First Trimester Of Pregnancy: पहली प्रेगनेंसी हर महिला के लिए खास और नया अनुभव होता है, साथ ही कई सारे सवाल भी होते हैं जो पहली प्रेगनेंसी के दौरान एक महिला के दिमाग में आते हैं। जैसे कि; हमें इस दौरान अपना ख्याल कैसे रखना है, हमें क्या खाना है, कौन से महीने में उल्टियां बंद होगी, पहले 3 महीने किन बातों का ख्याल रखें। अगर आप भी अपनी पहली प्रेग्नेंसी प्लान कर रही हैं और आपके दिमाग में भी यह सभी सवाल है तो आइए आपके इन सवालों का जवाब जानते हैं;
शरीर के बदलाव को समझें
आपकी पहली प्रेग्नेंसी है, तो घबराएं नहीं पहले 3 महीने आपके लिए बिल्कुल नए अनुभवों से भरा रहने वाला है। प्रेगनेंसी के दौरान परेशानियां तो सभी महिलाओं को होती है, पर कुछ महिलाओं को ज्यादा होती है, इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं। लेकिन समय-समय पर आपको अपने डॉक्टर से सलाह लेते रहना चाहिए। प्रेगनेंसी के दौरान पहले 3 महीने आपको उल्टी, मितली, मॉर्निंग सिकनेस जैसी परेशानियां अधिक होती हैं। पहले 3 महीने इन परेशानियों का होना बहुत ही आम है, लेकिन अगर आपको ज्यादा दिक्कत महसूस हो तो अपने डॉक्टर से मिलें।
वजन उठाने से बचें
पहले 3 महीने आपको वजन उठाने से परहेज करना चाहिए। ज्यादा भारी कामों से बचना चाहिए, क्योंकि पहले तीन महीने शुरुआती महीने होते हैं, अगर आप ऐसे में ज्यादा वजन उठाती हैं तो मिसकैरेज होने का खतरा बढ़ जाता है। पहले 3 महीने खुद के शरीर को थकाने से भी बचें, क्योंकि इस दौरान आपके शरीर में कई नए बदलाव होते हैं। जिसके कारण आप थका हुआ महसूस करती हैं।
खाने का ध्यान रखें
अगर आपको पहले 3 महीने उल्टी या मितली की परेशानी रह रही है तो भारी भोजन तथा तेल मसाले युक्त भोजन के सेवन से बचें। अपने भोजन लेने का समय अंतराल छोटा रखें तथा एक बार में थोड़ा ही भोजन करें, जिससे उसके पाचन में आसानी हो। पहले 3 महीने उल्टी की वजह से आपके शरीर में पानी की कमी ना हो इसलिए पेय पदार्थ का अधिक सेवन करें तथा भरपूर मात्रा में पानी पियें । अपने भोजन में चीनी और नमक की मात्रा को संतुलित रखें। अधिक पैक्ट बंद चीजों का तथा चीनी युक्त पदार्थ का सेवन करने से बचें, ताकि प्रेगनेंसी के दौरान आपका ब्लड शुगर और बीपी संतुलित रहे।
आयरन और कैल्सियम लें
अपने शरीर में आयरन और कैल्शियम की कमी न होने दें। अगर संतुलित आहार से इसकी पूर्ति नहीं हो पाती तो अपने डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट का उपयोग करें। प्रेगनेंसी के दौरान हीमोग्लोबिन का कम जाना बहुत ही आम परेशानी है। इसलिए प्रेगनेंसी के दौरान आयरन युक्त आहार का सेवन जरूरी है।
हल्के व्यायाम करें
प्रेगनेंसी के दौरान शरीर में कई नए बदलाव होते हैं, जिसके कारण शरीर थका हुआ महसूस करता है तथा आप भी तनाव महसूस करते हैं। इस स्थिति में सुधार के लिए आप हल्का व्यायाम करें, ताकि आपका शारीरिक तथा मानसिक तनाव थोड़ा काम हो सके।
प्रेगनेंसी के दौरान हर महिला का एक अपना अनुभव होता है। परेशानियां बेशक समान हो पर उसका एहसास हर महिला का अपना अनुभव है। ऐसे में यह लेख आपके प्रेगनेंसी के दौरान होने वाली परेशानियों को कम करने में आपकी मददगार साबित होगी, बाकी आप पर निर्भर है कि आप अपने प्रेगनेंसी के अनुभवों को किस तरह यादगार बनाना चाहते हैं।
