Overview:
इन दिनों इंस्टाग्राम रील्स में 'डेट देम टिल यू हेट देम' यानी 'नफरत करने तक डेट करो' ट्रेेंड चल रहा है। अब यह ट्रेंड काफी चर्चा में है। कुछ इसे मजाक तो कुछ इसे ब्रेकअप का सीरियस अंदाज बता रहे हैं।
Breakup Trend: प्यार, इकरार और तकरार की दुनिया में अब ऐसे-ऐसे नए ट्रेंड्स आ रहे हैं, जिन्हें जानकर आपका दिल और दिमाग दोनों घूम जाएंगे। इन दिनों इंस्टाग्राम रील्स में ‘डेट देम टिल यू हेट देम’ यानी ‘नफरत करने तक डेट करो’ ट्रेेंड चल रहा है। अब यह ट्रेंड काफी चर्चा में है। कुछ इसे मजाक तो कुछ इसे ब्रेकअप का सीरियस अंदाज बता रहे हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या है यह ट्रेंड।
जानिए क्या है यह नया ट्रेंड

‘डेट देम टिल यू हेट देम’ ट्रेंड का मतलब है कि आप अपने पार्टनर को तब तक डेट करते रहें, जब तक उनकी छोटी-छोटी आदतें आपको परेशान न करने लगे। क्योंकि ये बातें और परेशानियां आगे चलकर नफरत में बदल जाती हैं। जब आप इन आदतों को झेल नहीं पाएं तो बिना कोई बड़ा झगड़ा किए, बस रिश्ता खत्म कर दें।
इन्हें पसंद आ रहा है यह चलन
यह ट्रेंड उन लोगों को पसंद आ रहा है जो सीधे ब्रेकअप की बात करने से डरते हैं या उसमें उलझना नहीं चाहते। कुछ लोगों का मानना है कि यह ब्रेकअप के लिए खुद को भावनात्मक रूप से तैयार करने का एक तरीका है। जिसमें इंसान धीरे-धीरे मन ही मन अपने पार्टनर को अलविदा कहता है और उससे दूर हो जाता है।
पहले से खत्म हो चुके रिश्ते का अंजाम
टिकटॉकर्स और इंस्टाग्राम रील्स ने इस ट्रेंड को और फेमस कर दिया है। लोग अब बता रहे हैं कि उन्होंने कैसे अपने एक लंबे रिश्ते को बिना किसी लड़ाई के खत्म किया। लोगों ने बताया कि जब वह रिश्ता तोड़ते हैं, तब तक वह पहले ही अंदर से खाली हो चुके होते हैं। इसलिए इस ट्रेंड को फॉलो करने से आपको दुख कम होगा। इससे तनाव या झगड़े जैसी स्थिति नहीं बनती, क्योंकि दिल में सामने वाले के लिए सिर्फ गुस्सा होता है।
लड़ाई झगड़े से बचाव का तरीका
कई लोगों को रिश्ते में परेशानियों पर खुलकर बात करना मुश्किल लगता है। लड़ाई झगड़े या इमोशनल बातों से बचने के लिए वे चीजों को अंदर ही अंदर सहते रहते हैं। रिश्ते में जुड़े लोग अक्सर दिल टूटने का पल महसूस नहीं करना चाहते। वहीं जब आप पहले से ही रिश्ते से नाराज हैं तो ब्रेकअप आसान हो जाता है।
यह है ब्रेकअप का सही तरीका
‘डेट देम टिल यू हेट देम’ ट्रेंड भले ही एक बार में आसान लगे, लेकिन किसी भी रिश्ते को बिना बात किए छोड़ देना कोई अच्छा रास्ता नहीं कहा जा सकता है। कई बार यह आपको अंदर ही अंदर तोड़ देता है। इसलिए रिश्ते में खुलकर बातें करना जरूरी है। इससे आपका कंफ्यूजन दूर होगा। साथ ही दिल से गलतफहमियां दूर हो पाती हैं। जिससे आप अपने रिश्ते की सच्चाई का सामना कर पाते हैं। क्योंकि रिश्ते को शुरू करने के साथ ही उसे ईमानदारी से खत्म करना भी जरूरी है। हालांकि अपनी सीमाएं जरूर तय करें।
