Health Insurance
Women Health Insurance

Summary: सही इंश्योरेंस पॉलिसी चुनना: सुरक्षा और फायदे की चेकलिस्ट

इंश्योरेंस लेने से पहले अपनी ज़रूरत, पॉलिसी शर्तें, प्रीमियम, कंपनी की विश्वसनीयता और टैक्स लाभ जरूर चेक करें।

Insurance Policy Checklist: आज के समय में इंश्योरेंस पॉलिसी हमारी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। चाहे वह हेल्थ इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस हो या व्हीकल इंश्योरेंस, सही पॉलिसी चुनना बहुत ज़रूरी है। लेकिन कई बार लोग बिना जानकारी के जल्दीबाज़ी में पॉलिसी खरीद लेते हैं और बाद में पछताना पड़ता है। अगर आप भी इंश्योरेंस लेने की सोच रहे हैं तो पहले यह चेकलिस्ट जरूर पूरी करें।

अपनी ज़रूरत को पहचानें

सबसे पहले यह तय करें कि आपको किस तरह की इंश्योरेंस पॉलिसी की ज़रूरत है। अगर आप परिवार के लिए सुरक्षा चाहते हैं तो लाइफ इंश्योरेंस सही रहेगा। मेडिकल खर्चों से बचाव के लिए हेल्थ इंश्योरेंस ज़रूरी है। गाड़ी या टू-व्हीलर के लिए मोटर इंश्योरेंस लेना अनिवार्य है। याद रखें, सही ज़रूरत के अनुसार चुनी गई पॉलिसी ही आपके लिए फायदेमंद होगी। वैसे आपको ये सभी इंश्योरेंस लेने चाहिये।

पॉलिसी की शर्तों को ध्यान से पढ़ें

Health Insurance
Health Insurance Importance Credit: Istock

इंश्योरेंस कंपनियां पॉलिसी में कई शर्तें जोड़ती हैं। अक्सर लोग बिना पढ़े साइन कर देते हैं और बाद में क्लेम रिजेक्ट होने पर परेशानी झेलते हैं। इसलिए पॉलिसी ख़रीदने के पहले यह ज़रूर देख लें कि उसमें क्या कवर है और क्या नहीं कवर है, जिससे बाद में परेशान नहीं होना पड़े। जिन परिस्थितियों में क्लेम नहीं मिलेगा, ज़रूर देखें।

प्रीमियम और कवरेज का संतुलन देखें

कई लोग सिर्फ कम प्रीमियम देखकर पॉलिसी चुन लेते हैं, लेकिन बाद में पता चलता है कि कवरेज बहुत कम है। कोशिश करें कि प्रीमियम आपकी आय के अनुसार हो। कवरेज इतना हो कि किसी बड़ी परेशानी में आपके परिवार को सुरक्षा मिल सके।

कंपनी की साख और क्लेम सेटलमेंट रेशियो

इंश्योरेंस कंपनी का चयन करते समय उसकी विश्वसनीयता ज़रूर जांचें। कंपनी का क्लेम सेटलमेंट रेश्यो (CSR) देखें। यह बताता है कि कंपनी कितने प्रतिशत क्लेम निपटाती है। बेहतर यही होगा कि 90% से ज्यादा CSR वाली कंपनी चुनें। कंपनी का Customer Support भी जांचें।

ऑनलाइन तुलना करें

आजकल कई वेबसाइट्स और ऐप्स हैं जहां आप अलग-अलग कंपनियों की पॉलिसी का तुलनात्मक अध्ययन कर सकते हैं। प्रीमियम, कवरेज, एड-ऑन बेनिफिट्स और टैक्स छूट जैसी बातें एक साथ देखकर निर्णय लें। तुलना करके आप सही पॉलिसी कम दाम में पा सकते हैं।

टैक्स लाभ

इंश्योरेंस पॉलिसी सिर्फ सुरक्षा ही नहीं देती, बल्कि टैक्स बचत  का फायदा भी देती है। लाइफ इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर आयकर कानून की धारा 80C और 80D के तहत छूट मिलती है।यह जानना भी जरूरी है कि आपकी पॉलिसी किस धारा के अंतर्गत छूट देती है।

सही पॉलिसी चुनना समझदारी का काम है। बिना सोचे-समझे ली गई पॉलिसी भविष्य में आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए इंश्योरेंस खरीदने से पहले ऊपर बताई गई चेकलिस्ट को ज़रूर फॉलो करें। तभी आपका पैसा सुरक्षित रहेगा और सही समय पर परिवार को पूरा लाभ मिलेगा। पालिसी की सॉफ्ट कॉपी के साथ ही हार्ड कॉपी भी सम्भाल कर रखें। 

अभिलाषा सक्सेना चक्रवर्ती पिछले 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में दक्षता रखने वाली अभिलाषा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स, भोपाल से की थी। डीएनए, नईदुनिया, फर्स्ट इंडिया,...