Drinks for Constipation: अक्सर हम सभी ने किसी ना किसी तरह की पाचन संबंधी परेशानी का सामना जरूर किया है। इन्हीं पाचन संबंधी परेशानियों में से एक है कब्ज की शिकायत। जब व्यक्ति को मल त्याग करने में परेशानी होती है तो इसे कब्ज कहा जाता है। लंबे समय तक सही तरह से मल त्याग ना करने पर व्यक्ति को ना केवल बैचेनी होती है, बल्कि कई तरह की अन्य समस्याएं भी शुरू हो जाती हैं।
ऐसे में अमूमन लोग दवाओं का सेवन करते हैं। लेकिन दवा के साथ-साथ आपको अपने खाने-पीने का भी ख्याल रखना चाहिए। दरअसल, आपका खान-पान सीधे तौर पर आपके पाचन तंत्र को प्रभावित करता है। इसलिए, अगर किसी को कब्ज की शिकायत है तो उसे फाइबर रिच फूड्स खाने की सलाह दी जाती है, जिससे उसे कुछ आराम हो सके। हालांकि, फाइबर रिच फूड्स के अलावा आप कुछ ड्रिंक्स का सेवन भी कर सकते हैं। जी हां, ऐसी कई ड्रिंक्स है जो कब्ज से राहत दिलाने में कारगर मानी गई हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसी ही कुछ बेहतरीन ड्रिंक्स के बारे में बता रहे हैं-
Also read: कब्ज की समस्या से हैं परेशान, आजमाएं ये घरेलू नुस्खे: Constipation Remedy
अदरक की चाय

कब्ज की शिकायत होने पर अदरक की चाय का सेवन किया जा सकता है। वास्तव में, अदरक पाचन को उत्तेजित करता है और पाचन एंजाइमों के उत्पादन को बढ़ाता है, जिससे कब्ज से राहत मिलती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 इंच अदरक का टुकड़ा
- 1 कप पानी
- 1 चम्मच शहद (वैकल्पिक)
अदरक की चाय बनाने का तरीका-
- एक कप पानी उबालें।
- अदरक को कद्दूकस करके उबलते पानी में डालें।
- इसे 5-10 मिनट तक उबलने दें।
- चाय को छान लें और चाहें तो शहद मिला लें।
- खाने के बाद इसका गरमा-गरम सेवन करें।
एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक

कब्ज की शिकायत होने पर एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक का सेवन करना अच्छा रहता है। एप्पल साइडर विनेगर पेक्टिन से भरपूर होता है, जो एक घुलनशील फाइबर है जो पाचन में सुधार कर सकता है। यह एक माइल्ड लैक्सेटिव के रूप में भी काम करता है, जिससे कब्ज से राहत मिलती है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 बड़ा चम्मच एप्पल साइडर विनेगर
- 1 कप गर्म पानी
- 1 चम्मच शहद (वैकल्पिक)
एप्पल साइडर विनेगर ड्रिंक बनाने का तरीका-
- सबसे एक कप पानी को गर्म करें।
- अब इसमें एप्पल साइडर विनेगर डालकर मिक्स करें।
- अगर चाहें तो स्वाद के लिए शहद मिलाएं।
- इस मिश्रण को सुबह खाली पेट पिएं।
चिया सीड वॉटर

कब्ज से परेशान लोगों के लिए चिया सीड वॉटर का सेवन काफी अच्छा माना गया है। चिया सीड्स फाइबर से भरे होते हैं, जो मल को नरम करने और नियमित मल त्याग को बढ़ावा देने में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 बड़ा चम्मच चिया सीड्स
- 1 कप पानी
चिया सीड वॉटर बनाने का तरीका-
- चिया के बीजों को लगभग 10-15 मिनट तक पानी में भिगोएं, जब तक कि वे फूल न जाएं।
- अब इसे अच्छी तरह से हिलाएं और मिश्रण को पी लें।
- बेहतरीन नतीजों के लिए इसे सुबह पिएं। आपको जल्द ही आराम महसूस होगा।
सौंफ़ की चाय

सौंफ़ के बीजों में ऐंठन-रोधी गुण होते हैं, जिसका अर्थ है कि यह पाचन तंत्र में मांसपेशियों को आराम पहुंचाते हैं। इसकी वजह से मल त्याग को बढ़ावा मिलता है। वे गैस्ट्रिक एंजाइम के उत्पादन को भी उत्तेजित करते हैं।
आवश्यक सामग्री-
- 1 चम्मच सौंफ़ के बीज
- 1 कप उबलता पानी
सौंफ की चाय बनाने का तरीका-
- सौंफ़ के बीजों को थोड़ा सा मसल लें ताकि उनका तेल निकल जाए।
- अब इन बीजों को एक कप उबलते पानी में डालें।
- इसे 10 मिनट तक भीगने दें।
- चाय को छान लें और दिन में एक या दो बार गर्म-गर्म पिएं।
एलोवेरा जूस

कब्ज से परेशान व्यक्तियों के लिए एलोवेरा जूस बेहद ही प्रभावशाली माना गया है। दरअसल, एलोवेरा में एंथ्राक्विनोन नामक कंपाउंड होते हैं, जिनका रेचक प्रभाव बहुत मजबूत होता है। यह पाचन तंत्र को शांत करने और मल त्याग को बढ़ावा देने में भी मदद करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 2 बड़े चम्मच एलोवेरा जेल
- 1 कप पानी या संतरे का रस
एलोवेरा जूस बनाने का तरीका-
- ताज़ी एलोवेरा की पत्तियों से जेल निकालें।
- जेल को पानी या संतरे के रस के साथ मिलाएं।
- इस मिश्रण को सुबह खाली पेट पीएं।
- एलोवेरा जूस कब्ज से राहत दिलाने के साथ-साथ अन्य कई स्वास्थ्य लाभ भी पहुंचाता है।
आलूबुखारा का जूस

जिन लोगों को कब्ज की शिकायत रहती है, उन्हें डाइट में आलूबुखारा शामिल करने की सलाह दी जाती है। हालांकि, अगर आप चाहें तो आलूबुखारा के जूस का सेवन भी कर सकते हैं। आलूबुखारा में डाइटरी फाइबर की मात्रा अधिक होती है और इसमें सोर्बिटोल होता है, जो एक नेचुरल लैक्सेटिव है जो मल को नरम करने और मल त्याग को बढ़ावा देने में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री-
- 1 कप आलूबुखारा का रस
- 1/2 कप पानी (वैकल्पिक)
आलूबुखारा जूस बनाने का तरीका-
- सबसे पहले कुछ आलूबुखारा लेकर उन्हें अच्छी तरह धो लें।
- अब आप जूसर की मदद से आलूबुखारा का जूस निकाल लें।
- अगर आलूबुखारा का रस बहुत गाढ़ा है, तो इसे पानी से पतला करें।
- रोज़ाना एक कप आलूबुखारा का रस पिएं।
- वैसे तो आलूबुखारा का जूस कभी भी पिया जा सकता है, लेकिन इसे सुबह पीना काफी अच्छा माना जाता है।
