लिए आप साथ कोशिशें करें। जरूरी नहीं है कि ये लक्ष्य बहुत बड़े ही हों। आप अपने गार्डन को हरा-भरा रखने से इसकी शुरुआत कर सकते हैं। या फिर साथ में कोई पूजा या सोशल वर्क करने का मन बना सकते हैं। ज्यादा कुछ नहीं तो खाना खाने के बाद एक छोटी सी नाइट वॉक या मॉर्निंग वॉक भी आपका यह काम बना सकती है। इससे आपके बीच तालमेल बढ़ेगा।
रिश्ते में स्पेस को महत्व दें

किसी भी रिश्ते में साथी को उसका खुद का स्पेस देने की कोशिश आप जरूर करें। जी हां, हर समय अपने साथी के साथ होने की उम्मीद और आशा कभी-कभी रिश्ते को बोझिल बना देती है। ऐसे में रिश्ते में लचीलापन रखें। आप अपने दोस्तों से मिलने का समय निकालें तो पार्टनर की फ्रेंडशिप का भी ध्यान रखें। इससे आप में उत्साह बना रहेगा। इसी के साथ समय के अनुसार अपने गोल्स चेंज करें। यह कतई जरूरी नहीं है कि बोया गया हर बीच अंकुरित हो। इसलिए जो लक्ष्य आपने मिलकर पा लिए हैं, उनके लिए खुश हों और जो नहीं पा सके हैं, उनके लिए एक दूसरे को कोसने की गलती न करें। ऐसा करने पर न ही आप लक्ष्य पा सकेंगे, न ही खुशी।
