मेहमानों के सामने पति को न कहें ऐसी नकारात्मक बातें
मेहमानों के सामने पति को कभी भी ऐसी बातें न कहें, जिसकी वजह से आपके रिश्ते की मजबूत डोर कमजोर पड़ जाए।
Relationship Advice: पति-पत्नी के बीच लड़ाई-झगड़े, प्यार-तकरार और रूठना-मनाना तो चलता ही रहता है। जब हम पति को अकेले में कुछ कहते हैं तो पति हमारी बातों से इतने नाराज नहीं होते हैं। लेकिन जब हमारे घर कोई मेहमान आया होता है तो उनके सामने कही गई बातें पति को काफी बुरी लगती हैं, जिसकी वजह से रिश्ते में दूरियां बढ़ जाती हैं और मेहमान भी चटकारे लेना नहीं भूलते। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि मेहमानों के सामने पति को कभी भी ऐसी बातें न कहें, जिसकी वजह से आपके रिश्ते की मजबूत डोर कमजोर पड़ जाए।
पति को कंजूस ना कहें

अगर आपके पति पैसे सोच-समझकर कर खर्च करते हैं और फिजूल खर्च से बचते हैं तो आप उन्हें कभी भी सबके सामने कंजूस कहने की गलती ना करें। आप यह बात समझें कि वे ऐसा आखिर अपने परिवार व बच्चों के लिए करते हैं, ताकि सबकी जरूरतों को पूरा कर सकें। ऐसे में अगर आप मेहमानों के सामने उन्हें कंजूस कहेंगी तो उन्हें काफी बुरा लगेगा और आपके बीच इसकी वजह से लड़ाई भी होगी।
पति को मम्मा ब्वॉय ना कहें
अगर आपके पति आपकी सासू माँ की हर बात मानते हैं तो इसका यह बिलकुल मतलब नहीं है कि आप इसकी वजह से सारे मेहमानों के सामने अपने पति को बार-बार मम्मा ब्वॉय कहें और सबके सामने पति और सासू माँ का अपमान करने की कोशिश करें। अगर आप ऐसा करती हैं तो लोग आपको ही गलत कहेंगे और आपके पीठ पीछे यह भी कहेंगे कि देखो अपने पति का जरा भी सम्मान नहीं करती है, कैसे सबके सामने पति की बुराई कर रही थी।
कभी ना दें तलाक की धमकी

अगर कभी मेहमानों के सामने पति के साथ आपकी लड़ाई हो जाए और अगर पति आपको कुछ कह दें तो आप एकदम से गुस्से में आकर पति को तलाक देने की धमकी ना दें। अगर आप ऐसा करने की गलती करती हैं, तो हो सकता है कि पति आपकी इस बात को अपने ईगो पर ले लें और सच में आपको तलाक दे दें। इसलिए मेहमानों के सामने ना ही पति से झगड़ने की कोशिश करें और ना ही कुछ उल्टा-सीधा कहें।
पति की आदतों का मजाक ना बनाएं

हर किसी की कोई ना कोई अजीब सी आदत जरूर होती है, जिसकी वजह से हमें परेशानी होती है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि जब आपके घर कोई आए तो आप पति की उन खराब आदतों का जिक्र करें और उसका मजाक बनाएं। आप खुद सोचिए कि अगर आपके पति ऐसा करेंगे तो आपको कैसा लगेगा, इसलिए मेहमानों के सामने आप ऐसी कोई गलती ना करें।
खुद बैठी रहें और पति को काम करने के लिए ना कहें

यह ठीक है कि पति घर के कामों में आपका हाथ बटाते हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि मेहमानों के सामने आप आराम फरमाते रहें और पति को काम करने का आर्डर देती रहें। ऐसा करने से पति को बुरा लगता है और वे मन ही मन आपसे नाराज भी होते हैं।
