खुद से है प्यार तो कभी न करें खाना न खाने की गलती, यह पड़ सकती है महंगी: Disadvantages of being hungry
वजन कम करने के लिए लंबे समय तक भूखा रहने से आपको कोई फायदा नहीं होगा बल्कि इससे कई नुकसान हो सकते हैं। अगर आप खुद से प्यार करते है, तो यह गलती कभी न करें, क्योंकि यह महंगी पड़ सकती है।
Disadvantages of being hungry: फिट रहने और वजन कम करने के लिए जिस चीज का सबसे अधिक चलन है, वो है डाइटिंग। डाइटिंग यानी भूखे रहना। वजन कम करने के लिए डाइटिंग को एक शार्टकट माना जाता है। वेट लॉस का सही तरीका यह है कि हम जितना खाते हैं, उससे ज्यादा कैलोरीज को बर्न करें। लेकिन, कुछ लोग इसके लिए खुद को भूखा रखने लगते हैं, जिससे वजन तो कम होता है। लेकिन, इससे वजन कम होने के बाद एकदम तेजी से बढ़ भी सकता है। यही नहीं, खुद को आप किसी भी कारण भूखा रखते हैं, तो इससे आपकी परेशानियां कम नहीं होगी बल्कि कई गुना बढ़ेंगी। इसलिए, अगर आपको खुद से प्यार है, तो कभी भी खाना न खाने की गलती न करें। इसके कारण आपको यह नुकसान हो सकते हैं।
पोषक तत्वों की कमी
जब हम भूखे रहते हैं, तो इससे हम जल्दी थक सकते हैं। इसके कारण चाहे आप जितना मर्जी आराम कर लें, लेकिन आप खुद में एनर्जी की कमी पाएंगे। यही नहीं इससे न केवल आप शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी बीमार महसूस करेंगे और आपमें इतनी भी एनर्जी नहीं होगी, जिससे आप अपने रोजाना काम भी कर सके। यही नहीं, पौष्टिक तत्वों की कमी होना हमारे लिए कई बीमारियों का कारण बन सकता है। इसलिए अगर आप वजन कम कर रहें हों, तो खाना खाना न भूलें। आप अपनी सही डाइट के बारे में डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह ले सकते हैं।

कम मेटाबॉलिज्म
अगर हम भूखा रहते हैं या कम खाना खाते हैं, तो शरीर में जो फैट जमा होता है, उसका इस्तेमाल एनर्जी के रूप में होना शुरू हो जाता है। यही नहीं, इससे सेल्स और मांसपेशियों में जमी ऊर्जा का भी इस्तेमाल होने लगता है। इससे मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और वजन कम होने में भी समस्या आती है।
यह भी पढ़ें। क्या भूखे रहने से घट सकता है आपका वजन?: Weight Loss
अन्य समस्याएं
भूखा रहना कई समस्याओं को दावत दे सकता है। जैसे इम्युनिटी का कमजोर होना, थकावट, चक्कर आना, कब्ज, लो ब्लड प्रेशर आदि। यही नहीं, इसके कारण श्वसन और हार्ट भी प्रभावित हो सकता है। डाइटिंग करने का उद्देश्य आपका वजन कम करना और स्मार्ट दिखना होता है, लेकिन भूखे रहने से न केवल ग्लो कम हो जाता है, बल्कि चेहरा भी मुरझा जाता है। यही नहीं, इससे डिहाइड्रेशन की समस्या भी तेजी से बढ़ती है।

मानसिक प्रभाव
नियमित रूप से भोजन खाने से न केवल हम शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहते हैं। भूखा रहने पर पौष्टिक तत्वों की कमी होने से तनाव, चिंता और डिप्रेशन आदि का जोखिम भी बढ़ सकता है। हमारे लिए रोजाना सही आहार का सेवन करने के साथ ही सही समय पर भोजन करना भी जरूरी है।

शोधकर्ताओं का भी यही मानना है कि वजन कम करने के लिए सही खान-पान का होना बेहद जरूरी है। इसलिए कभी भी नाश्ता और रात के खाने को नजरअंदाज न करें। नाश्ता सुबह आठ बजे तक हो जाना चाहिए और ध्यान रखें कि आपके नाश्ते में पर्याप्त पौष्टिक तत्व हों। यही नहीं, रात को आठ बजे से पहले डिनर कर लेना चाहिए। आपके लिए इस दौरान सही डाइट क्या होनी चाहिए, इसके बारे में आपको डाइटीशियन की सलाह लेनी चाहिए। अगर आपको बार-बार भूख लगती है, तो आपको भूख लगने पर ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जिनसे आपको लम्बे समय आपका पेट भरा रहे।
