कुछ ही सालों में वड़ा पाव, समोसा, पिज़्ज़ा, बर्गर, रोल, रैप, फ्रैन्कीस, फ्रेंच फ्राई जैसे जंक फूड्स ने हर शहर के हर नुक्कड़, कैंटीन, रेस्तरां, मॉल आदि में अपनी एक अहम जगह बना ली है। जंक फूड के प्रति बच्चों से लेकर बूढ़ों तक सभी की दिनों-दिन बढ़ती चाहत ने इस बाज़ार का आकर और भी बढ़ा दिया है।
ऑर्गनिक फूड खाएं और स्वस्थ रहें
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में हाल ही में हुए एक शोध से यह पता चला है कि नींद की खराब गुणवत्ता का मुख्य कारण जंक फूड का लालच है। इसके सेवन से मधुमेह व दूसरी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होने की आशंका बढ़ जाती है।
वहीं अगर आपको रात में जंक फूड खाने की आदत है तो सावधान हो जाइए। इससे न सिर्फ सेहत को नुकसान पहुंचता है बल्कि इसके अधिक सेवन से आपको अनिंद्रा की शिकायत भी हो सकती है। जंक फूड खाने से आप मोटापे को भी दावत देते हैं।
इन जानकारियों के साथ आइए आज हम आपको कुछ और ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं जिसे जानकर आप जंक फूड से तौबा कर लेंगे-
थकान- जंक फूड आपकी भूख को तो मिटा देते हैं लेकिन इसमें ज़रूरी प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेड बिल्कुल नहीं होता है। जंक फूड खाने से आपके शरीर की ऊर्जा खत्म होने लगती हैं जिसके फलस्वरूप आप जल्दी ही थकान महसूस करने लगते हैं।
अवसाद- किशोर वर्ग में जंक फूड खाने का चलन बहुत ज़्यादा होता है, इससे उनके शरीर के हार्मोन का संतुलन बिगड़ने लगता है और स्वभाव में जल्दी चिड़चिड़ापन आने लगता है, वहीं हेल्दी खाना खाने से शरीर को ज़रूरी तत्व मिलते हैं जिससे हार्मोन संतुलन ठीक रहता है।
एसिडिटी- जंक फूड हैवी होता है और एक ही तेल में बार-बार डीप फ्राई किया जाता है, जिससे यह पचने में अधिक समय लेता है। ऐसा होने पर व्यक्ति को गैस की परेशानी से भी दो-चार होना पड़ता है। जंक फूड में फाइबर की मात्रा शून्य के बराबर होती है इसे हज़म करने में भी मुश्किल होती है।
हृदय संबंधी बीमारी- जंक फूड खाने से दिल की बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है क्योंकि जंक फूड में कोलेस्ट्रोल और ट्राइग्लिसेराइड प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इससे मोटापा बढ़ने की आंशका और भी ज़्यादा बढ़ जाती है।
लीवर – इसमें जो ट्रांस फैट होता है वह लीवर में जम जाता है जिसके फलस्वरूप लीवर के सामान्य कार्य में बाधा उत्पन्न होती है।
कैंसर- हाल के अनुसंधान से पता चला है कि उच्च मात्रा में शुगर और फैट युक्त खाना खाने से कैंसर होने की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है।
