Sam Bahadur News: ‘सैम बहादुर’ में अपना कौशल दिखा रहे विकी
Sam Bahadur News

Sam Bahadur News: हिंदी सिनेमा में जब भी कभी देश भक्ति पर फिल्म बनने की बात आती है तो विकी कौशल का नाम जुबान पर आता है। खासकर, किसी शूरवीर की विजयगाथा हो तो विक्की से बढ़िया पसंद कोई और हो ही नहीं सकती। अपने अभिनय और आकर्षक डीलडौल के कारण भारतीय सेना की वर्दी उन पर खूब सजती है। शायद यही वजह है कि निर्देशक मेघना गुलजार ने अपने अगले प्रोजेक्ट ‘सैम बहादुर’ के लिए उन्हें चुना।

कौन थे ‘सैम बहादुर’

 फिल्म ‘सैम बहादुर’ फील्ड मार्शल सैम होर्मूसजी फ्रेमजी जमशेदजी मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है। उन्हें भारत के सबसे महान युद्ध नायकों में से एक माना जाता है। भारतीय सेना में उनकी शौर्यगाथा और बहादुरी के किस्से मशहूर हैं। सबसे रोचक बात ये है कि भारतीय सेना में सबसे ऊपर स्थान रखने वाला रेजीमेंट ‘गोरखा रेजिमेंट’ ने ही उन्हें ‘सैम बहादुर’ का नाम दिया था। मानेकशॉ, के बारे में क्या कहें, वे एक पारसी परिवार से ताल्लुक रखते थे और उन्होंने ब्रिटिश भारतीय सेना और भारतीय सेना दोनों में ही अपनी सेवा प्रदान की है। सैम इंग्लिश, हिंदी, पंजाबी और गुजराती बखूबी बोलते थे। उनके साहस के क्या कहने, 7 गोलियां सीने में लेने के बावजूद मौत को हराकर अपने जवानों को लड़ने का हौसला दिया। मानेकशॉ को सन 1971 के भारत-पकिस्तान के युद्ध का हीरो माना जाता है।

विकी कर रहे हैं जबरदस्त तैयारी

विकी के लिए यह फिल्म एक चुनौती से कम नहीं है। यूं तो विकी हिंदी, इंग्लिश और पंजाबी बोलना अच्छे से जानते हैं लेकिन उन्हें समस्या गुजराती बोलने और पारसी लहजा लाने में हुई है। जिसके लिए वे एक वॉयस और स्पीच ट्रेनर के साथ अभ्यास में लगे हैं, ताकि वे फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के किरदार के साथ न्याय कर सकें। विकी अपना ज्यादा से ज्यादा समय सैम के बेटियों और उनके पोतों के साथ बिताते हैं, ताकि वह, मानेकशॉ को करीब से जान सकें। फिल्म में विभाजन और कश्मीर समस्या को भी हाइलाइट किया गया है। यहां तक कि उनकी हाव-भंगिमाओं को आत्मसात करने के लिए विकी उनके विडियो भी देख रहे हैं। यहां तक कि बहुत जल्द वे सन 1971 के भारत-पकिस्तान का युद्ध लड़ चुके रिटायर्ड सैनिकों से मुलाकात भी करेंगे। फिल्म में उनकी तैयारी को देखकर लगता है कि विकी इस बार बार बाकी अभिनेताओं से बाजी मार लेंगे। बहरहाल, इससे पहले भी वे ‘उरी, दि सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘सरदार उधम’ में भी अपना परचम लहरा चुके हैं।

फिल्म में अन्य कलाकार

फिल्म ‘सैम बहादुर’ का निर्देशन और स्क्रीनप्ले, मेघना गुलजार कर रही हैं। इससे पहले भी वे राष्ट्रभक्ति पर आधारित फिल्म ‘राजी’ का निर्देशन और स्क्रीन प्ले दोनों कर चुकी हैं। यहीं से उनकी अभिनेता विकी कौशल के साथ अच्छी ट्युनिंग बन गई थी। फिल्म में विकी के अलावा सना मल्होत्रा, फातिमा सना शेख और मनोज वाजपेयी भी मुख्य भूमिका में हैं।

वर्तमान में गृहलक्ष्मी पत्रिका में कार्यकारी संपादक (एग्जीक्यूटिव एडिटर) पत्रकारिता में 19 वर्ष का अनुभव, वर्तमान समय में गृहलक्ष्मी पत्रिका में कार्यकारी संपादक (एग्जीक्यूटिव एडिटर), राष्ट्रीय सहारा, देशबंधु, पाखी, शुक्रवार, बिंदिया,...

Leave a comment