Crispy Paratha: बहुत से लोगों की आदत होती है कि वे नाश्ते में अक्सर पराठा खाना पसंद करते हैं। लेकिन पराठा खाने में तभी अच्छा लगता है, जब वह बेहद ही क्रिस्पी हो। आप चाहे सादा पराठा बनाएं या फिर भरवां पराठा, अगर वह क्रिस्पी नहीं होता है तो आपको वह स्वाद नहीं आता है। अमूमन यह देखने में आता है कि पराठों को क्रिस्पी बनाने के लिए घी या तेल का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन आज के समय में जब हर कोई हेल्थ कॉन्शियस होता जा रहा है तो ऐसे में लोग ज्यादा तेल व घी के सेवन से बचते हैं। हो सकता है कि आप भी बेहद कम घी या तेल के साथ पराठा बनाना चाहते हों, लेकिन साथ ही साथ उसे क्रिस्पी भी करना चाहते हों। तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसा करना बिल्कुल भी मुश्किल नहीं है।
इसके लिए आपको बस थोड़ी सी समझदारी दिखाने की जरूरत है। साथ ही, पराठे बनाते समय कुछ छोटे-छोटे बदलाव करके ना केवल आप उन्हें क्रिस्पी बल्कि बेहद ही टेस्टी भी बना सकते हैं। इसके लिए ना ही कोई झंझट और न कोई महंगी सामग्री, बस कुछ आसान तरीके आपके बेहद काम आएंगे। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप कम तेल या घी के साथ भी बेहद टेस्टी व क्रिस्पी पराठा तैयार कर सकते हैं-
गरम पानी का करें इस्तेमाल
क्रिस्पी पराठे बनाने के लिए आपको आटे को भी सही तरह से गूंथना आना चाहिए। कोशिश करें कि आप आटा गूंथते समय गुनगुना या थोड़ा गरम पानी यूज़ करो। ध्यान दें कि यह उबालता हुआ नहीं होना चाहिए। गरम पानी आटे के ग्लूटन को सॉफ्ट कर देता है, जिससे आटा अच्छा लचीला बनता है और पराठा पतला बेलने में आसानी होती है। इससे पराठा कम तेल में भी अच्छा कुरकुरा बनता है।
आटे में थोड़ा नमक और घी डालो
आटा गूंथते वक्त आधा छोटा चम्मच नमक और 1 छोटा चम्मच घी या तेल भी अवश्य डालना चाहिए। नमक स्वाद बढ़ाता है और थोड़ा-सा घी डालने से अंदर से पराठा हल्का फ्लेकी बनता है। इससे सेकते वक्त ज़्यादा तेल की ज़रूरत नहीं पड़ती। लेकिन फिर भी पराठा काफी क्रिस्पी रहता है।
आटे को करने दें रेस्ट
अक्सर लोग आटा लगाने के बाद तुरंत पराठा बनाने लग जाते हैं। लेकिन आप आटा गूंथने के बाद उसे ढककर कम से कम 20 मिनट रेस्ट करने दें। इससे आटा और भी सॉफ्ट होता है और बेलना आसान। पराठा पतला और क्रिस्पी बनता है और लेयर भी अच्छी तरह फूलती है।
सही तरह से बेलें पराठा
आप पराठे को किस तरह बेलते हैं, यह भी काफी मायने रखता है। कभी भी पराठे को बहुत मोटा मत बनाइए। इसे हमेशा मध्यम पतला और बराबर बेलो। पतले पराठे जल्दी पकते हैं और कम तेल में भी अच्छे क्रिस्पी बनते हैं। ध्यान दें कि अगर पराठा कहीं से मोटा रह गया तो आपको इसे पकाने में ज़्यादा तेल लगाना पड़ेगा।
लोहे का तवा या नॉन-स्टिक यूज़ करो
पराठा बनाते समय मोटा तवा इस्तेमाल करना चाहिए, जैसे आप लोहे का या अच्छा नॉन-स्टिक तवा इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह के तवे में गर्मी बराबर फैलती है और पराठा चिपकता नहीं। आपको बस 2-3 बूंद तेल का ही इस्तेमाल करने की जरूरत होगी। जब आप इसे ब्रश करेंगे तो इससे पराठे में एक बेहतरीन क्रिस्पीपन आ जाएगा।
