Soft Roti Tips
Soft Roti Tips

Soft Roti: हम सभी भारतीयों के खाने की थाली में रोटी को जरूर शामिल किया जाता है। आप चाहे कोई भी सब्जी बनाएं या फिर खाने में चावल लें, लेकिन फिर भी कुछ लोग उसके साथ एक रोटी जरूर लेते हैं। अमूमन रोटी बनाने के बाद उसे नरम बनाए रखने के लिए घी का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन रोटी पर हर बार घी लगाना भी सही नहीं माना जाता है। हो सकता है कि आप अपने कैलोरी काउंट को लेकर चिंतित हों या फिर एक हेल्दी ऑप्शन की तलाश में हों तो आप यकीनन रोटी पर घी को अवॉयड करना चाहेंगे।

लेकिन अगर रोटी पर घी को स्किप किया जाता है तो ऐसे में उसे लंबे समय तक नरम बनाए रखना थोड़ा मुश्किल लग सकता है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि बिना घी या मक्खन लगाए भी आप 8-12 घंटे बाद तक रोटी को नरम और ताज़ा रख सकते हो। इसके लिए बस आपको कुछ छोटे-छोटे आसान ट्रिक्स अपनाने की जरूरत होती है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही आसान टिप्स के बारे में बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप बिना घी के भी अपने लंच बॉक्स या डिनर के लिए नरम और टेस्टी रोटियां बना सकते हैं-

यह एक आसान तरीका है,  जो आपकी रोटियों को लंबे समय तक नरम बनाए रख सकता है। बस आपको आटा गूंथने के लिए ठंडे पानी की जगह गुनगुने पानी का इस्तेमाल करना है। गुनगुना पानी गेहूं के आटे के ग्लूटेन प्रोटीन को जल्दी एक्टिवेट करता है। ग्लूटेन वो इलास्टिक धागे होते हैं जो आटे को एक साथ जोड़ते हैं और उसे खिंचावदार बनाते हैं। जब ग्लूटेन अच्छे से बन जाता है, तो आटा नरम और लचीला होता है, जिससे रोटी घंटों बाद भी नरम रहती है। इसके लिए आप धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालकर कम से कम 10 मिनट तक अच्छे से गूंधे ताकि ग्लूटेन पूरी तरह बन जाए।

कोशिश करें कि आप हर 2 कप आटे में 1/8 चम्मच बेकिंग सोडा या 1 बड़ा चम्मच दही मिलाएं। इससे भी रोटियों को नरम रखने में मदद मिलेगी। दरअसल, बेकिंग सोडा थोड़ा क्षारीय होता है, जिससे आटा नरम हो जाता है। लेकिन इसे ज्यादा न डालें, वरना स्वाद खराब होगा। वहीं, दही आटे में नमी और प्राकृतिक एसिड जोड़ता है, जिससे आटा नरम और नम रहता है। दही से थोड़ी खटास भी आती है, और आपको यह पसंद है या नहीं, यह पूरी तरह से आपकी च्वॉइस पर निर्भर करता है।

Soft Roti
Aata

कुछ लोगों को सख्त आटा लगाने की आदत होती है। लेकिन नरम रोटियां बनाने के लिए आटा गूंधते वक्त पानी थोड़ा-थोड़ा डालें जब तक आटा नरम, लचीला और हल्का चिपचिपा न लगे। आटा कभी भी सख्त या सूखा नहीं होना चाहिए। ध्यान रखें कि आटे में नमी बहुत जरूरी है। अगर आटा ज्यादा सख्त या सूखा होगा, तो रोटी पकने के बाद कठोर हो जाएगी क्योंकि उसमें नमी नहीं होगी। अगर आपको आटा सूखा लग रहा है तो थोड़ा पानी छिड़ककर आटे को फिर से गूंध लें।

आटा गूंथने के बाद आटे को गीले कपड़े या प्लास्टिक रैप से ढककर कम से कम 30 मिनट कमरे के तापमान पर रखें। आराम करने से आटा पानी को अच्छे से सोख लेता है और ग्लूटेन के धागे रिलैक्स हो जाते हैं। इससे आटा बेलने में आसान होता है और रोटी नरम बनती है। 

यह एक छोटा सा टिप है, लेकिन आपके बेहद काम आ सकता है। हमेशा रोटी सेंकते समय सबसे पहले तवा अच्छी तरह गरम करें और फिर रोटी मध्यम आंच पर पकाएं। आंच ना तो बहुत तेज होनी चाहिए और, ना बहुत धीमी। रोटी को दोनों तरफ समान रूप से पकाएं। ध्यान दें कि तेज़ आंच पर रोटी जल्दी पक जाती है, अंदर की नमी उड़ जाती है और रोटी सख्त हो जाती है। मध्यम आंच पर धीरे पकने से नमी अंदर बनी रहती है और रोटी नरम और चबाने में अच्छी बनती है।

Roti
Suti Clothes

रोटी पकने के बाद उसे कवर करने के लिए बहुत इंतजार ना करें। जैसे ही रोटी पक जाए, उसे साफ सूती कपड़े में लपेट लें। गरम रोटी से भाप निकलती है, कपड़े में लपेटने से भाप रोटी के अंदर रहती है और उसे नरम बनाए रखती है। अगर रोटी को कुछ देर के लिए खुला छोड़ दिया जाता है, तो भाप बाहर निकल जाती है और रोटी जल्दी सख्त हो जाती है।

जब रोटियां थोड़ी ठंडी हो जाएं, तो उन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखें। चूंकि एयरटाइट कंटेनर में हवा नहीं पहुंचती, जिससे नमी बनी रहती है और रोटियां जल्दी हार्ड नहीं होतीं। अगर आप चाहें तो रोटियों के बीच में पार्चमेंट पेपर या कपड़ा भी रख सकते हैं, ताकि चिपकें नहीं।

अगर आप कई घंटों के बाद रोटी खा रहे हैं और उसे हमेशा की तरह नरम ही खाना चाहते हैं तो ऐसे में आप पहले तवे पर ऊपर गीला कपड़ा डालकर गरम करें, या फिर माइक्रोवेव में इसे गरम किया जा सकता है। इसके लिए आप गीले पेपर टॉवल में रोटी लपेटकर गरम करें। गीले कपड़े से भाप रोटी में वापस जाती है, जिससे रोटी फिर से नरम और ताजी जैसी लगती है। हालांकि, इसे ज़्यादा गरम न करें, वरना रोटी फिर से सूखी हो जाएगी।

मैं मिताली जैन, स्वतंत्र लेखिका हूं और मुझे 16 वर्षों से लेखन में सक्रिय हूं। मुझे डिजिटल मीडिया में 9 साल से अधिक का एक्सपीरियंस है। मैं हेल्थ,फिटनेस, ब्यूटी स्किन केयर, किचन, लाइफस्टाइल आदि विषयों पर लिखती हूं। मेरे लेख कई प्रतिष्ठित...