Maut ke Deewane by James Headley Chase hindi novel - Grehlakshmi
Maut ke Deewane by James Headley Chase

यदि मालिक को कुछ अरसे के लिए शहर से बाहर जाना पड़े तो कर्मचारी लोग चाहे कितने ही अच्छे क्यों न हों, कुछ न कुछ ढील करने ही लगते हैं। जब मैं फ्रीपोर्ट वापस पहुंचा, तो मैंने अनुभव किया कि कर्मचारी संलग्नता से काम नहीं कर रहे थे। मैंने सबको सतर्क किया और अपने प्रशासनिक कार्यों में जुट गया।

मौत के दीवाने नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1

सबसे पहले मैंने जैक फ्लेचर को न्यू प्रोविडेन्स के अपने सी-गार्डन होटल में ट्रांसफर किया….क्योंकि वहां के मैनेजर की टांग टूट गई थी और वह काम करने के योग्य नहीं था। उसके सहायक फिलिप्स को इतना अनुभव नहीं था कि इतने बड़े फाइव स्टार होटल का प्रशासन चला सके। जैक फ्लेचर ने चूंकि सी-गार्डन होटल में कभी काम नहीं किया था, अतः स्टाफ से परिचय करवाने के लिए मैं स्वयं उसके साथ चला आया था।

स्टाफ से परिचय कराने के पश्चात मैं जैक फ्लेचर को उसके ऑफिस में ले आया था, जो बिल्कुल रिसेप्शन काउन्टर के पीछे था। उसके साथ ही लॉबी थी। लॉबी में जगह-जगह पर आइने लगे हुए थे। मैनेजर के कमरे के भीतर एक शीशा ऐसे कोण पर लगा हुआ था कि अन्दर बैठे आदमी को लॉबी में खड़े हर व्यक्ति की खबर लगती रहती थी कि वह क्या कर रहा है, किन्तु बाहर वाले को यह मालूम नहीं होता था कि अन्दर उसे कोई देख रहा है।

जब मैं मैनेजर के कमरे में बैठा हुआ जैक फ्लेचर को इस होटल के बारे में बता रहा था, तो अनायास मेरी दृष्टि उस शीशे की ओर चली गई जिससे बाहर खड़े लोग दिखाई पड़ते थे। उस समय लॉबी में काफी लोग थे….कुछ रिसेप्शन पर अपने रिजर्वेशन के बारे में पूछ रहे थे….कुछ टेलीफोन कर रहे थे, कुछ चैक कैश करवा रहे थे…वहां पर होटल में आने-जाने वालों की भीड़ लगी हुई थी। अचानक मेरी दृष्टि उस कतार पर चली गई जहां नये आए मेहमान अपने कमरों का नम्बर पूछ रहे थे। कतार में खड़े तीसरे आदमी की सूरत कुछ जानी पहचानी सी लगी। उसका कद लम्बा और बाल मलगजे थे। मूंछें छंटी हुई थीं और चेहरे पर हल्की-हल्की दाढ़ी थी….मैं ऑफिस की खिड़की के पास चला आया और ध्यान से उसकी ओर देखने लगा‒वह वही कर रहा था। जो आम मुसाफिर अपनी बारी आने तक करते हैं….कभी टाई का गिरह ठीक करने लगता, कभी बालों में कंघी फेरने लगता और कभी आस-पास खड़ी स्त्रियों को देखने लगता। थोड़ी देर बाद जब उसने मैनेजर रूम की ओर देखा, तो मुझे स्मरण हुआ कि मैंने उसे कब देखा था….पिछली बार मैंने उसे उस समय देखा था, जब मैं टेक्सास में चार्ल्स कारपोरेशन के दफ्तर में बैठा था और मुझे सिगरेट की तलब हुई थी और मैं नीचे सिगरेट लेने आया था….सिगरेट के दो पैकेट खरीदने के पश्चात एक आदमी मुझसे टकरा गया था, जब मैं ऊपर वापस जाने के लिए लिफ्ट की प्रतीक्षा कर रहा था, तभी मेरे पैरों ने तथा जुबान ने साथ छोड़ दिया था और तत्पश्चात जब लिफ्ट मैन मुझे सहारा देकर लिफ्ट के अन्दर लाया था, तो मैं धड़ाम से लिफ्ट के फर्श पर गिर गया था। मेरे गिरते ही एक आदमी ने कहा था, मैं डॉक्टर हूं, मुझे देखने दो, तब उस डॉक्टर ने कहा था कि इसे दिल का दौरा पड़ गया है, इसे तुरन्त अस्पताल पहुंचाना होगा। तत्पश्चात वह मुझे कुछ आदमियों की सहायता से अपनी कार में ले आया था। जब कार चार्ल्स कारपोरेशन से कुछ दूरी पर पहुंची थी तो उस डॉक्टर ने मेरा हाथ पकड़कर इन्जेक्शन लगाया था। उसके बाद जब मेरी आंख खुली थी, तो मैं रॉबिन्सन का बन्दी था। इस समय होटल में आने वाले मेहमानों की कतार में खड़ा हुआ तीसरा व्यक्ति वही आदमी था‒जिसने मुझे बेहोश करके मेरा अपहरण किया था।

मैंने अपनी जगह से घूमते हुए कहा‒‘जैक, तुम उस दाढ़ी वाले को देखा। जब तक मैं उसका पता न लगा लूं, तुम उसको रोके रखना।’

‘कैसे रोके रखूं टॉम?’ जैक ने आश्चर्य से पूछा।

‘तुम उसकी एडवान्स पेमेन्ट का बिल डबल कर दो। वह हल्ला करेगा। तुम कम्प्यूटर की गलती का बहाना बनाकर उससे माफी मांग लेना और दूसरा बिल तैयार करने में देर कर देना। वह अपने आप अटका रहेगा।’

यह सुनते ही जैक फ्लेचर कमरे से बाहर चला गया। उसके आ जाते ही मैंने फिलिप्स से कहा‒तुम भी जैक के साथ चले जाओ….मुझे इस आदमी का नाम, कमरा नम्बर, घर का पता, कहां से आया है, यहां से कहां जायेगा और जो कुछ उसके बारे में जान सको मुझे मालूम कर दो, लेकिन बहुत फुर्ती और चतुराई से काम लेना।’

तभी वाकर मेरे निकट पहुंचा‒आप इतनी हड़बड़ाहट में क्यों हैं?’

‘होटल में आने वाले मेहमानों की कतार में जो तीसरा आदमी खड़ा है, वह रॉबिन्सन का साथी है।’ मैंने वाकर को समझाते हुए कहा‒‘जब उसने मेरा अपहरण किया था, तो उस समय उसने दाढ़ी नहीं बढ़ा रखी थी, किन्तु मैं उसकी शक्ल को अच्छी तरह पहचानता हूं। तुम ऐसा करो कि इसके साथ लगे रहो‒और जब यह यहां से जाये तो तुम भी इसके पीछे-पीछे चले जाना। तुम्हारी जेब में पैसे तो हैं ना?’

‘हां-हां, मेरे पास पांच-छः सौ डॉलर तो होंगे ही।’

‘पांच-छः सौ डॉलर से क्या बनेगा?’ कहकर मैंने एक स्लिप पर हस्ताक्षर किये और कैशियर से छः हजार डॉलर लेकर वाकर के हाथ में थमा दिये।

‘मैं इतनी रकम का क्या करूंगा?’ वाकर ने आपत्ति करते हुए कहा।

‘वह यदि यूरोप के लिए रवाना होने लगा, तो उस समय तुम किससे पैसे मांगोगे?’

‘यदि मुझे उसके पीछे-पीछे ही लगे रहना है, तो इस समय मुझे उसी कतार में खड़ा होना चाहिए जहां वह खड़ा है।’

‘ठीक कहते हो तुम….तुम वहीं पहुंचो।’

वाकर ने बाहर जाने से पहले मुझसे कहा‒‘यदि वह ट्रेवलर्स चेक्स भुगतान करे तो आप ट्रेवलर्स चेक का ब्यौरा नोट करवा लेना।’

‘तुम यह मुझ पर छोड़ दो।’

मैं कमरे की खिड़की के पास खड़ा होकर बाहर का तमाशा देखने लगा। जब उस समय आदमी की बारी आई और ज्यों ही काउंटर क्लर्क ने उसे एडवांस पेमेन्ट का बिल दिया तो उसने बिल देखते ही क्लर्क की ओर फेंक दिया। तभी मैंने देखा कि काउंटर क्लर्क ने जैक फ्लेचर को अपने पास आने का इशारा किया था। जैक फ्लेचर उसका बिल देखते ही उसके सामने हाथ बांधकर खड़ा हो गया था। मेरी तसल्ली हो गई थी कि अब उसे देर हो जायेगी और इस दौरान उसका अता-पता मालूम हो जायेगा। तभी जैक फ्लेचर ने किसी क्लर्क को अपने पास बुलाया था और वह बिल उसको दे दिया था। वह खुद उस आदमी के पास खड़ा रहा और उसे बातों में लगाए रहा। कोई पांच मिनट पश्चात जब उस आदमी का बिल आया और वह भुगतान करके कतार से परे हटा, तो उसके कोई दो मिनट बाद जैक फ्लैचर अपने ऑफिस में पहुंच गया उसके पीछे-पीछे फिलिप्स भी पहुंच गया।

‘उसका नाम करास्को है…डॉक्टर लुई कैरास्को।

‘तो इसका मतलब है कि वह वाकई डॉक्टर है।’ मैंने टिप्पणी करते हुए पूछा‒‘उसकी राष्ट्रीयता क्या है?’

‘वेनिजुएलिन।’

‘वह यहां से कहां जाएगा?’

‘यह मुझे ज्ञात नहीं।’ फ्लेचर ने उत्तर देते हुए कहा‒‘मैंने उससे केवल चार-पांच मिनट बात की थी…उसने मुझे बताया था कि मुझे विमान पकड़ना है…और आप जरा जल्दी कर दीजिए।’

‘मुझे मालूम है वह कहां जा रहा है।’ फिलिप्स ने कहा‒‘उसने हमारे इन्टर होटल टेलीफोन सर्विस से टेलीफोन किया था….वह यहां से फ्रीपोर्ट जा रहा है और वहां जाकर रायल पाम होटल में ठहरेगा। उसने वहां एक सप्ताह के लिए रिवर्जेशन करवाई है।’

जैक फ्लेचर ने कहा‒‘इसका मतलब है कि वह बाहामा एवरेज से जायेगा।’ फ्लेचर ने अपनी घड़ी देखते हुए कहा‒‘फ्रीपोर्ट के लिए बाहामा एवरेज की अगली फ्लाइट एक घंटे में जायेगी।’

‘उसने फ्रीपोर्ट हवाई अड्डे की एक टैक्सी सर्विस से कहा है कि वह अपनी एक टैक्सी को उसका इन्तजार करने के लिए तैयार रखें।’ फिलिप्स ने कहा।

‘उसने हमारी टैक्सी सर्विस से कहा है या किसी और को?’ मैंने फिलिप्स से पूछा।

‘हमारी टैक्सी सर्विस से कहा है।’

मैंने वाकर की ओर देखते हुए कहा‒‘क्या तुम उस टैक्सी को बग कर सकते हो?’

‘नहीं, मैं नहीं कर सकता। यह काम राड्रिग्ज कर सकता है।’ वाकर ने उत्तर देते हुए कहा‒‘पर इसमें मुश्किल क्या है? राइड्रिज चार घंटे के अन्दर फ्रीपोर्ट पहुंच जायेगा।’

मैंने पेरीगार्ड को फ्रीपोर्ट फोन किया और कैरास्को के बारे में पूरी बात बता दी।

‘तो ठीक है मिस्टर मेगन। उसे यहां पहुंचने दो….फिर हम उसे अपने आप सम्भाल लेंगे।’

‘मैं आपसे कुछ और भी निवेदन करना चाहता हूं।’ मैंने पेरीगार्ड से कहा।

‘फरमाइये।’

‘एक तो यह कि मैंने स्टीव वाकर को उसके पीछे लगा दिया है। वह उसके साथ पहुंचेगा। दूसरा यह कि आज दोपहर या दोपहर पश्चात तक राड्रिग्ज नामी व्यक्ति चार्ल्स कारपोरेशन के जेट विमान से फ्रीपोर्ट हवाई अड्डे पहुंचेगा। आप यह देखना कि कस्टम वाले उसके सामान की तलाशी न लें।’

‘वह कोई शस्त्र ला रहा है, क्या?’ पेरीगार्ड ने मुझसे पूछा।

‘बिल्कुल नहीं।’ मैंने उत्तर देते हुए कहा‒‘वह एक इलेक्ट्रॉनिक विशेषज्ञ है। उसके बारे में मैं वहां पहुंचकर आपको बताऊंगा।’

‘तो ठीक है, राड्रिग्ज की कोई तलाशी नहीं ली जायेगी।’ कहकर पेरीगार्ड ने फोन बन्द कर दिया।

कोई एक घंटा पश्चात जब कैरास्को होटल से चला गया तो मैंने होटल मैनेजर जैक चार्ल्स से पूछा‒‘कैरास्को का क्रेडिट कार्ड नम्बर निकालो।’

‘उसने क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल ही नहीं किया। उसने अपने सब बिलों का नगद भुगतान किया है….और वह भी अमरीकी डॉलर में।’

‘उसका होटल बिल कितना था?’

‘ग्यारह हजार डॉलर से थोड़ा-सा ऊपर था। उसका रेस्तरां और बार का बिल तो बहुत अधिक था।’

मैंने अपनी पीठ कुर्सी की पुश्तगाह से टिकाते हुए कहा‒‘जैक, तुम्हें होटल व्यवसाय में इतने वर्ष हो गए हैं‒तुम बता सकते हो कि कब किसी ने इतना भारी बिल नगद चुकाया है?’

‘बहुत कम टॉम…..और वह भी तब जब कोई जुए में भारी रकम जीतकर आता है, तो तरंग में आकर नगद भुगतान करता है‒और वह भी बाहिमियन डॉलज में‒इसने तो अपना पूरा भुगतान अमरीकी डॉलरों में किया है।’

‘अब तुम ऐसा करो जैक कि उसके समूचे बिलों की फीटो-स्टेट निकलवाकर मुझे दे दो।’

‘अभी करवाये देता हूं।’ जैक बोला और कमरे से बाहर निकल गया।

Leave a comment