समय की धारा को बदलती नायिकाएं, हम किसी से कम नहीं: Women Success Story
Women Success Story

Women Success Story : जीवन में सफलता ऐसे ही नहीं मिलती, उसे पाने के लिए अथक प्रयास करने होते हैं। कुछ ऐसे ही प्रयासों से अपनी मंजिल को पाने वाली यह महिलाएं आज न केवल स्थापित और सफल हैं बल्कि आज भी अपने आपको बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं।

Also read: Successful Women: नई इबारत गढ़तीं 25 महिलाएं

डीएनए में मिला वाककौशल

देश के जाने-माने वरिष्ट पत्रकार पद्मश्री विनोद दुआ की बेटी मल्लिका को अपने पिता से मानों वाककौशल डीएनए में मिला है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो अपने कंटेंट की वजह से आते हैं और छा जाते हैं। अब इसे ही देख लें, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो दिल्ली के लोगों को दीवाली की शुभकामनाएं दे रही थीं। उन्होंने खांसते हुए और गले पर हाथ रखते हुए शुभकामनाएं दी। प्रदूषण के बारे में बिना कुछ कहे जैसे वो बहुत कुछ कह गईं। उनका यही अंदाज उन्हें अलग रखता है। दिल्ली के बाराखंभा स्थित मॉडर्न स्कूल से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद मल्लिका ने अमेरिका जाकर अपनी आगे की पढ़ाई की और विज्ञापन की दुनिया में अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन वह हमेशा से ही कुछ अलग करना चाहती थी। ऐसे में साल 2016 में उन्होंने सपनों की नगरी मुंबई को अपना ठिकाना बनाया। साल 2017 में उन्होंने अपना एक यू-ट्यूब चैनल शुरू किया। उनके पहले वायरल वीडियो की बात करें तो वह दिल्ली के सरोजनी नगर में शॉपिंग करने आने वाली लड़कियों पर आधारित था। इसमें मल्लिका ने कमान किया था, जिसमें उन्होंने साउथ दिल्ली की सुपरस्टाइलिश गर्ल तो कभी मम्माज गर्ल के अंदाज में रोती नजर आईं।
चाहे दिल्ली से दूर हैं लेकिन वह जो सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करती हैं वह दिल्ली की जीवशैली से प्रभावित होते हैं। अपने वीडियो में वो अक्सर समाज की कड़वी सच्चाई को हास्ट का अंदाज देकर उजागर करती हैं। इतना ही नहीं वह स्त्रीवादिता का भी समर्थन करती हैं।
अपने वीडियो के साथ-साथ वह फिल्मों में भी एक्टिंग दिखा चुकी हैं। इरफान खान के साथ इन्होंने फिल्म हिंदी मीडियम की थी। इसमें उनका रोल कहने को तो बहुत छोटा था लेकिन याद सभी को होगा। इसमें वो एक नखरीली ग्राहक के तौर पर इरफान की दुकान पर अपनी मम्मी के साथ पहुंची थी। इसके साथ वह अक्षय कुमार के साथ साल 2018 में आई फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’, इसी साल वह शाहरुख की फिल्म ‘जीरो’ में भी नजर आ चुकी हैं। वेब सीरीज ‘ट्रिप टू’ में नाजिया के रोल में वे बेहतरीन नजर आई थीं। कोविड के दौरान उन्होंने अपने माता-पिता को खोया है लेकिन अपने हौसले को नहीं। वे मानती हैं कि कॉमेडी ही उनकी इस रिक्कतता को भरता है। इंस्टाग्राम पर उनके 1 मिलियन फैंस हैं।

सपनों की है उड़ान

Ritu Rathi (YouTuber and Pilot)
Ritu Rathi (YouTuber and Pilot)

राम-राम सा मेरा नाम रितु राठी तनेजा है। सोशल मीडिया को स्क्रॉल करते-करते कभी-न-कभी आपने यह रितु तनेजा की रील और उनकी ऐसी ही आवाज को सोशल मीडिया पर जरूर सुना होगा। रितु एक जानी-पहचानी यू-ट्यूबर और पायलट हैं। वीडियो में उनका हरियाणवी बोलने का अंदाज ही उनके प्रशंसकों को लुभाता है। एक स्मार्ट सी पायलट जब ठेठ देसी अंदाज में अपनी जिंदगी से रू-ब-रू करवाती है तो कहीं-न-कहीं सभी को पता चलता है कि उनके सपनों ने भले ही उन्हें आसमान की बुलंदियों तक पहुंचाया लेकिन आज भी वो अपने देस और अपनी संस्कृति से पूरी तरह जुड़ी हैं।
गुड़गांव की रहने वाली 33 साल की पायलट रितु के लिए यहां तक पहुंचना इतना आसान भी नहीं था। सेंट स्टीफंस से रसायन विज्ञान में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद पायलट बनने के लिए अमेरिका गईं। अमेरिका तक पहुंचना उनके लिए आसान नहीं था। इसके बाद वह भारत लौटी लेकिन उन्हें कोई नौकरी नहीं मिली। इसी बीच उनकी मां की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। इस घटना ने उन्हें पूरी तरह से तोड़ा था। बहरहाल, उन्होंने अपने आपको किसी तरह संभाला। इसी बीच जेब खर्चे के लिए उन्होंने एक नौकरी कर ली और अपने पायलट बनने के सपने को भी जारी रखा।
खैर कुछ समय बाद उन्हें नौकरी मिली और जल्द ही वह कैप्टन बन गईं। इसी बीच उनकी मुलाकात अपने गौरव तनेजा से हुई। साल 2015 में इन्होंने इनके साथ शादी की। वहीं साल 2017 में अपने पति के साथ फ्लाइंग बीस्ट नाम से चैनल बनाया। आज इस चैनल के लाखों सबसक्राइबर हैं। वह और उनके पति अपनी पायलट की जिंदगी और निजी जीवन की खट्‌टी-मीठी बातों को इस चैनल पर अपलोड करते हैं। रितु की दो प्यारी सी बेटियां हैं जिन्हें आप उनके व्लॉगस में देखते हैं।
रितु उन सब लड़कियों के लिए एक प्रेरणा हैं जो अपने जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने पायलट बनने का सपना बचपन से देखा था। हालांकि उनके माता-पिता हमेशा उन्हें पढ़ाने के समर्थन में थे लेकिन उनके रिश्तेदार कहते थे कि लड़कियों को पढ़ाकर क्या करना है। आज अपनी योग्यता के बल पर रितु करिअर में नित नई ऊंचाई को छू रही हैं। जबकि उनके मन का कोना आज भी खाली है। वह अपने वीडियो में अपनी मम्मी के नहीं होने का जिक्र करती हैं। सच है कि जब अपने चले जाते हैं तो उनके नहीं होने का दर्द तो सालता है।

अभी तो जीवन शुरू हुआ है

कैसा हो जब एक महिला को उसका पति आकर अपनी मेडिकल रिपोर्ट दिखाए और कहे कि मुझे कैंसर हो गया। मेरे पास अब चार साल का समय है। दो बच्चों की मां नीरु सैनी के साथ आज से लगभग 20 साल पहले कुछ ऐसा ही हुआ। पति ने 20 साल पहले मृतशैय्या पर वादा लिया था कि तुम मेरी फूल जैसी बच्चियों को अच्छे से पढ़ाना और उन्हें बेहतरीन परवरिश देना। पति को वादा किया। उन्हें भी शायद इस बात को सुनकर संतुष्टि हुई और अगले ही दिन वो इस दुनिया को छोड़ एक अनंत यात्रा पर निकल गए। उस समय नीरु की उम्र 32 साल थी और दोनों ही बेटियां स्कूल में पढ़ रही थीं। अपनी बेटियों को पढ़ाने के लिए नीरु ने जॉब करनी शुरू की। वह एक सरकारी स्कूल में विज्ञान विषय की अध्यापिका थीं। नीरु कहती हैं कि ‘आप लोगों को लग रहा होगा कि बड़ी परेशान रही होगी। हां, वह समय कठिन था लेकिन उस समय के बाद जो एक और दूसरा समय आया उसने तो मुझे मुश्किल में डाल दिया। मुझे तनाव हो गया था। मेरी दोनों बेटियां आगे की पढ़ाई के लिए बाहर चली गईं। मेरे आंगन से मेरी दोनों चिड़िया उड़ चुकी थी और उस समय मैं अकेली रह गई। मुझे समझ नहीं आता था कि अपना समय अब किस तरह से बिताऊंगी। अब घर में कोई कहने वाला ही नहीं बचा थ कि मुझे यह सब्जी नहीं खानी, मुझे वो ड्रेस नहीं पहनना। मेरा 17 किलो वजन कम हो गया था। बेटियां भी मेरे लिए बहुत चिंतित रहती थीं। उन्हीं की सलाह पर मैंने योग का सहारा लिया।Ó
योग के बाद तो नीरु की जिंदगी को एक नया उजाला मिला। वो जो एक मां के तौर पर अपने जीवन को जी रही थी। उस नीरु को दोबारा एक पहचान मिली। योग के बाद इन्होंने साइकलिंग शुरू की। अब 50 साल की उम्र के बाद वह एक सोलो ट्रैवलर और बाइकर हैं। सही मायनों में वो महिलाओं को प्रेरणा दे रही हैं। विशेषकर उन महिलाओं को जो कि बच्चों के पालन-पोषण में खुद को व्यस्त रखती हैं। बच्चों के बिजी होने के बाद वो खाली हो जाती हैं। नीरु ने उस खालीपन के अंधियारे में खुद को खोने नहीं दिया बल्कि अपने सपनों की पोटली को तलाशा और उसमें से एक-एक सपना निकालकर वो उसे पूरा कर रही हैं।

अगर आप उदास हो और आपको लग रहा है कि अब तो उम्र हो चली है, अब मुझे क्या करना है तो आप सोशल मीडिया पर नीरु के वीडियो जरूर देखें। उनके फिटनेस संबंधी वीडियो कमाल के होते हैं।