Stress Free Kids: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में स्ट्रेस केवल बड़ों को नहीं बच्चों को भी है। जहां बड़े अपने स्ट्रेस के बारे में बात कर सकते हैं, वहां दूसरी तरफ बच्चे ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। आज बच्चों के स्ट्रेस का एक कारण नहीं हैं। आज उनकी प्रतिस्पर्धा केवल उन बच्चों से नहीं है, जिन्हें वह जानते हैं या जो उनके साथ स्कूल में पढ़ते हैं। बल्कि आज सोशल मीडिया और स्मार्ट टेक्नोलॉजी की दुनिया में उनकी स्पर्धा उन सभी से है, जिसे वह नहीं जानते। जहां एक तरफ अपनी क्लास में टॉप बनने का वह अपने ऊपर दबाव महसूस करते हैं, वहीं दूसरी तरफ वह सोशल मीडिया के उन बच्चों की तरह इनफ्लुएंसर बनना चाहते हैं जो कम उम्र में बहुत अच्छा पैसा कमा रहे हैं। आज के बच्चों का तनाव यहीं खत्म नहीं होता। हमारी आज की पीढ़ी कंफ्यूज है, जो नहीं जानती कि उसे करना क्या है। उसे चुना क्या है? किताबें या सोशल मीडिया। और इन सब के बीच में जो बढ़ रहा है, वह है बच्चों का स्ट्रेस। आज के समय में पेरेंट्स के लिए जो सबसे जरूरी है, वह है अपने बच्चों को सही गाइड। आइए आज हम कुछ ऐसे टिप्स के बारे में बात करते हैं, जिनका ध्यान रखकर आप अपने बच्चों का स्ट्रेस लेवल कम कर सकते हैं।
बच्चों की स्पर्धा का दायरा सीमित करें
आप अपने बच्चों की दुनिया वास्तविक दुनिया में सीमित करें, ना कि सोशल मीडिया के साथ उनकी दुनिया को जोड़े। आपका बच्चा अपनी कक्षा में कैसा प्रदर्शन कर रहा है, इसकी बात उससे करें, ना कि इसकी की दुनिया में उसकी उम्र के कितने बच्चे कितने फेमस है। अपने बच्चों की तुलना सामान्य बच्चों के साथ करें, ना कि एक्स्ट्राऑर्डिनरी बच्चों के साथ।
पढ़ाई के साथ कला पर ध्यान दें

जिस प्रकार हमारा समाज तेजी से बदल रहा है, उस हिसाब से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके कला पर ध्यान देना भी जरूरी है। अगर आपके बच्चों को विशेष रूप से किसी कला से प्रेम है या किसी एक्टिविटी को करने में उसका मन लगता है तो उस पर ध्यान दें। पढ़ाई के साथ-साथ उसके पसंद की एक्टिविटी के लिए भी उसे समय दें। अगर बच्चा दिन में कुछ समय अपने पसंद के कार्य को देता है तो वह खुश महसूस करता है, तथा उसका तनाव दूर होता है।
पढ़ाई से ब्रेक दें
अपने बच्चों को सारे दिन स्कूल तथा अलग-अलग सब्जेक्ट ट्यूशंस के चक्र में ना उलझाएं। स्कूल उसके शैक्षणिक ज्ञान के लिए आवश्यक है। लेकिन पूरे दिन के एक्स्ट्रा ट्यूशंस, उसके बाद स्कूल और ट्यूशंस के होमवर्क का दबाव बहुत ज्यादा ना दे। अपने बच्चों को दिन में कुछ घंटे का ब्रेक अपने पसंद के कार्य जैसे की; खेलने या अपने दोस्तों के साथ समय बिताने का जरूर दें। आपके द्वारा लिए गए यह छोटे-छोटे कदम आपके बच्चों को तनाव मुक्त रख सकते हैं।
शारीरिक कार्य करवाएं
आप अपने बच्चों को तनाव मुक्त तथा शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए व्यायाम तथा योग की मदद ले सकते हैं। साथ ही आप इस बात का ध्यान दें कि आपका बच्चा दिन में काम से कम 30 से 60 मिनट किसी प्रकार की फिजिकल एक्टिविटी करे जैसे कि; गेम्स खेलना या साइकलिंग करना। फिजिकल एक्टिविटी आपके बच्चों को शारीरिक रूप से फिट तथा तनाव मुक्त रहने में काफी मददगार साबित होता है।
स्क्रीन टाइम सीमित करें
आज के पेरेंट्स के लिए सबसे चैलेंजिंग काम है अपने बच्चों के स्क्रीन टाइम को सीमित करना। अपने बच्चों का स्क्रीन टाइम सीमित करने के लिए आप उन्हें अलग-अलग एक्टिविटी में बिजी रख सकते हैं। उन्हें हर रोज किताबें पढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर सकते हैं, या अपने दोस्तों के साथ पार्क में जाकर खेलने के लिए कह सकते हैं।
आप अपने बच्चों का तनाव कम करने के लिए इन सभी टिप्स को अपना सकते हैं। पर सबसे महत्वपूर्ण टिप्स है, अपने बच्चों को अपना समय दें। उनसे हर रोज बात करें, उनके साथ मिलकर कार्य करें।
