Health Insurance Policy: आज के समय में हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदना हर किसी के लिए बेहद आवश्यक हो गया है। दरअसल, व्यक्ति कब बीमार हो जाए, इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन एक बार हॉस्पिटल में एडमिट होने के बाद व्यक्ति के लाखों खर्च होते देर नहीं लगती। इसमें व्यक्ति के जीवन की सारी बचत कहीं खर्च हो जाती है। कभी-कभी तो पैसों की कमी के चलते व्यक्ति का ठीक ढंग से इलाज नहीं हो पाता है और उसकी जान चली जाती है।
इस अप्रत्याशित चिकित्सा आपातस्थिति से बचने का सबसे अच्छा तरीका है कि व्यक्ति समय रहते हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी ले ले। यह व्यक्ति को एक तरह की वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है। हालांकि, सिर्फ हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदना ही पर्याप्त नहीं होता है, बल्कि यह भी आवश्यक होता है कि आप अपने लिए सही पॉलिसी का चयन करें। आज के समय में आपको कई कंपनियों द्वारा हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी मिल सकती है। इसलिए, अपनी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी खरीदने से पहले इसके नियमों और शर्तों को समझना आवश्यक है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी गलतियों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आपको हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय करने से बचना चाहिए-
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय रिसर्च ना करना

यह एक कॉमन मिसटेक है, जो अक्सर लोग कर बैठते हैं। वह या तो जल्दबाजी में या फिर दोस्तों व परिवार के कहने पर किसी भी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को खरीद लेते हैं। चूंकि एक व्यक्ति की ज़रूरतें दूसरे से अलग होती हैं, इसलिए आपको अपनी ज़रूरतों के अनुरूप सही पॉलिसी को जानने व खरीदने की ज़रूरत है।
क्या करें-
किसी भी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को खरीदने से पहले आप विभिन्न नीतियों की तुलना करके और उनके कवरेज और उनके संबंधित प्रीमियम को समझें। यह भी पता लगाने की कोशिश करें कि आने वाले वर्षों में आपकी चिकित्सा आवश्यकताएं और खर्च क्या होंगे ताकि आप इन जरूरतों को पूरा करने वाली सही पॉलिसी को ढूंढ सकें।
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में अपर्याप्त कवरेज मिलना

अमूमन लोग हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय कवरेज पर ध्यान नहीं देते हैं। उनका अधिकतर ध्यान कम प्रीमियम का भुगतान करने पर होता है। लेकिन कम बीमा राशि वाली योजनाओं का विकल्प चुनने पर आपको पर्याप्त कवरेज नहीं मिल पाती है। इस तरह का कवरेज अल्पावधि में फायदेमंद लग सकता है, क्योंकि कुछ समय के लिए आपका वित्तीय बोझ कम हो सकता है। लेकिन किसी भी मेडिकल इमरजेंसी होने पर आपको बहुत अधिक पैसा खर्च करना पड़ सकता है।
क्या करें-
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को खरीदने से पहले यह अवश्य चेक करें कि पॉलिसी आपकी सभी चिकित्सा आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त कवरेज प्रदान करती है। इसमें गंभीर बीमारियों, अस्पताल में भर्ती होने से पहले और बाद के खर्च, वार्षिक हेल्थ चेकअप और बहुत कुछ शामिल हैं। सही कवरेज के साथ, आपका स्वास्थ्य बीमा आपकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेगा।
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में केवल मूल कवर का विकल्प चुनना

कुछ लोग सिर्फ कर लाभ प्राप्त करने के लिए हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते हैं। हालांकि, ऐसे मामलों में, आप एक व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभों से वंचित रह जाएंगे, जो अधिक सुरक्षा प्रदान करेगी, जिसमें एम्बुलेंस शुल्क, अस्पताल के कमरे के किराए और बहुत कुछ शामिल है।
क्या करें-
बुनियादी कवरेज की तुलना में व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए प्रीमियम पर थोड़ा अतिरिक्त खर्च करना उचित है। इस तरह, आप व्यापक कवरेज प्राप्त करेंगे और कठिन समय के दौरान आर्थिक रूप से सुरक्षित रहेंगे।
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय अपनी मेडिकल हिस्ट्री शेयर ना करना

बहुत से लोग हेल्थ प्लान खरीदते समय अपने मेडिकल इतिहास को छिपाने की गलती करते हैं। ऐसा अक्सर इसलिए होता है क्योंकि उन्हें रिजेक्शन या उच्च प्रीमियम का डर होता है। हालांकि, ऐसा करना आपकी बहुत बड़ी गलती हो सकती है और इससे आपको बहुत हानि उठानी पड़ सकती है, क्योंकि जब आपको इसकी सबसे अधिक आवश्यकता होती है, तो मौजूदा स्थितियों, या अज्ञात चिकित्सा जानकारी के कारण आपके बीमा दावों को अस्वीकार किया जा सकता है। ऐसे में हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदने के बाद भी आप उसके लाभों से वंचित रह जाते हैं।
क्या करें-
जब भी आप हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदें तो पारदर्शिता बरतें और अपनी पॉलिसी खरीदते समय अपने मेडिकल इतिहास का सच्चाई से खुलासा करने से न डरें। इसके लिए, आपको अधिक प्रीमियम का भुगतान करना पड़ सकता है, लेकिन यह भविष्य में दावा अस्वीकृति की संभावना को भी दूर कर देगा।
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय डॉक्यूमेंट को नहीं पढ़ना

यह एक बेहद ही आम गलती है, जो लगभग हर दूसरा व्यक्ति हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी खरीदते समय करता है। वह दस्तावेजों को सही तरह से नहीं पढ़ते हैं। जिसके कारण वह पॉलिसी से जुड़े नियमों व शर्तों के बारे में नहीं जान पाते हैं। साथ ही, उन्हें इस बात की भी पूरी जानकारी नहीं हो पाती है कि उनकी हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में कौन सी चीजें शामिल हैं और किन्हें छोड़ा गया है। ऐसे में जब व्यक्ति को बीमा और उसके पैसो की सबसे अधिक आवश्यकता होती है तो उन्हें वह नहीं मिल पाती है।
क्या करें-
हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को खरीदने से पहले सभी डॉक्यूमेंट्स को ध्यानपूर्वक पढ़ें। साथ ही यह जानने की कोशिश करें कि आपकी पॉलिसी में क्या कवर किया गया है और क्या योजना के तहत कवर नहीं किया गया है। इन सभी बातों को जानने के बाद आपको अपनी पॉलिसी के वास्तविक बेनिफिट का पता चलेगा। साथ ही, समय पड़ने पर आपके लिए उसे क्लेम करना भी आसान होगा।
