Teas for Stress: जब दिन भर की भागदौड़ और ज़िम्मेदारियों के बाद शरीर थका हुआ हो और मन अशांत, तो एक कप गर्म चाय किसी वरदान से कम नहीं लगती। लेकिन यहां बात उस आम चाय की नहीं है जो सिर्फ नींद भगाती है, बल्कि उन हर्बल और नैचुरल चायों की जो आपको भीतर से शांत करने में मदद करती हैं। इनमें न कैफीन होती है, न बेचैनी बढ़ाने वाला कोई तत्व — सिर्फ सुकून, स्वाद और राहत। आइए जानते हैं ऐसी 5 हर्बल चायों के बारे में जो दिन के अंत में एक हल्का, संतुलित एहसास दे सकती हैं।

कैमोमाइल टी

कैमोमाइल फूलों से बनी यह चाय लंबे समय से अपनी शांति देने वाली प्रकृति के लिए जानी जाती है। अगर दिन भर की चिंता आपके दिमाग में घूम रही हो और नींद दूर भाग रही हो, तो एक कप कैमोमाइल टी उसे आसानी से दूर कर सकती है। इसका हल्का फूलों जैसा स्वाद और सुकून देने वाला असर रात को गहरी नींद लाने में मदद करता है।

पुदीना की चाय

पुदीना केवल मुंह की ताजगी के लिए नहीं, बल्कि मानसिक थकान को दूर करने के लिए भी बेहद असरदार है। पुदीना की चाय में मौजूद मेन्थॉल सिरदर्द, तनाव और हल्की बेचैनी को कम करने में मदद करता है। दिनभर कंप्यूटर स्क्रीन पर आंखें गड़ाए रहने के बाद पुदीना की यह ठंडी-सी गर्म चाय मन को शांत करती है।

लैवेंडर टी

लैवेंडर की खूशबू जितनी प्यारी होती है, उसकी चाय उतनी ही असरदार होती है। लैवेंडर टी विशेष रूप से उन दिनों में काम आती है जब दिमाग ज्यादा सोचकर थक चुका हो। यह तनाव कम करने, दिल की धड़कन को सामान्य बनाए रखने और शरीर को आराम देने में मदद करती है। साथ ही, इसका खूशबूदार स्वाद हर घूंट को एक सुकून भरा अनुभव बना देता है।

तुलसी की चाय

भारतीय घरों में तुलसी को सिर्फ धार्मिक पौधा नहीं, बल्कि घरेलू वैद्य भी माना जाता है। तुलसी की चाय न सिर्फ इम्यूनिटी बढ़ाती है, बल्कि तनाव से लड़ने में भी मदद करती है। इसमें एडेप्टोजेन नामक तत्व होता है जो शरीर को मानसिक और शारीरिक तनाव से निपटने में सक्षम बनाता है। इसे पीते हुए एक अलग ही आत्मिक संतुलन महसूस होता है।

लेमन बाम टी

लेमन बाम, जो पुदीना परिवार का ही हिस्सा है, मूड को हल्का करने और बेचैनी को कम करने में बेहद कारगर है। इसका स्वाद नींबू जैसा होता है, जो ताजगी और राहत का एहसास दिलाता है। यह चाय उन लोगों के लिए बहुत अच्छी है जिन्हें अक्सर तनाव के कारण पेट में हल्की जलन या घबराहट होती है।

हर दिन के अंत में खुद को थोड़ा वक्त देना ज़रूरी है — और क्या ही अच्छा हो अगर वो समय एक प्याले सुकून के साथ बीते। ये चायें केवल पेय नहीं हैं, बल्कि एक तरह की खुद से मुलाकात हैं। अगली बार जब दिन थकाऊ लगे, तो खुद को आराम देने के लिए इन में से कोई एक चाय जरूर आज़माएं। कभी-कभी राहत किसी दवा में नहीं, एक हल्के से घूंट में छुपी होती है।

मेरा नाम वंदना है, पिछले छह वर्षों से हिंदी कंटेंट राइटिंग में सक्रिय हूं। डिजिटल मीडिया में महिला स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन, बच्चों की परवरिश और सामाजिक मुद्दों पर लेखन का अनुभव है। वर्तमान में गृहलक्ष्मी टीम का हिस्सा हूं और नियमित...