माइग्रेन सिरदर्द से कहीं ज्यादा: Migraine Problem
Migraine Problem

Migraine Problem : रिचा* (बदला हुआ नाम) एक 42 वर्षीय महिला हैं और 15 साल की आयु से ही उन्हें सिरदर्द हो रहा है। शुरू के दिनों में सामान्य सिरदर्द की तरह ही था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से इसकी तीव्रता और संख्या दोनों ही बढ़ते गए। उन्हें तेज एवं कम्पन के साथ सिरदर्द होना, रोशनी और आवाज से परेशानी होना और कभी-कभी उल्टी आना और जी मिचलाने की घटनाएं भी होती हैं। अक्सर उन्हें दर्द के कारण काम या पारिवारिक गतिविधियों को छोड़ना पड़ता है। उन्हें लगता है कि सिरदर्द ने उनके जीवन पर कब्जा कर लिया है।

Also read : टीनएज में माइग्रेन होने पर दिखते हैं ये लक्षण: Migraine in Teenage

क्या आपको यह अपनी कहानी लगती है? जो रिचा के साथ हो रहा है, वह माइग्रेन कहलाने वाले सिरदर्द हैं, जिन्हें दुनिया में विकलांगता के सबसे बड़े कारणों में से एक माना जाता है, जो पुरुषों से चार गुना अधिक महिलाओं को प्रभावित करता है। वर्षों तक लोग माइग्रेन सहते रहते हैं लेकिन वे इसे एक सामान्य सिरदर्द मान, किसी भी विशेषज्ञ की सलाह नहीं लेते, सोचते हैं कि यह ‘बस सिरदर्द है, जब तक कि यह उनके जीवन को अपने पूरे प्रभाव में ले लेता है- जैसे कि रिचा की स्थिति में। माइग्रेन 4 चरणों में आपके सिर को प्रभावित करता है। हर चरण के अपने प्रभाव और अपनी समस्याएं होती हैं।

पहला चरण जिसे प्रोड्रोम कहा जाता है। इस चरण में सिरदर्द शुरू होने से पहले, आपको लक्षण पता चल जाते हैं कि आपको सिरदर्द होने वाला है। सामान्य प्रोड्रोम संकेतों में क्रोध, थकान और उबासी आना शामिल हैं। यह माइग्रेन शुरू होने से पहले एक घंटे से लेकर बारह घंटे तक हो सकता है।

दूसरा चरण जिसे औरा यानी आभा भी कहा जाता है। इस चरण में मरीज को इंद्रधनुष की तरह के रंग या फ्लैशिंग रौशनी दिखाई देती है। ऐसा लगभग एक घंटे तक हो सकता है। कुछ लोग अपने हाथों में सुन्नता या बोलने में समस्या महसूस कर सकते हैं। आमतौर पर केवल 30 प्रतिशत मरीज ही इस चरण को महसूस कर पाते हैं और अधिकतर मरीज इस चरण को छोड़ सीधे तीसरे चरण यानी असल सिरदर्द को महसूस करने लगते हैं।

तीसरा चरण जो सिरदर्द के रूप में जाना जाता है। यह सबसे अधिक पीड़ा-दायक चरण होता है, जहां वास्तविक सिरदर्द होता है। यह सिरदर्द सर के एक तरफ हो सकता है या सिर के दोनों तरफ हो सकता है। इस दौरान ऐसा महसूस कर सकता है कि कोई आपके सिर पर हथोड़ा मार रहा है। इस दर्द के साथ प्रकाश या ध्वनि की संवेदनशीलता जुड़ी होती है और अक्सर दोनों साथ होती हैं। यह चरण 4 घंटे से लेकर 72 घंटे तक चल सकता है।

चौथा और आखिरी चरण जिसे पोस्टड्रोम कहा जाता है। यह दर्द के बाद का स्टेज होता है, जिसे कई मरीज एक हंगओवर की तरह महसूस करते हैं। ऐसा 1 दिन तक रह सकता है जिसके बाद ही आप सामान्य महसूस करना शुरू करते हैं। यदि किसी को भी माइग्रेन के चारों चरण महसूस हों तो उसकी जिंदगी के एक
दिन से लेकर चार दिन तक प्रभावित हो सकता है।

माइग्रेन होने के सामान्य कारण

  • तनाव
  • नींद की कमी या अनियमित नींद का समय
  • सीधे सूरज के प्रकाश का संपर्क
  • भूख या भोजन की अनदेखी
  • हार्मोन- महिलाएं अपने पीरियड के करीब और पीरिमेनोपॉजियल स्थिति में माइग्रेन हो सकती हैं।
  • खानपान की चीजें, जैसे कि ब्लू चीज, अजिनोमोटो या एमएसजी, चॉकलेट और शराब। यह व्यक्ति के अनुसार भिन्न हो सकता है।

माइग्रेन से बचने के लिए जीवनशैली में बदलाव लाएं

  • नियमित, संतुलित भोजन करें। फल, सब्जियां, अनाज, कम चर्बी वाला प्रोटीन और स्वस्थ तेल माइग्रेन-निवारण आहार का हिस्सा हैं।
  • नींद लेने और उठने के समय को निर्धारित करें और उसका नियम से पालन करें। इससे आपको सही आराम, मजबूत इम्यून प्रणाली मिलेगी और डिप्रेशन से बचने में सहायता।
  • नियमित व्यायाम माइग्रेन और सिरदर्द के लक्षणों को कम करता है।
  • सही पोस्चर यानी आसन भी महत्वपूर्ण है। खराब आसन (उदाहरण के लिए- पूरे दिन कंप्यूटर के ऊपर झुककर बैठना) आपके सिर, गर्दन और कंधे की मांसपेशियों में तनाव बढ़ाता है, जिससे माइग्रेन या सिरदर्द हो सकता है।
  • तनाव/स्ट्रेस को कंट्रोल करना सीखें और इसे रोकने का तरीका भी। गहरी श्वास और ध्यान साधना दो प्रभावी तरीके हैं अपने स्ट्रेस को कम करने के लिए।
  • माइग्रेन को रोकने में आपको जीवनशैली में बदलाव करने की बहुत आवश्यकता होती है।
  • इसके इलाज के लिए विभिन्न प्रकार की दवाएं भी उपलब्ध हैं। यदि आपकी माइग्रेन हफ्ते में 2-3 बार से अधिक है, तो सिरदर्द विशेषज्ञ या न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श करना न भूलें।

डॉ. सोनिया अमेरिका से प्रशिक्षित एवं अनुभव प्राप्त भारत की एक जानी मानी न्यूरो विशेषज्ञा हैं, जिन्हें सिरदर्द के इलाज में महारथ हासिल है। उन्हें कई सम्मानों से भी नवाजा गया है, जिसमें ”न्यूरोलॉजिस्ट ऑफ द ईयर और ”यंग अचीवर्स ऑफ द ईयर सम्मलित हैं।