Winter Diet Tips for Health: सर्दियों के आते ही हम में से ज्यादातर लोग इस बात को लेकर काफी परेशान रहते हैं कि सर्दियों में सेहतमंद रहने के लिए अपने खानपान में क्या शामिल करें और क्या नहीं।
आयुर्वेद के अनुसार जब मौसम में परिवर्तन होता है, तो हमें अपने खानपान में उसी के अनुसार बदलाव करने चाहिए, ऐसा करना हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी और लाभकारी होता है।
प्रकृति भी हमें मौसम के अनुसार ही फल, सब्जियां और अनाज प्रदान करती है। मौसम के अनुसार भोजन करना हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य में भूमिका निभाता है। यह शरीर के तीन दोष (वात, पित्त और कफ) के संतुलन को भी बनाए रखने में मदद करता है, कई बार इनका असंतुलन शरीर में गंभीर रोगों का कारण भी बनता है। जैसे कि गर्मियों के मौसम में हम शरीर को ठंडक प्रदान करने के लिए ठंडे फल- तरबूज, खरबूज आदि पानी से भरपूर फूड्स का सेवन अधिक करते हैं, ठीक इसी तरह सर्दियों के मौसम में हमें शरीर को गर्म रखने वाले फूड्स को डाइट में शामिल करने की जरूरत होती है।
आइये जानते हैं सर्दियों में दिनों में स्वस्थ रहने के लिए अपनी डाइट में क्या शामिल करें और क्या नहीं? ताकि आप रहें फिट एंड हेल्थी। सर्दियों में स्वस्थ रहने के लिए डाइट में करें ये 10 बदलाव-
गर्म तासीर वाले अनाज खाएं

आयुर्वेद के अनुसार ऐसे अनाज को अपनी डाइट का हिस्सा बनायें जो आपके शरीर को आंतरिक रूप से गर्माहट प्रदान करे। इन दिनों आप अपनी डाइट में गेंहू के साथ-साथ बाजरा, मक्का और रागी जैसे गर्म अनाज शामिल करने चाहिए, इनमें पोषण और सभी पोषक तत्व अच्छी मात्रा में होते हैं।
हरी सब्जियां खाएं
अपने शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाने के लिए सर्दियों के दिनों में हरी पत्तेदार सब्जियों का अधिक से अधिक सेवन करना चाहिए। इसके लिए कोशिश करें कि साग, मेथी, पालक जैसी मैग्नीशियम और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर सब्जियों को डाइट में शामिल करें, जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में मददगार होती हैं।
दही खाएं

दही एक बेहतरीन प्रोबायोटिक है, जिससे यह सर्दियों में पेट के लिए बहुत फायदेमंद है। इसकी तासीर भी गर्म होती है जो कि आपके पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करती है। इसलिए दोपहर के भोजन के साथ दही जरूर अपनी डाइट में शामिल करें, साथ ही इसे रात में खाने से बचें और ताजे दही का ही सेवन करें।
अलसी या तिल का सेवन करें
बीज खाने से कैल्शियम, हेल्दी फैट्स और अन्य पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में मिलते हैं। यह हमारी हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए बहुत जरूरी है। कोशिश करें कि सर्दियों में अलसी या तिल का सेवन जरूर करें।
जड़ वाली सब्जियां खाएं
जड़ वाली सब्जियां जैसे- गाजर, चुकंदर, शलजम फाइबर-आयरन और कई विटामिन के बेहतरीन स्रोत हैं इसलिए आपको इनका सेवन जरूर करना चाहिए, साथ ही इनकी तासिर गर्म होती है।
15-20 मिनट धूप में जरूर बैठें

सर्दियों में लोगों में विटामिन डी की कमी काफी देखने को मिलती है, क्योंकि लोग ज्यादातर समय घर में बिताते हैं लेकिन शरीर में कैल्शियम और फास्फोरस के अवशोषण के लिए विटामिन डी बहुत जरूरी है। धूप विटामिन डी का सबसे बेहतरीन स्रोत है। इसलिए विटामिन डी लेने के लिए सुबह आपको धूप में 15-20 मिनट जरूर बैठना चाहिए।
कच्ची सब्जियां खाने से बचें
कच्ची सब्जियां खाने से शरीर में वात दोष का संतुलित बिगड़ता है और पाचन संबंधी समस्याएं होती हैं। इसलिए आपको हमेशा सब्जियों को थोड़ा पका लेना चाहिए। सर्दी में अक्सर लोग कम पानी पीते हैं जबकि इस मौसम में भी 10 से 12 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए।
गर्म मसाले शामिल करें
शरीर को गर्म रखने और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए भोजन में जायफल, हल्दी, दालचीनी, पपरिका जैसे मसालों को शामिल करें। भोजन में लौंग, हल्दी, काली मिर्च, गुड़, कढ़ी पत्ता, पान, दालचीनी, अदरक आदि शामिल करें। इनका सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता तो बढ़ाता ही है, साथ ही सर्दी-जुकाम से भी बचाता है। दूध में हल्दी डालकर पीने से भी रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
नट्स सूखे फल खाएं
काजू, अंजीर, पिस्ता, बादाम और अखरोट जैसे नट्स खाएं। इनमें हेल्दी फैट्स, कैलोरी ये पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और आपको गर्म रखते हैं, इनको भिगोकर खाने से डाइजेशन दुरुस्त रहता है। सूखे फलों में भी ताजे फलों के समान ही सूक्ष्म पोषक तत्व होते हैं साथ ही विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन ई और फोलेट जैसे खनिज से भरपूर होते हैं। ये पोषक तत्व प्रतिरक्षा, त्वचा और बालों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं और आपकी हड्डियों को भी मजबूत बना सकते हैं।
सर्दियों में कई दिनों में आप नट्स, ड्राई फ्रूट्स, बीज, बेसन, मेथी, देसी घी आदि मिलाकर लड्डू बनाएं और शाम को स्नैक्स के रूप में खाएं।
प्रोटीन और आयरन को शामिल करें
सर्दियों में ऊर्जा से भरपूर रखने के लिए खाने में खीर, पनीर, दूध, विटामिन सी युक्त फल आदि को शामिल करें। खीर में शक्कर की बजाए सूखे मेवे आदि का उपयोग कर उसमें प्राकृतिक मिठास शामिल करें। यदि मधुमेह नहीं है तो पिंड खजूर, गुड़-मूंगफली की पट्टी, गुड़-तिल, गुड़-चना जरूर खाएं। इससे प्रोटीन और आयरन दोनों की पूर्ति होगी।
सर्दियों में लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनते हैं लेकिन सर्द हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़ों के साथ हेल्दी डाइट भी काफी जरूरी है। जिससे आप इस मौसम में बीमारियों को मात दे सकें इसलिए आप अपनी डाइट में यह 10 अहम् बदलाव कर या शामिल कर सर्दियों में भी स्वस्थ रह सकते हैं।
