Tips To Conceive: मां बनाना हर औरत के जीवन का सबसे सुखद अहसास होता है। इस एक खास अहसास के लिए हर महिला इंतजार करती है। ये एक बहुत बड़ा फैसला होता है। मां बनने का फैसला करने से पहले एक महिला का मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार होना बहुत ही जरूरी है। जिस तरह से प्रेग्नेंसी के दौरान एक महिला का हेल्दी रहना बहुत ही जरूरी है, उसी तरह से प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले भी आपको अपने लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव जरूर करने चाहिए।
यह भी देखें-हाथ-पैरों में अक्सर होती है झनझनाहट, जान लीजिए इसकी वजह
अपने लाइफस्टाइल में बदलाव करके आपके लिए कंसीव कर पाना काफी आसान हो सकता है और इससे कंसीव करने के चांसेस भी बढ़ जाते हैं। ऐसे में वजन को कम करने के लेकर डाइट को ठीक करने जैसे कई बदलाव शामिल हैं। बहुत सी महिलाएं बिना किसी तैयारी के प्रेग्नेंसी प्लान कर लेती हैं, जो उनकी और बच्चे की सेहत के लिए ठीक नहीं होता।
प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले लाइफस्टाइल में किस तरह के बदलाव करने चाहिए इसको लेकर डाइटीशियन मनोली मेहता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। आइए जानें एक्सपर्ट की राय।
वजन का रखें ध्यान

प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले सबसे पहले आपको अपने वजन को कंट्रोल करना चाहिए। अगर आपका वजन ज्यादा है, तो ये आपके लिए मुश्किल पैदा कर सकता है। प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले अपने वजन को जरूर कंट्रोल कर लें। इससे आपको गर्भावस्था में भी किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए आप हेल्दी डाइट, योग और एक्सरसाइज का सहारा लें।
प्रोसेस्ड फूड से बनाएं दूरी

जो महिलाएं जल्द ही कंसीव करना चाहती हैं, उन्हें बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड फूड से तौबा कर लेनी चाहिए। इसी के साथ डाइट में शुगर की मात्रा कम करें। इन दोनों चीजों के सेवन से वजन बढ़ता है। इनके सेवन से जेस्टेशनल डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है।
इसकी वजह से प्रेग्नेंसी में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। प्रेग्नेंसी का फैसला लेने से पहले अपनी डाइट में साबुत अनाज, फल और सब्जियों को शामिल करें।
बढ़ाएं फोलिक एसिड की मात्रा

जो महिलाएं कंसीव करना चाहती हैं, उन्हें अपनी डाइट में फोलिक एसिड की मात्रा बढ़ा देनी चाहिए। दरअसल इसे गर्भाशय की सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इसके साथ ही ये गर्भ में पल रहे भ्रूण के न्यूरल ट्यूब के सही विकास के लिए भी जरूरी माना गया है। ये आगे चलकर ब्रेन और स्पाइनल कॉर्ड बनता है।
कैफीन से बनाएं दूरी
कैफीन को हेल्थ के लिए अच्छा नहीं माना जाता। खासकर उन महिलाओं के लिए जो कंसीव करना चाहती हैं। ऐसे में आपको अपनी डेली लाइफ से चाय और कॉफी को कट आउट कर देना चाहिए।
प्रीनेटल विटामिन्स लेना करें शुरू

अगर आप जल्द ही कंसीव करना चाहती है, तो आपको प्रीनेटल विटामिन्स लेना शुरू कर देना चाहिए। इसके अंदर जरूरी न्यूट्रिएंट्स जैसे विटामिन डी, कैल्शियम और फोलिक एसिड मौजूद होता है। इसके सेवन से बर्थ डिफेक्ट का खतरा कम होता है।
प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले आपको भी इन बातों का ख्याल रखना चाहिए। इसके साथ ही अपने हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
