फ्रीपोर्ट वापस पहुंचते ही मैं सीधा पेरीगार्ड से भेंट करने चला गया। उस समय उसके ऑफिस में ड्रग स्क्वाड का इन्स्पेक्टर हेपबर्न भी मौजूद था। पेरीगार्ड सीधा मतलब की बात पर आते हुए बोला‒‘आप मुझे कैरास्को के बारे में बताइये।’
मौत के दीवाने नॉवेल भाग एक से बढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें- भाग-1
मैंने उसके प्रश्न का उत्तर देने की बजाय हेपबर्न की ओर देखते हुए कहा‒‘आप अब भी यही सोचते हैं कि इन घटनाओं का सम्बन्ध कोकीन की तस्करी से है?’
‘बिल्कुल।’ पेरीगार्ड ने बिना किसी हिचकिचाहट के उत्तर देते हुए कहा।
‘मैं आपसे सहमत नहीं हूं क्योंकि जब मैंने कैलिस और रॉबिन्सन से कोकीन तस्करी के विषय को उठाया था तो वह हैरान रह गए थे।’
‘हैरानी का अभिनय न करते तो और क्या करते?’ हेपबर्न ने कहा‒‘आपका विचार था कि वे अपना अपराध स्वीकार कर लें।’
‘जहां तक मैं समझता हूं उनकी हैरानी बिल्कुल सच्ची थी….उसमें कोई अभिनय नहीं था।’
पेरीगार्ड ने मुझे सम्बोधित करते हुए कहा‒‘मिस्टर मेगन! आप कोई अपराध विज्ञानी तो हैं नहीं। आप क्या जानें कि जब एक अपराधी के सामने उसका सच रखा जाता है, तो वह कैसे-कैसे नाटक करता है।
मुझे अनुभव होने लगा कि इन दोनों के साथ बहस करना व्यर्थ है।
मैंने पेरीगार्ड से कहा‒‘आप कैरास्को के बारे में क्या जानना चाहते हैं?’
‘सब कुछ।’ पेरीगार्ड ने संक्षिप्त-सा उत्तर देते हुए कहा।
‘कैरास्को ने टेक्सास में चार्ल्स बिल्डिंग के नीचे मेरा अपहरण किया था, तथा….।’
पेरीगार्ड हस्तक्षेप करते हुए बोला‒‘आपको विश्वास है कि वह आदमी है?’
‘शत-प्रतिशत तो नहीं, किन्तु पिचानवें प्रतिशत यह वही आदमी है।’ मैंने उत्तर देते हुए कहा‒‘मिस्टर पेरीगार्ड, जो व्यक्ति एक फाइव स्टार होटल में ठहरे और अपने बिलों का भुगतान नगद करे, मैं उस पर बहुत कम विश्वास करता हूं।’ कहकर मैंने कैरास्को के बिलों की फोटो स्टेट कापियां पेरीगार्ड के सामने रख दी।
‘फाइव स्टार होटलों में ठहरने वाले तो अपना भुगतान बहुधा क्रेडिट कार्डों द्वारा करते हैं। पेरीगार्ड ने बिलों का अध्ययन करते हुए कहा‒‘खैर! आप मुझे यह बताइये कि आपके साथ आये अमरीकन बॉडीगार्डों पर किस हद तक भरोसा किया जा सकता है?’
‘आप कहना क्या चाहते हैं?
‘मेरे कहने का आशय है कि उन पर यह भरोसा किया जा सकता है कि वह अपनी गतिविधियां केवल कैरास्को की निगरानी तक सीमित रखेंगे….अर्थात उसके विरुद्ध कोई क्रियात्मक कार्यवाही नहीं करेंगे? बात यह है मिस्टर मेगन कि हमारी पुलिस फोर्स अपेक्षाकृत कुछ कम है। मैं यह चाहता हूं कि वे कैरास्को पर पूरी नजर रखें किन्तु उस पर किसी प्रकार का बल प्रयोग न करें। इसके लिए मैं अनुमति नहीं दूंगा।’
‘वे वैसा ही करेंगे जैसा आप कहेंगे।’ मैंने पेरीगार्ड को आश्वासन देते हुए कहा।
‘तो ठीक है। मैंने मिस्टर वाकर से बात की थी और उससे कहा था कि वह कैरास्को की हर नकली-हरकत पर दृष्टि रखे और आपके होटल में हमारे आदमी को रिपोर्ट देता रहे। अब आप मुझे यह बताइये मिस्टर मेगन कि राड्रिग्ज यहां क्यों आ रहा है तथा वह अपने साथ क्या ला रहा है?’
मैंने पेरीगार्ड को राड्रिग्ज के विषय में बता दिया कि यह एक इलेक्ट्रॉनिक विशेषज्ञ है और अपने साथ निगरानी के कुछ इलेक्ट्रिॉनिक यन्त्र ला रहा है।’
‘यह तो बहुत बढ़िया बात है।’ पेरीगार्ड ने मुस्कराते हुए कहा।
‘मुझे एक बात अभी तक समझ नहीं आई।’ हेपबर्न ने मुझसे कहा‒‘यदि कैरास्को ने होस्टल में आपका अपहरण किया था, तो वह यहां आपके होटल में ठहरकर बहुत बड़ा जोखिम उठा रहा है। आप दोनों किसी समय भी एक-दूसरे के सामने आ सकते हैं। आपके अनुसार तो सी-मार्डन होटल में आप दोनों का आमना-सामना हो चुका है और उसके बावजूद वह आपके होटल में आकर ठहरा है।’ फिर हेपबर्न ने पेरीगार्ड को सम्बोधित करते हुए कहा‒‘मुझे तो ऐसा प्रतीत होता है कि इन्होंने उसे गलत पहचाना है। मिस्टर मेगन, खुद अपने मुंह से कह चुके हैं कि जब यह लिफ्ट के फर्श पर गिरे थे, तो इन्होंने बहुत थोड़ी देर के लिए उसे देखा था।’
‘आप बताइये?’ पेरीगार्ड ने मुझसे कहा।
‘पहले तो मुझे भी यह सन्देह हुआ था कि कहीं मेरी नजर धोखा न खा रही हो, पर मुझे पिचानवें प्रतिशत यकीन है कि कैरास्को वही आदमी है।’
‘आपके गलत और ठीक होने में उन्नीस-बीस का अन्तर हो सकता है।’ पेरीगार्ड ने मुझसे कहा‒‘खैर, जो भी है‒हम कैरास्को पर पूरी निगरानी रखेंगे।’
पुलिस स्टेशन से होटल लौटते हुए मैं हेपबर्न के तर्कों पर विचार करने लगा और इसी नतीजे पर पहुंचा कि हो सकता है कि मुझे कैरास्को को पहचानने में गलती हो गई हो‒पर मेरा दिल गवाही देता था कि कैरास्को वही आदमी है।
इन्हीं विचारों में डूबा मैं होटल पहुंच गया। वहां लॉबी पार करके अपने ऑफिस में जाने की बजाय, मैं पिछले रास्ते पर हो गया और स्टाफ वाली सीढ़ियों से ऊपर चला आया। मैं अपने कमरे में पहुंचा ही था कि वाकर मुझे रिपोर्ट देने लगा‒‘कैरास्को अपने कमरे में है, उसने अपना सामान खोल लिया है, राड्रिग्ज दो घंटे में पहुंचने वाला है, मैं उसको लेने के लिए अपने आदमी भेज रहा हूं। पेरीगार्ड ने अपना एक आदमी होटल में तैनात कर दिया है….और एक आदमी उसने अपनी पत्नी की रखवाली के लिए घर पर लगा दिया है पर मिस्टर मेगन वह आदमी तो सशस्त्र है।’
‘हां वाकर, वह अपने पास शस्त्र रख सकता है, क्योंकि वह बाहीमियन पुलिस से है…..तुम विदेशी हो, यहां विदेशियों को अपने पास शस्त्र रखने की अनुमति नहीं है। तुम कैरास्को की ओर उंगली भी नहीं उठाओगे। तुम उस पर सिर्फ नजर रखो और उसकी हर नकलो-हरकत की पेरीगार्ड के आदमी को रिपोर्ट करते रहो।’
‘क्या हम कैरास्को के टेलीफोन को टेप करके उसकी बातें सुन सकते हैं?’
‘यह है तो अवैध परन्तु कोई बात नहीं। मैं स्विचबोर्ड आपरेटर से बात करता हूं। बात यह है वाकर कि कैरास्को हो सकता है स्पेनिश भाषा में बात करे….ऐसी हालत में उसकी बात जानने का हमारे पास क्या साधन है?’
‘एक तो मैं ही हूं….और जब राड्रिग्ज पहुंच जायेगा, तो हम दो हो जायेंगे, हम दोनों स्पेनिश खूब अच्छे ढंग से बोल व समझ लेते हैं।’
‘चलो यह समस्या तो हल हुई। अब तुम ऐसा करो कि यदि कोई भी समस्या तुम्हारे सामने आए तो तुम फौरन मुझे बता देना।’
अगले तीन दिन तक कोई घटना नहीं घटी। कैरास्को से कोई भी भेंट करने नहीं आया था। उसने अपना टेलीफोन भी दो-तीन बार इस्तेमाल किया था‒और वह भी रूम सर्विस के लिए अथवा रेस्तरां में अपने सीट रिजर्व करवाने के लिए। राड्रिग्ज ने उसका कमरा और उसकी कार दोनों बग कर दिये थे। उसके टेलीफोन के साथ जोड़ लगाकर उसके साथ टेप रिकार्डर लगा दिया था, ताकि उसका हर वार्तालाप सुना जा सके, पर हमें कुछ भी प्राप्त नहीं हुआ।
एक दिन शाम के समय मैं और डेबी आपस में बातें कर रहे थे। डेबी का चेहरा कुछ उतरा-उतरा-सा था। मुझे चिन्ता-सी होने लगी।
मैंने कहा‒‘डेबी, आज तुम्हारा चेहरा उतरा-उतरा सा है। तुम्हारी तबियत तो ठीक है ना।’

‘मेरी तबियत तो बिल्कुल ठीक है टॉम, पर मैं इस हर वक्त की कैद से बोर हो गई हूं….इधर देखो तो बॉडीगार्ड, उधर देखो तो बॉडीगार्ड। हम पति-पत्नी हैं….हम आपस में बातें कर रहे हैं और इस समय भी कमरे के बाहर बॉडीगार्ड बैठा है। हम किसी समय भी खुलकर बात नहीं कर सकते। आखिर ऐसा कब तक चलेगा टॉम?’
डेबी के इस प्रश्न का मेरे पास कोई उत्तर नहीं था।
मैंने उसका ध्यान बंटाने का प्रयास करते हुए कहा‒‘इस कैरास्को से रॉबिन्सन का सुराग मिलने की बहुत आशा है….रॉबिन्सन के पकड़े जाने की देर है कि हमारी सब मुश्किलें खत्म हो जायेंगी।’
‘और यदि रॉबिन्सन न पकड़ा गया तो।’
उसके इस प्रश्न का भी मेरे पास कोई उत्तर नहीं था। मैंने डेबी को बाहुपाश में लेते हुए कहा‒‘क्यों नहीं पकड़ा जाएगा….जरूर पकड़ा जाएगा।’

