Coconut Shell Uses: शायद ही कोई ऐसा इंसान हो, जिसने कभी भी नारियल का स्वाद ना चखा हो। कभी लोग नारियल पानी तो कभी नारियल दूध को अलग-अलग तरह से अपनी रेसिपी में शामिल करना पसंद करते हैं। इसके अलावा, नारियल के गूदे को खाना या फिर उससे अलग-अलग तरह की रेसिपी भी ट्राई की जाती है। लेकिन क्या आपको पता है कि नारियल का खोल भी आपके बेहद काम आ सकता है।
जी हां, नारियल वाकई कमाल की चीज़ है। अगर आप उसके छिलके को बेकार समझकर फेंक देते हैं, तो आप यकीनन गलती कर रहे हैं। नारियल का खोल अक्सर कचरे में चला जाता है, जबकि अगर आप चाहें तो इसे भी कई अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल में ला सकते हैं। इस तरह आप अपने घर और किचन का ख्याल इको-फ्रेंडली तरीके से रख सकते हैं। साथ ही साथ, जब आप बेकार समझे जाने वाले नारियल के खोल को अलग-अलग तरीकों से काम में लाते हैं तो इससे काफी हद तक आपके पैसे भी बचते हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बता रहे हैं कि आप नारियल के खोल को किस तरह अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं-
नारियल के छिलके से बनाएं बाउल
नारियल के खोल को आप बतौर बाउल भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सूखे नाश्ते स लेकर चटनी, मिठाई या यहां तक कि चावल परोसने के लिए एक अच्छा ऑप्शन साबित हो सकता है।
कैसे बनाएं
- खोल को अच्छे से साफ़ करें और रेशे हटा दें।
- बाहर की सतह को रगड़कर चिकना करें।
- चाहें तो नारियल तेल से चमका सकते हैं।
- अंदर की सतह को ऐसे ही छोड़ सकते हैं या फूड-सेफ वार्निश से टिकाऊ बना सकते हैं।
नेचुरल चारकोल या कोयला बनाएं
अगर आप चाहें तो सूखे नारियल के खोल को जलाकर नैचुरल कोयला बना सकते हैं। यह ग्रिलिंग या स्मोकिंग के लिए एक अच्छा ऑप्शन है।
कैसे करें-
- खोल को कंट्रोल्ड आंच पर जलाएं जब तक वह काला होकर धुआं छोड़ना बंद न कर दे।
- इसे सिगड़ी या तंदूर में इस्तेमाल करें।
- बिना केमिकल वाले कोयले से खाने में शानदार स्मोकी फ्लेवर आता है।
मिठाई या आइसक्रीम के लिए बनाएं बाउल
खीर, कुल्फी, पायसम, फ्रूट सलाद या मूस सर्व करने के लिए आप नारियल के खोल से बाउल बनाएं।
कैसे तैयार करें-
- खोल को साफ करके फ्रिज में ठंडा करें।
- चाहें तो नीचे केले का पत्ता भी बिछा सकते हैं।
- जन्माष्टमी, ओणम जैसे त्योहारों में यह बाउल बहुत सुंदर लगता है।
मसाले या नमक रखने का डिब्बा बनाएं
साबुत मसाले, नमक या भूने हुए मसाले थोड़े समय के लिए रखने के लिए आप नारियल के खोल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कैसे बनाएं-
- खोल को अच्छे से साफ़ और चमकाएं।
- ऊपर ढक्कन बनाने के लिए दूसरे खोल या कपड़े का इस्तेमाल करें।
- यह जीरा, राई, इलायची या सूखे करी पत्ते जैसे मसालों को रखने के लिए बढ़िया है।
